1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. BMC Election 2026: BMC चुनाव के लिए शिवसेना-MNS का गठबंधन, उद्धव बोले- हम साथ आए हैं, हमेशा साथ रहने के लिए

BMC Election 2026: BMC चुनाव के लिए शिवसेना-MNS का गठबंधन, उद्धव बोले- हम साथ आए हैं, हमेशा साथ रहने के लिए

 Updated : Dec 24, 2025 09:52 pm IST

महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनाव बस कुछ ही हफ्ते दूर है। इस बीच आज की बड़ी घटना पर सबकी नजरें हैं। शिवसेना UBT प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने आज औपचारिक रूप से अपने गठबंधन का ऐलान किया है।

उद्धव और राज ठाकरे।- India TV Hindi
उद्धव और राज ठाकरे। Image Source : X- @SHIVSENAUBT_

अगले महीने होने वाले महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दल इस चुनाव के लिए अपनी-अपनी तैयारियों में लगे हुए हैं और वोटर्स को लुभाने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। इस बीच एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम भी सामने आया है। करीब दो दशक बाद चचेरे भाई उद्धव ठाकरे (शिवसेना UBT) और राज ठाकरे (MNS) बीएमसी चुनाव के लिए एकजुट हुए हैं। आज दोनों भाइयों ने अपने गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया। दोनों नेताओं ने मुंबई के वर्ली स्थित होटल ब्लू सी में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन की घोषणा की।

बता दें कि नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है, जो कि 30 दिसंबर तक जारी रहेगी। मुंबई समेत 29 महानगर पालिकाओं के लिए 15 जनवरी को वोटिंग होगी और काउंटिंग अगले दिन 16 जनवरी को होगी।

BMC Election 2026

Auto Refresh
Refresh
  • 9:50 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    बीजेपी-शिवसेना सीट शेयरिंग में राज-उद्धव का फैक्टर

    मुंबई बीएमसी चुनाव के लिए बीजेपी और एकनाथ शिंदे शिवसेना के बीच चर्चा जारी। अभी तक 227 में से 200 सीटों पर सहमति बनी है। अगले एक दो दिन में बाकी बची 27 सीटो पर बातचीत पूरी कर महायुति के नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अलायंस और सीट शेयरिंग की जानकारी दे सकते हैं। टिकट कटने से नाराज नेता दल बदल कर सकते हैं इस कारण महायुति और राज-उद्धव ठाकरे की सीट शेयरिंग और उम्मीदवारी को लेकर पत्ते नहीं खोल रहे। (रिपोर्ट: सचिन चौधरी)

  • 8:46 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    जानें कहां कांग्रेस को नहीं मिल रहे उम्मीदवार

    कांग्रेस को मुंबई के जिन वॉर्ड्स में उम्मीदवार नहीं मिल रहे उनमें भांडुप, घाटकोपर पूर्व, घाटकोपर पश्चिम, भांडुप, मानखुर्द-शिवाजी नगर, विक्रोली, चारकोप, अंधेरी पूर्व, जोगेश्वरी, चेंबूर, वडाला और मलाबार हिल के कुछ वॉर्ड्स शामिल हैं। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, यह सभी वे वॉर्ड हैं जहां पर सत्ताधारी बीजेपी-शिंदे सेना और ठाकरे सेना मजबूत स्थिति में हैं और यहां पर लड़ना मतलब हार तय है। इन वॉर्ड्स में न तो पार्टी का संगठन मजबूत है और न ही कोई बड़ा जनाधार है। (रिपोर्ट: दिनेश मौर्य)

  • 7:50 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    BMC चुनावों में कांग्रेस को नहीं मिल रहे उम्मीदवार!

    मुंबई जैसे शहर में उम्मीदवार नहीं मिलने से कांग्रेस के संगठन की पोल खुल गई है। बीएमसी में कुल 227 सीटें हैं, अब तक सिर्फ 197 सीटों पर ही उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई कांग्रेस की तरफ से कोशिश की जा रही है कि किसी तरह से बचे हुए 30 सीटों पर भी उम्मीदवार को ढूंढ़ा जाए। (रिपोर्ट: दिनेश मौर्य)

  • 7:48 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    'कुछ नेता हिंदुओं को डरा रहे हैं , गुमराह कर रहे हैं'

    मुंबई में भविष्य में हिंदू आबादी घटने और मुस्लिम आबादी में इजाफा होने संबंधी TISS की रिपोर्ट पर रजा एकेडमी मुंबई के उपाध्यक्ष मौलाना खलील उर रहमान नूरी ने कहा, 'यह सब झूठ है। अभी BMC और अन्य महानगरपालिका के चुनाव हैं इसलिए कुछ नेता हिंदुओं को डरा रहे हैं , गुमराह कर रहे हैं। यह देश को बांटने की कोशिश है। अगर बांग्लादेशी और रोहिंग्या की घुसपैठ हो रही है और उन लोगों की वजह से मुसलमानों की आबादी बढ़ रही तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह क्या कर रहे हैं।' (रिपोर्ट: सचिन चौधरी)

  • 6:37 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    NCP (SP) के पुणे अध्यक्ष प्रशांत जगताप ने दिया इस्तीफा

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के पुणे शहर के अध्यक्ष प्रशांत जगताप ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। पुणे नगर निगम में शरद पवार की राष्ट्र्वादी कांग्रेस और अजित पवार की राष्ट्र्वादी कांग्रेस साथ मिलकर चुनाव लड़ने वाले है। इस गठबंधन से नाराज  होकर प्रशांत जगताप ने पार्टी से इस्तीफा दिया है। बता दें कि प्रशांत जगताप बीते 26 वर्षों से शरद पवार से जुड़े थे। (रिपोर्ट: समीर भिसे)

  • 5:36 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    शिवसेना के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में सुपरस्टार का भी नाम

    शिवसेना ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में कुल 40 नेता हैं। खास बात यह है कि बॉलीवुड सुपरस्टार गोविंदा का नाम भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में है।

    BMC Election, Shiv Sena
    Image Source : REPORTER INPUTशिवसेना के स्टार प्रचारकों की लिस्ट।

  • 4:47 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    राज-उद्धव के गठबंधन पर कांग्रेस ने क्या कहा?

    राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के गठबंधन पर महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा, 'दोनों साथ आ सकते हैं, लोकतंत्र में सबको अधिकार है, पर इसके पहले नगरपालिका चुनाव में भी हम कुछ जगह एमवीए से अलग लड़े थे कुछ जगह साथ में। यह कार्यकर्ता का चुनाव है, वे साथ में आ रहे ठीक है, पर बीजेपी का यह प्रचार गलत है कि इससे कांग्रेस को नुकसान होगा।' (रिपोर्ट: सचिन चौधरी) 

  • 3:48 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    उद्धव-राज के गठबंधन पर आया फडणवीस का रिएक्शन

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने नगर निगम चुनावों से पहले शिवसेना (UBT) और MNS के गठबंधन पर ANI से कहा, 'प्रचार तो ऐसे किया जा रहा है कि मानों रूस और यूक्रेन ही साथ आ गए हों। दो पार्टियां जो अपना अस्तित्व खोज रही हैं, जिन्होंने अपना अस्तित्व गंवा दिया है, जिन्होंने बार-बार अपनी भूमिकाएं बदलकर लोगों के बीच अपने बारे में अविश्वास पैदा किया है, जिन्होंने तुष्टिकरण की नीति को अपनाकर अपना वोटवैंक खो दिया है, ऐसी दो पार्टियां साथ में आई हैं तो उससे क्या फर्क पड़ने वाला है? ये दो पार्टियां केवल अपना अस्तित्व बचाने के लिए साथ में आई हैं और अस्तित्व बचाने के लिए साथ में आने से चुनाव नहीं जीता जाता।'

  • 2:58 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने क्या कहा?

    शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के गठबंधन की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “आप देख सकते हैं कि माहौल बहुत अच्छा है। माहौल में जोश और उत्साह है क्योंकि लोग यही उम्मीद कर रहे थे कि ऐसा होगा। आज वह इच्छा पूरी हुई है। दोनों नेता एक साथ मंच साझा करेंगे और यह लड़ाई मिलकर लड़ेंगे। ठाकरे बंधुओं के एक साथ आने का बहुत बड़ा असर होगा। मैं इसे एक ऐतिहासिक दिन कहती हूं जो मुंबई और महाराष्ट्र में शासन की दिशा बदल देगा। हम लोगों के मुद्दों को सबसे आगे रखेंगे। हमें उम्मीद है कि जिन लोगों ने हम पर भरोसा दिखाया है और हमें BMC चलाने की जिम्मेदारी सौंपी है, वे हमारा समर्थन करते रहेंगे।”

  • 2:16 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    सोलापुर में शिवसेना-MNS गठबंधन से जश्न का माहौल

    शिवसेना (यूबीटी)-MNS गठबंधन की आधिकारिक घोषणा के बाद, सोलापुर में दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता श्री सोन्या मारुति गणपति मंदिर में एक साथ आए और भव्य महाआरती की। पार्टी समर्थकों ने ठाकरे भाइयों के मिलन पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए पटाखे जलाए, जिससे आसमान जगमगा उठा।

  • 12:43 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    राज-उद्धव के गठबंधन पर क्या बोले मंत्री संजय शिरसाट?

    महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसाट ने 2026 के नगर निगम चुनावों के लिए शिवसेना-UBT और MNS के गठबंधन पर कहा, "अगर ये लोग चल जाते तो हाल ही में हुए नगर पंचायत चुनाव में उन्हें इतनी मार क्यों पड़ती? आज का यह गठबंधन उनकी मजबूरी है क्योंकि कांग्रेस भी शिवसेना यूबीटी के साथ नहीं है, शरद पवार उनके साथ नहीं हैं तो उन्हें कोई न कोई तो चाहिए। जिस तरह डूबते को तिनके का सहारा होता है, उसी प्रकार वे (उद्धव ठाकरे) राज ठाकरे का सहारा लेना चाहते हैं। हालांकि मुझे नहीं लगता कि इसका उन्हें ज्यादा फायदा मिलेगा।"

  • 12:40 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    मुंबई का मेयर मराठी ही बनेगा- राज ठाकरे

    MNS प्रमुख राज ठाकरे ने नगर निगम चुनावों से पहले शिवसेना (UBT) और MNS के गठबंधन की घोषणा की। राज ठाकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि सीटों का बंटवाया मायने नहीं रखता, कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा, ये अभी नहीं बताएंगे। लेकिन मुंबई का मेयर मराठी ही बनेगा।

  • 12:39 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    मुंबई को तोड़ने की साजिश करने वालों को खत्म कर देंगे- उद्धव

    दिल्ली में बैठे लोग मुंबई को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, मुंबई को तोड़ने की साजिश करने वालों को खत्म कर देंगे- उद्धव ठाकरे

  • 12:35 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    आज हम दोनों भाई साथ-साथ हैं- उद्धव

    उद्धव ठाकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, ठाकरे परिवार ने महाराष्ट्र के संघर्ष किया है। आज हम दोनों भाई साथ-साथ हैं। हम साथ आए हैं, हमेशा साथ रहने के लिए। महाराष्ट्र इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहा था।

  • 12:32 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे हैं उद्धव ठाकरे

    शिवसेना यूबीटी नेता उद्धव ठाकरे सबसे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे हैं। MNS के साथ गठबंधन की घोषणा जल्द ही की जाएगी।

  • 12:27 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    उद्धव-राज ने बालासाहेब ठाकरे को अर्पित की श्रद्धांजलि

    उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने बालासाहेब ठाकरे को श्रद्धांजलि अर्पित की। कुछ ही देर में दोनों नेता गठबंधन का ऐलान करेंगे। 15 जनवरी 2026 को बीएमसी चुनाव होना है, ठाकरे ब्रदर्स इस चुनाव में मिलकर उम्मीदवार उतारेंगे।

  • 12:01 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    शिवाजी पार्क पहुंचे राज-उद्धव

    महाराष्ट्र की पॉलिटिक्स के लिए बड़ा और ऐतिहासिक दिन है। आज ठाकरे ब्रदर्स BMC चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान करेंगे। राज और उद्धव ठाकरे की ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले दोनों देना बालासाहेब ठाकरे के स्मृति स्थल पर जाएंगे और उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। पहले गठबंधन का ऐलान कल होना था लेकिन लास्ट मूवमेंट में उसे रोक दिया गया था।

  • 11:53 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल पर इन फोटो फ्रेम ने खींचा ध्यान

    उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे आज वर्ली के ब्ल्यू सी होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेस में गठबंधन की घोषणा करेंगे। यहां छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रतिमा के साथ ही डॉक्टर बाबा साहेब आंबेडकर, प्रबोधनकार ठाकरे (राज और उद्धव ठाकरे के दादाजी), बालासाहेब ठाकरे, मीनाताई ठाकरे (बालासाहेब की पत्नी), श्रीकांत ठाकरे (राज ठाकरे के दिवंगत पिता) की फोटो फ्रेम रखी हैं।

    वर्ली के ब्ल्यू सी होटल में प्रेस कॉन्फ्रेस करेंगे राज-उद्धव।
    Image Source : REPORTER INPUTवर्ली के ब्ल्यू सी होटल में प्रेस कॉन्फ्रेस करेंगे राज-उद्धव।

  • 11:35 AM (IST)
    Posted by Chandan Kumar

    उत्तर भारतीय लोगों को कोई परेशान नहीं करता: संजय राउत

    संजय राउत का कहना है कि महाराष्ट्र या मुंबई में उत्तर भारतीय लोगों को कोई परेशान नहीं करता। उन्होंने कहा कि मराठी लोगों के साथ आने से कुछ लोग डर गए हैं। ऐसा कोई उदाहरण नहीं है, जिसमें हमने बिना वजह किसी को मारा हो। उल्टा उत्तर प्रदेश, बिहार और कर्नाटक में हमारे लोगों के साथ मारपीट होती है।

  • 10:45 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    अजित पवार ने अपने विधायकों की बैठक बुलाई

    अजित पवार ने आज शाम 7 बजे अपने विधायकों की बैठक बुलाई है। यह बैठक उनके सरकारी आवास देवगिरी बंगले पर होगी जिसमें महानगरपालिका चुनाव पर चर्चा होगी। इस दौरान विधायकों को चुनाव की जिम्मेदारी बांटी जाएगी। साथ ही पुणे और पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका में शरद पवार की पार्टी के साथ गठबंधन करने के मुद्दे पर विधायकों की राय ली जाएगी।

  • 10:34 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    ठाकरे ब्रदर्स के एक साथ आने से विपक्ष में डर का माहौल- संजय राउत

    ठाकरे ब्रदर्स को लेकर संजय राउत ने कहा, दोनों भाइयों के एक साथ आने की खबर के बाद विपक्ष में डर का माहौल है। आज दोनों पार्टियों के एक साथ आने की औपचारिक घोषणा होगी। यह मराठी लोगों के लिए आनंद का दिन है।

  • 10:31 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    अजित पवार की NCP का चुनावी अभियान आज से शुरू

    डिप्टी सीएम अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) बीएमसी चुनाव का कैंपेन आज से शुरू करेंगी। इस सिलसिले में अजित पवार आज चेंबूर में रैली करेंगे। स्टेट प्रेसिडेंट सुनील तटकरे भी रैली में मौजूद रहेंगे। रैली का आयोजन विधायक सना मलिक शेख की तरफ से किया गया है, जिसमें नवाब मलिक भी शामिल होंगे। नवाब मलिक के साथ आने पर शिंदे और बीजेपी को दिक्कत रही है, इसके बावजूद मलिक बीएमसी चुनाव में अजीत गुट का नेतृत्व कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि इसीलिए महायुति में अब तक सामंजस्य नहीं देख गया है।

  • 10:27 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    शिंदे ने मुंबई में ज्यादा सीटों की मांग की

    सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने आने वाले BMC चुनावों के लिए BJP से मुंबई की 227 सीटों में से 112 सीटों की मांग की है। अब तक, BJP ने उन्हें 90 सीटें दी हैं, लेकिन शिंदे इस बंटवारे से खुश नहीं हैं। हाल के स्थानीय चुनावों में मिली सफलता और शहरी इलाकों में मज़बूत समर्थन का हवाला देते हुए, शिंदे ज्यादा सीटों पर जोर दे रहे हैं। शिंदे का दावा है कि मुंबई में पारंपरिक शिवसेना वोटर ठाकरे गुट के सामने BJP को वोट नहीं देंगे, इसीलिए वह 112 सीटों पर ज़ोर दे रहे हैं। खबरों के मुताबिक, शिंदे ने विधानसभा, संसदीय और नगर निगम चुनावों में शिवसेना के मज़बूत स्ट्राइक रेट पर भी जोर दिया।

  • 9:25 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    शिवसेना-बीजेपी की देर रात मीटिंग

    एकनाथ शिंदे और महाराष्ट्र बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण के बीच देर रात एक लंबी मीटिंग हुई। करीब पांच घंटे तक चली इस चर्चा में मुंबई, ठाणे, KDMC, मीरा-भयंदर और नवी मुंबई नगर निगमों में गठबंधन बनाने पर फोकस किया गया। BMC के मामले में, दोनों पार्टियां लगभग 180 सीटों पर सहमत हो गई हैं, लेकिन करीब 40 सीटों पर विवाद अभी भी बना हुआ है। ठाणे नगर निगम में, बीजेपी सीटों का बराबर बंटवारा चाहती है, लेकिन शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना इससे सहमत नहीं है। बाकी सीटों के बंटवारे के मुद्दों को सुलझाने की कोशिश के लिए आज पार्टी नेताओं के बीच एक और मीटिंग होनी है। शिंदे गुट ने कहा है कि सीटों का बंटवारा आखिरी स्टेज में है और जल्द ही फाइनल होने की उम्मीद है।

  • 9:23 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    भाजपा चुनाव व्यवस्थापन समिति की बैठक आज

    भाजपा चुनाव व्यवस्थापन समिति की आज बैठक है। सुबह 10 बजे से मुंबई के प्रदेश पार्टी कार्यालय में होने वाली बैठक में मंत्री चन्द्रशेखर बावनकुले, प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहेंगे। इस बैठक में चुनाव प्रचार, सभा, की रणनीति तय की जाएगी। सोमवार से भाजपा के उम्मीदवार महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे।

  • 9:22 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    पहले दिन किसी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया

    मुंबई नगर निगम प्रशासन की ओर से पहले दिन 4165 फॉर्म बांटे गए हैं। पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। मुंबई नगर निगम चुनाव के लिए 23 तारीख से नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

  • 9:20 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    25 दिसंबर को मुंबई में कांग्रेस पार्लियामेंट्री कमेटी की बैठक

    29 महानगरपालिकाओं के उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए 25 दिसंबर को मुंबई में कांग्रेस पार्लियामेंट्री कमेटी की बैठक बुलाई गई है। कांग्रेस के सभी अध्यक्ष अपने-अपने महानगरपालिकाओं के उम्मीदवारों की सूची लेकर पहुंचेंगे।

  • 9:16 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    बालासाहेब ठाकरे के स्मृति स्थल पर जाएंगे उद्धव-राज

    2026 के महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनाव से पहले राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। शिवसेना UBT प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे आज औपचारिक रूप से अपने गठबंधन की घोषणा करने वाले हैं। गठबंधन का ऐलान करने के पहले सुबह 11 बजे दोनों भाई बालासाहेब ठाकरे के स्मृति स्थल पर जाएंगे। वहां स्मृति स्थल पर पुष्पांजली अर्पित करेंगे और फिर ब्लू सी होटल के लिए रवाना होंगे जहां वो संयुक्त प्रेस कॉन्फेरंस को संबोधित करेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।