1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Maharashtra news: महाराष्ट्र में 18 मंत्रियों ने ली शपथ, BJP और शिंदे गुट में 50-50 का फॉर्मूला लागू, कैबिनेट में महिला को नहीं मिली जगह

Maharashtra news: महाराष्ट्र में 18 मंत्रियों ने ली शपथ, BJP और शिंदे गुट में 50-50 का फॉर्मूला लागू, कैबिनेट में महिला को नहीं मिली जगह

 Edited By: Shashi Rai
 Published : Aug 09, 2022 01:06 pm IST,  Updated : Aug 09, 2022 01:39 pm IST

Maharashtra news: महाराष्ट्र के मंत्रिमंडल में सदस्यों की संख्या अब 20 हो गयी है, जो अधिकतम 43 सदस्यों की संख्या से आधी से भी कम है। शिंदे ने 30 जून को मुख्यमंत्री और देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

Chief Minister Eknath Shinde and Deputy CM Devendra Fadnavis- India TV Hindi
Chief Minister Eknath Shinde and Deputy CM Devendra Fadnavis Image Source : ANI

Highlights

  • महाराष्ट्र में 18 मंत्रियों ने ली शपथ
  • BJP और शिंदे गुट में 50-50 का फॉर्मूला लागू
  • कैबिनेट में किसी महिला को नहीं मिली जगह

Maharashtra news: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 41 दिन बाद एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को अपने दो सदस्यीय मंत्रिमंडल का विस्तार किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल समेत 18 विधायकों ने दक्षिण मुंबई में राज भवन में कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। मंत्रिमंडल में किसी भी महिला को शामिल नहीं किया गया है। इसके साथ ही महाराष्ट्र के मंत्रिमंडल में सदस्यों की संख्या अब 20 हो गयी है, जो अधिकतम 43 सदस्यों की संख्या से आधी से भी कम है। शिंदे ने 30 जून को मुख्यमंत्री और देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। राज्यपाल बी एस कोश्यारी ने मंत्रियों को पद की शपथ दिलायी। 

दोनों गुट के 9-9 मंत्री बने

यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होना था लेकिन 15 मिनट की देरी से शुरू हुआ। शपथ लेने वाले मंत्रियों में शिंदे गुट और भाजपा के नौ-नौ सदस्य शामिल हैं। भाजपा की ओर से मंत्रिमंडल में शामिल सदस्यों में राधाकृष्ण विखे पाटिल, सुधीर मुन्गंतीवार, चंद्रकांत पाटिल, विजयकुमार गावित, गिरीश महाजन, सुरेश खडे, रवींद्र चह्वाण, अतुल सावे और मंगलप्रभात लोढा शामिल हैं। 

शिंदे गुट से इन्होंने ली शपथ

शिंदे गुट से मंत्री पद की शपथ लेने वाले सदस्यों में गुलाबराव पाटिल, दादा भुसे, संजय राठौड़, संदीप भुमरे, उदय सामंत, तानाजी सावंत, अब्दुल सत्तार, दीपक केसरकर और शंभुराज देसाई शामिल हैं। शिंदे के एक सहायक ने बताया कि किसी राज्य मंत्री ने आज शपथ नहीं ली। बाद में फिर मंत्रिमंडल विस्तार होगा। भाजपा ने मुंबई से लोढा को शामिल किया है जबकि शिंदे गुट ने वहां से किसी विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया। मुंबई महानगरपालिका के चुनाव इस साल होने हैं। 

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी नेताओं को बधाई दी और कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली इस मंत्रिपरिषद में प्रशासनिक अनुभव और सुशासन प्रदान करने के जज्बे का शानदार मिश्रण है। मोदी ने एक ट्वीट कर कहा, ''महाराष्ट्र सरकार में आज मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले सभी नेताओं को बधाई। इस टीम में प्रशासनिक अनुभव और सुशासन प्रदान करने के जज्बे का शानदार मिश्रण है। महाराष्ट्र की जनता की सेवा करने के लिए उन्हें मेरी तरफ से शुभकामनाएं।''

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।