1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Maharashtra News : महाराष्ट्र में बीजेपी और शिंदे की शिवसेना में होगा चुनावी गठबंधन, MVA पर सस्पेंस कायम

Maharashtra News : महाराष्ट्र में बीजेपी और शिंदे की शिवसेना में होगा चुनावी गठबंधन, MVA पर सस्पेंस कायम

 Reported By: Sachin Chaudhary
 Published : Jul 30, 2022 06:18 pm IST,  Updated : Jul 30, 2022 06:18 pm IST

Maharashtra News : बीजेपी और शिंदे की शिवसेना स्थानीय निकाय से लेकर लोकसभा और विधानसभा चुनावों में गठबंधन करेगी।

Eknath shinde and Devendra Fadnavis- India TV Hindi
Eknath shinde and Devendra Fadnavis Image Source : PTI

Highlights

  • लोकसभा, विधानसभा से लेकर स्थानीय चुनावों में होगा गठबंधन
  • बीजेपी के साथ हमारा नेचुरल अलायंस-एकनाथ शिंदे
  • गठबंधन मजबूती से आगे बढ़ेगा और सालों तक चलता रहेगा-फडणवीस

Maharashtra News : महाराष्ट्र में बीजेपी (BJP) और अपने आप को असली शिवसेना (Shiv Sena) होने का दावा कर रहे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) की शिवसेना चुनावी गठबंधन करेगी। बीजेपी और शिंदे की शिवसेना स्थानीय निकाय से लेकर लोकसभा और विधानसभा चुनावों में गठबंधन करेंगे। वहीं दूसरी तरफ महाविकास आघाड़ी की सरकार सत्ता से जाने के बाद उद्धव ठाकरे की शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी से गठबंधन करेगी या नही इसपर सस्पेंस बना हुआ है।

महानगरपालिकाओं के चुनाव में गठबंधन

एकनाथ शिंदे ने शिवसेना को एक तरह से हाईजैक कर लिया है। दो तिहाई विधायकों और सांसदों को अपने पाले में करने के बाद शिंदे अब पार्टी की कार्यकारिणी कैडर और सिंबल पर कब्जा जमाने में जुटे हैं। फिलहाल उद्धव से ज्यादा एकनाथ शिंदे का गुट मजबूत नजर आ रहा है। ऐसे में महाराष्ट्र में शिंदे-फडणवीस सरकार बनने के बाद मुम्बई, नई मुम्बई, ठाने, कल्याण, पुणे, सोलापुर, औरंगाबाद जैसे डेढ़ दर्जन महानगरपालिकाओं के चुनाव होने हैं । इन चुनावों के लिए अभी से एकनाथ शिंदे और बीजेपी ने गठबंधन कर विपक्ष को पटखनी देने का मन बनाया है।

बीजेपी से हमारा नेचुरल अलायंस-एकनाथ शिंदे

इस गठबंधन के सवाल पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इंडिया टीवी से कहा कि अब उनकी सरकार का जो गठबंधन है वो नेचुरल अलायंस है और यह आगे भी जारी रहेगा। अपने काम के बलबूते भारी बहुमत से फिर बीजेपी शिवसेना( शिंदे) की सरकार बनेगी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जहां-जहां चुनाव होंगे वहां से स्थानीय लेवल पर रिपोर्ट देने कहा है। यह रिपोर्ट इस बात को लेकर होगी कि स्थानीय लेवल पर किसकी राजनीतिक ताकत कितनी है और कैसे सूझबूझ से मिलजुलकर चुनाव लड़ा जाए। 

लोकसभा और विधानसभा चुनावों में गठबंधन-फडणवीस

बीजेपी ने भी आज गठबंधन को लेकर बड़ी घोषणा की है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इंडिया टीवी से खास बातचीत में कहा कि एकनाथ शिंदे गुट यानी असली शिवसेना से बीजेपी लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय चुनावों में भी गठबंधन करेगी। अब ये गठबंधन मजबूती से आगे बढ़ेगा और सालों तक चलता रहेगा।

लोकसभा में 30 से 32  सीटों पर चुनाव लड़ेगी बीजेपी

इंडिया टीवी को मिली जानकारी के मुताबिक लोकसभा चुनाव में बीजेपी इस बार तकरीबन 30 से 32  सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। पिछली बार बीजेपी ने 24 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 23 सीटों पर जीत हासिल की थी। अब एकनाथ शिन्दे गुट की शिवसेना के साथ गठबंधन होगा। एकनाथ शिंदे के साथ शिवसेना के 18 में से 12 सांसद जुड़ गए है।  बीजेपी का दावा है कि आनेवाले लोकसभा चुनाव में बीजेपी 30 से 32 सीटें जीतेंगी वहीं शिंदे की शिवेसना और बीजेपी गठबंधन में राज्य की कुल 48 में से 42 से ज्यादा सीटें जीतेगी।विधानसभा में भी बीजेपी इस बार ज्यादा सीटें लड़ेगी। बीजेपी का दावा है कि इस बार एकनाथ शिंदे की शिवसेना के साथ गठबंधन में दोनों मिलकर राज्य की 288 विधानसभा सीटों में से 200 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।

हम परिस्थितियों के मुताबिक फैसला करेंगे-शरद पवार

वही दूसरी तरफ महाराष्ट्र में कॉमन मिनिमम प्रोग्राम के आधार पर बीजेपी को सत्ता से दूर रखने के लिए शरद पवार द्वारा बनाए गए महाविकास आघाडी में गठबंधन को लेकर अभी न कोई चर्चा शुरू हुई है और न कोई चर्चा करने सामने आ रहा है, यह चिंता शरद पवार ने भी अपने बयान में जताई। उन्होंने कहा-'राज्य में चुनाव कब होंगे इसपर बोलने के लिए मैं कोई ज्योतिषी नहीं हूं, हम बारीकी से मौजूदा राजनैतिक हालात पर ध्यान रखे हुए हैं। हम चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार हैं चाहे कभी भी हो। चुनावों में महाविकास आघाड़ी के तौर पर लड़ने के लिए सोचना चाहिए पर सहयोगी दलों के साथ हमारी कोई बात अबतक नही हुई, यह निर्णय उस वक्त की परिस्थिति के अनुसार लिया जाएगा। बहारहाल, एक तरफ बीजेपी और शिंदे गठबंधन  चुनाव को सामने देख तेज गति से विकास काम करने पर जोर दे रहे हैं तो वही महाविकास आघाड़ी में चर्चा की पहल भी शुरू नहीं हुई है। ऐसे में पहले या तय समय पर चुनाव होते भी हैं तो बीजेपी की राह मुश्किल नहीं होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।