महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाड़ा से सामने आए अश्लील वीडियो कांड ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। सोशल मीडिया पर करीब 350 आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। आरोप है कि नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर उनके अश्लील वीडियो बनाए गए और फिर उन्हें वायरल किया गया। इस मामले को लेकर बीजेपी सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने गंभीर दावा करते हुए कहा है कि करीब 180 लड़कियां इस कांड की शिकार हो सकती हैं। फिलहाल मुख्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। साथ ही साइबर क्राइम विभाग के जरिए पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना
इस सनसनीखेज मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला है। विपक्ष का कहना है कि महाराष्ट्र में कानून का खौफ खत्म हो गया है और महिलाओं की सुरक्षा गंभीर संकट में है। नेताओं ने यह भी कहा कि महिला सुरक्षा सिर्फ नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर सख्त कदम उठाने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आरोपी पर कार्रवाई करते समय धर्म नहीं, बल्कि अपराध को आधार बनाया जाना चाहिए।
सरकार ने क्या कहा?
वहीं, इस पूरे मामले पर भारतीय जनता पार्टी और सरकार की ओर से भी जवाब सामने आया है। सरकार का कहना है कि महिला सुरक्षा के मामलों में “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई गई है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ने विपक्ष पर आरोप लगाया है कि वह इस संवेदनशील मुद्दे पर भी राजनीति कर रहा है, जबकि इस समय जरूरत है सख्त कार्रवाई और कानून के पालन की।
इलाके में तनाव का माहौल
घटना के बाद परतवाड़ा और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे लगातार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, लेकिन एक के बाद एक सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने कहा है की अभी तक पीड़िता या उनके परिवार से किसी ने शिकायत नहीं किम्हाई पर पुलिस जरूरी कार्रवाई कर रही है
अब पूरे राज्य की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी और सख्ती से कार्रवाई करते हैं, और क्या पीड़िताओं को न्याय मिल पाता है या नहीं।
एक आरोपी गिरफ्तार
अमरावती ग्रामीण पुलिस ने सोशल मीडिया पर नाबालिग लड़कियों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने के आरोप में 19 वर्षीय अयान अहमद तनवीर अहमद को गिरफ्तार किया है। परतवाड़ा पुलिस को मिली गुप्त सूचना के अनुसार, आरोपी ने लड़कियों से दोस्ती कर उनकी मर्जी के बिना अश्लील कंटेंट बनाया और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो (POCSO) एक्ट और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसका मोबाइल जब्त कर लिया है।
पुलिस ने पीड़ित लड़कियों और उनके परिवारों से निडर होकर सामने आने और बयान दर्ज कराने की अपील की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पीड़ितों की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी और उन्हें कानूनी व मानसिक सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही, नागरिकों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।