1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Maharashtra News: शिंदे और उद्धव गुट के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प, विधायक पर लगा फायरिंग का आरोप; 5 गिरफ्तार

Maharashtra News: शिंदे और उद्धव गुट के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प, विधायक पर लगा फायरिंग का आरोप; 5 गिरफ्तार

 Reported By: Sachin Chaudhary Edited By: Shailendra Tiwari
 Published : Sep 11, 2022 01:54 pm IST,  Updated : Sep 11, 2022 01:54 pm IST

Maharashtra News: जानकारी के मुताबिक शिंदे गुट के कार्यकर्ताओं ने वॉट्सऐप ग्रुप पर ठाकरे गुट को लेकर आपत्तिजनक बात लिखी, जिसके बाद यह दोनों गुट आपस में भिड़ गए। गणेश विसर्जन के वक्त भी दोनों गुटों एक-दूसरे पर आरोप लगाते दिखे।

Maharashtra Former CM Uddhav Thackeray and CM Eknath Shinde- India TV Hindi
Maharashtra Former CM Uddhav Thackeray and CM Eknath Shinde Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • गणेश विसर्जन के दिन आपस में भिड़ गए थे दोनों गुटों के कार्यकर्ता
  • MLC सुनील शिंदे ने विधायक सदा सरवनकर पर लगाया फायरिंग करने का आरोप
  • उद्धव ठाकरे गुट के 30 से 40 लोगों पर मामला दर्ज

Maharashtra News: महाराष्ट्र में शिवसेना के दोनों गुटों(उद्धव और शिंदे गुट) की सियासी लड़ाई खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। खबर आ रही है कि मुंबई के प्रभादेवी इलाके में दोनों गुटों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों के कार्यकर्ताओं में तीखी नोकझोंक हुई है। ठाकरें गुट की तरफ से आरोप लगाए गए हैं कि शिंदे गुट के विधायक ने फायरिंग की है। इसको लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दादर में शिंदे गुट और उद्धव गुट में हुए झगड़े में उद्धव गुट के पांच लोगों को पुलिस ने अरेस्ट किया, जिन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

गणेश विसर्जन के दिन आपस में भिड़ गए थे दोनों गुटों के कार्यकर्ता

दरअसल, उद्धव गुट और शिंदे गुट के कार्यकर्ता गणेश विसर्जन के दिन आपस में भिड़ गए थे जिसके बाद बीती रात को दोबारा,दादर इलाके में दोनों गुट के कार्यकर्ताओं के बीच बहस बाजी और तीखी नोकझोंक हुई। मामले को लेकर एकनाथ शिंदे गुट के विधायक सदा सरवनकर और उनके लोग कल रात को दादर पुलिस स्टेशन पहुंचे और उन्होंने उद्धव ठाकरे गुट के लोगों पर मामला दर्ज करवाया। जानकारी के मुताबिक शिंदे गुट के कार्यकर्ताओं ने वॉट्सऐप ग्रुप पर ठाकरे गुट को लेकर आपत्तिजनक बात लिखी, जिसके बाद यह दोनों गुट आपस में भिड़ गए। गणेश विसर्जन के वक्त भी दोनों गुटों एक-दूसरे पर आरोप लगाते दिखे।

MLC सुनील शिंदे ने सदा सरवनकर पर लगाया फायरिंग करने का आरोप

तो वहीं उद्धव ठाकरे गुट की ओर से MLC सुनील शिंदे ने आरोप लगाया कि सदा सरवनकर ने लॉ ऑर्डर हाथ में लिया और अपनी बंदूक से फायरिंग की। पुलिस हालांकि इस मामले की जांच कर रही है कि क्या सदा सरवनकर ने फायरिंग की है या नहीं। बता दें कि उद्धव ठाकरे के गुट ने शिंदे गुट के विधायक सदा सरवनकर पर हवाई फायरिंग का आरोप लगाया है।

 उद्धव ठाकरे गुट के 30 से 40 लोगों पर पुलिस ने मामला दर्ज

मामला तब सामने आया जब कल रात को उद्धव ठाकरे गुट के कुछ लोग सदा सरवनकर के बिल्डिंग के नीचे पहुंचे और नारेबाजी करने लगे तभी वहां पर एकनाथ शिंदे गुट के लोग पहुंचे और दोनों गुटों में झड़प शुरू हो गई। जिसके बाद मामला पुलिस स्टेशन तक पहुंच गया,शिंदे गुट के कार्यकर्ता संतोष तेलवने की शिकायत पर उद्धव ठाकरे गुट के 30 से 40 लोगों पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तो वहीं उद्धव ठाकरे गुट के लोगों के भी बयान पुलिस दर्ज कर रही है और उस बयान को वेरीफाई करने के बाद ही पुलिस की आगे की जांच की दिशा क्या होगी वह तय करेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।