1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई वालों के लिए राहत भरी खबर, जलाशयों में बढ़ा जलस्तर, कुल जल भंडारण कितना पहुंचा?

मुंबई वालों के लिए राहत भरी खबर, जलाशयों में बढ़ा जलस्तर, कुल जल भंडारण कितना पहुंचा?

 Reported By: Sachin Chaudhary Written By: Subhash Kumar
 Published : Jul 20, 2026 11:02 am IST,  Updated : Jul 20, 2026 04:14 pm IST

मुंबई निवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाले जलाशयों में जलस्तर बढ़ गया है। बीते 24 घंटे में जलस्तर में 1.66% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, कुल जल भंडारण 50 फीसदी से ज़्यादा पहुंचा गया है।

mumbai lakes water level risen- India TV Hindi
मुंबई के जलाशयों का जलस्तर बढ़ा। (फाइल फोटो) Image Source : PTI

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश का असर अब शहर के जलाशयों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाले सातों प्रमुख जलाशयों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों में कुल जल भंडारण में 1.66 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। हाइड्रोलिक इंजीनियर विभाग के भांडुप मास्टर कंट्रोल सेंटर की रिपोर्ट के अनुसार, 20 जुलाई 2026 सुबह 6 बजे तक मुंबई के सातों जलाशयों में कुल जल भंडारण 54.05 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

किस झील में कितना पानी?

सामने आई जानकारी के मुताबिक, मुंबई के 7 जलाशयों में इस समय 7 लाख 82 हजार 370 मिलियन लीटर पानी उपलब्ध है। पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश के बाद जल भंडारण में 1.66 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आपको बता दें कि कुछ ही समय पहले मुंबई में जलसंकट जैसे हालात थे और जलाशयों में जलस्तर काफी कम हो गया था। इस कारण BMC को पानी बचाने के लिए कई कड़े नियम लागू करने पड़ गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक-:

  • भातसा झील में 48.20 प्रतिशत जल भंडारण है।
  • मोडक सागर में 82.03 प्रतिशत पानी उपलब्ध है।
  • तानसा झील 86.38 प्रतिशत तक भर चुकी है।
  • अपर वैतरणा में 33.74 प्रतिशत जल भंडारण दर्ज किया गया है।
  • मिडिल वैतरणा में 48.22 प्रतिशत पानी है।
  • विहार झील 100 प्रतिशत भर चुकी है और पहले से ओवरफ्लो हो रही है।
  • तुलसी झील भी 100 प्रतिशत भरकर लगातार ओवरफ्लो कर रही है।

जल भंडारण में और बढ़ोतरी की संभावना

भांडुप कॉम्प्लेक्स में पिछले 24 घंटों में 81 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस मानसून में अब तक कुल 1899 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है। जल संसाधन विभाग के अनुसार, विहार झील 7 जुलाई की रात 9 बजे और तुलसी झील 7 जुलाई की रात 11:43 बजे से लगातार ओवरफ्लो हो रही हैं।लगातार हो रही बारिश के चलते मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाले जलाशयों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। यदि इसी तरह बारिश जारी रही तो आने वाले दिनों में जल भंडारण में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- मुंबई में भारी बारिश के बाद जलाशयों के जलस्तर में उल्लेखनीय बढ़ोतरी, कुछ ही दिन पहले था जलसंकट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।