1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई में ‘स्पेशल 26’ जैसा केस, इनकम टैक्स-क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर मांगी 1 करोड़ रुपये की रंगदारी, 10 आरोपी गिरफ्तार

मुंबई में ‘स्पेशल 26’ जैसा केस, इनकम टैक्स-क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर मांगी 1 करोड़ रुपये की रंगदारी, 10 आरोपी गिरफ्तार

 Reported By: Rajesh Kumar,  Written By: Subhash Kumar
 Published : Sep 11, 2026 12:52 pm IST,  Updated : Sep 11, 2026 01:15 pm IST

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में पुलिस ने फर्जी आयकर-क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर 1 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इसके साथ ही आयकर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी को भी गिरफ्तार किया गया है।

Mumbai fake Income Tax officers arrested- India TV Hindi
फर्जी इनकम टैक्स और क्राइम ब्रांच अधिकारी गिरफ्तार। Image Source : REPORTER

मुंबई की अंधेरी पुलिस ने फिल्म ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर फर्जी आयकर और क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर एक कारोबारी के घर पहुंचने, वहां से कारोबारी और उसकी पत्नी को जबरन गाड़ी में बैठाकर उनके बिजनेस परिसर में ले जाने, कर्मचारियों को बंधक बनाने और 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आयकर विभाग का एक आयकर निरीक्षक और एक कर सहायक भी शामिल हैं। पुलिस की जांच में आयकर विभाग के एक और अधिकारी की भूमिका भी रडार पर आने की जानकारी है।

बदला लेने के लिए वारदात

ये पूरा मामला अंधेरी पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता राजकुमार कन्डासमी (49) के यहां पहले ड्राइवर के तौर पर काम करने वाले संतोष उदय खोपटकर (37) का उनसे विवाद हुआ था। विवाद के बाद राजकुमार ने संतोष को छह महीने का वेतन दिए बिना नौकरी से निकाल दिया था। पुलिस के मुताबिक, इसी बात से नाराज संतोष ने राजकुमार के बारे में अपने पास मौजूद पुरानी जानकारी का इस्तेमाल किया और अपने परिचित छह पुरुषों और तीन महिलाओं के साथ मिलकर कथित तौर पर फर्जी रेड की पूरी साजिश रची।

बिजनेसमैन और पत्नी को जबरन ऑफिस ले गए

आरोप है कि फर्जी आयकर और क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर आरोपी सबसे पहले बिजनेसमैन राजकुमार कन्डासमी के घर पहुंचे। वहां उन्होंने खुद को आयकर विभाग के अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ आयकर विभाग की रेड है। इसके बाद आरोपियों ने कारोबारी और उनकी पत्नी को कथित तौर पर जबरन गाड़ी में बैठाया और उन्हें उनके बिजनेस परिसर में लेकर गए। जब आरोपी बिजनेस परिसर में पहुंचे, उस समय वहां कारोबारी के लिए काम करने वाले 11 कर्मचारी मौजूद थे। आरोपियों ने वहां भी खुद को आयकर विभाग और क्राइम ब्रांच का अधिकारी-कर्मचारी बताया और फर्जी सरकारी पहचान पत्र दिखाकर कार्रवाई का माहौल बनाया।

ऑफिस में पहुंचते ही लैंडलाइन के तार काटे

बिजनेस परिसर में पहुंचने के बाद आरोप है कि आरोपियों ने वहां लगे लैंडलाइन फोन के तार काट दिए, ताकि ऑफिस से बाहर किसी तरह का संपर्क न हो सके। इसके बाद कारोबारी, उनकी पत्नी और वहां मौजूद 11 कर्मचारियों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए गए। आरोपियों ने कर्मचारियों को एक कमरे में बंद कर दिया और उन्हें बाहर जाने से रोक दिया। इसके बाद कारोबारी और उनकी पत्नी को आयकर विभाग की कार्रवाई का डर दिखाकर गाली-गलौज की गई और कार्रवाई से बचने के लिए 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।

महिला आरोपियों के हाव-भाव से हुआ शक

हालांकि, पूरी साजिश के दौरान कारोबारी को कुछ ऐसा महसूस हुआ जिससे उसे आरोपियों पर शक होने लगा। पुलिस के मुताबिक, तीन महिला आरोपियों के बोलचाल और हाव-भाव आयकर विभाग के अधिकारियों जैसे नहीं लग रहे थे। उनके व्यवहार और बातचीत के तरीके को देखकर कारोबारी को शक हुआ कि यह असली आयकर कार्रवाई नहीं है। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची और अंधेरी पुलिस ने जांच शुरू की।

50 हजार रुपये में ‘अधिकारी’ बनने का ऑफर

पुलिस की जांच में कथित तौर पर यह भी सामने आया है कि गिरोह में शामिल दो आयकर अधिकारियों और दो अन्य आरोपियों ने बाकी लोगों को फर्जी रेड में एक्टिंग करने के लिए प्रति व्यक्ति 50 हजार रुपये देने का वादा किया था। यानी पूरी वारदात के लिए बाकायदा लोगों को अलग-अलग भूमिकाएं दी गई थीं। किसी को अधिकारी बनना था तो किसी को कर्मचारी की भूमिका निभानी थी, ताकि कारोबारी को पूरा ऑपरेशन असली आयकर छापे जैसा लगे।

mumbai fake Income Tax officers arrested
Image Source : REPORTERपुलिस ने फर्जी अधिकारियों पर की कार्रवाई।

‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर बनाई गई पूरी प्लानिंग

पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, आरोपियों ने फिल्म ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर पूरी वारदात की प्लानिंग की थी। पहले कारोबारी के घर पहुंचना, खुद को आयकर अधिकारी बताकर उसे और उसकी पत्नी को गाड़ी में बैठाना, फिर बिजनेस परिसर में ले जाना और वहां पहुंचकर कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त करना, लैंडलाइन के तार काटना और कर्मचारियों को एक कमरे में बंद करना इसी कथित प्लानिंग का हिस्सा था।

यह गैंग पहले भी कर चुका है फर्जी रेड

पुलिस के मुताबिक, यह इस गैंग की पहली कथित फर्जी रेड नहीं है। इससे पहले ठाणे के मानपाड़ा इलाके में भी इसी तरह की एक फर्जी रेड को अंजाम दिया गया था। उस मामले में करीब 25 लाख रुपये की वसूली किए जाने की बात सामने आई थी और बाद में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में इस गैंग द्वारा इसी तरीके से कई और फर्जी रेड किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस पुराने मामलों को भी खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गैंग ने कितने लोगों को अपना निशाना बनाया और कितनी रकम वसूली।

आयकर विभाग के एक और अधिकारी पर नजर

इस पूरे मामले में आयकर विभाग के एक और अधिकारी की भूमिका भी पुलिस की जांच के दायरे में आने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इस अधिकारी की कथित भूमिका और अन्य आरोपियों के साथ उसके संपर्क की जांच कर रही है। आपको बता दें कि इससे पहले भोपाल में भी फर्जी IPS और इनकम टैक्स अधिकारी बनकर ठगी करने का मामला सामने आया था।

आयकर विभाग के दो कर्मचारी गिरफ्तार

मुंबई में हुई इस वारदात को लेकर पूछताछ के दौरान पुलिस को कथित तौर पर जानकारी मिली कि इस साजिश में आयकर विभाग के दो कर्मचारी भी शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सामने आ गई है-:

  • संतोष उदय खोपटकर, उम्र 37 वर्ष
  • विनय रमेश मोरे, उम्र 37 वर्ष
  • प्रेम किसन सबनानी, उम्र 50 वर्ष
  • प्रज्ञा हरीश माईन, उम्र 27 वर्ष
  • रेश्मा शामराव वारंग, उम्र 41 वर्ष
  • सबीना हाफीज शेख, उम्र 48 वर्ष
  • सुरेश महावीरप्रसाद मिश्रा, उम्र 57 वर्ष - आयकर निरीक्षक
  • सुनिल मनोहर गोरे, उम्र 59 वर्ष - कर सहायक
  • जितु उर्फ जितेंद्र नामदेव मोरे, उम्र 52 वर्ष
  • अशोक विठोबा शिंदे, उम्र 57 वर्ष

इन धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 61(2), 204, 205, 333, 140(2), 127(1), 351(2) और 308(4) के तहत केस दर्ज किया गया है। अब अंधेरी पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गैंग ने अब तक कितनी फर्जी रेड की हैं, किन-किन कारोबारियों को निशाना बनाया, कितनी रकम वसूली और इस पूरे नेटवर्क में आयकर विभाग के कितने लोगों की भूमिका रही है।

ये भी पढ़ें- पढ़ाई के बहाने बच्चियों को पास बुलाता, गोद में बैठाकर करता था अश्लील हरकतें; 57 साल का टीचर गिरफ्तार

मुंबई में कचरे की समस्या पर हाई कोर्ट की सख्त, BMC को लगाई फटकार; दी आखिरी चेतावनी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।