बस में सीट पाने की जल्दबाजी एक यात्री की जान पर भारी पड़ गई। यहां बीड जिले के अंबाजोगाई बस स्टैंड पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। बस के नीचे कुचलकर मरने की इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। जानकारी के मुताबिक चलती बस के पीछे दौड़ते समय एक यात्री अपना संतुलन खो बैठा और बस के पिछले पहिए के नीचे आ गया। बस के नीचे दबने से व्यक्ति की मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि दौड़ते समय गिर जाने से व्यक्ति बस के नीचे आ गया और उसकी मौत हो गई।
संतुलन बिगड़ने से बस के नीचे आया व्यक्ति
मिली जानकारी के अनुसार, 25 जून को दोपहर करीब 1:45 बजे अंबाजोगाई बस स्टैंड से एक एसटी बस रवाना हो रही थी। इसी दौरान बस में सीट पाने के लिए यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। वायरल CCTV फुटेज में कई यात्री बस के पीछे दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान दौड़ रहे एक यात्री का दूसरे यात्री से जोरदार टकराव हो गया। संतुलन बिगड़ने से वह सीधे चलती बस के पिछले पहिए के नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसका हाथ पहिए के नीचे आ गया और गिरने से उसके सिर में भी गंभीर चोट आई। मृतक की पहचान बालाजी देवकते, निवासी ढाळेगांव, तहसील अहमदपुर, जिला लातूर के रूप में हुई है।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
इस घटना के संबंध में अंबाजोगाई आगार प्रमुख राऊत ने बताया कि यात्री बस में सीट लेने के लिए दौड़ रहा था। तभी वह अचानक गिर गया और उसका हाथ बस के पिछले पहिए के नीचे आ गया। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संबंधित यात्री की मृत्यु दुर्घटना के समय आए हार्ट अटैक (हृदयाघात) के कारण हुई बताई जा रही है। मामले की आगे जांच की जा रही है। पूरी घटना बस स्टैंड पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह हादसा 25 जून को दोपहर करीब 1:45 बजे हुआ। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है कि व्यक्ति की मृत्यु कैसे हुई। (इनपुट- आमिर हुसैन)
यह भी पढ़ें-
मुंबई के मॉल में '1 रुपये की सेल' सुनकर उमड़ी भीड़, भगदड़ जैसी स्थिति बनी; पुलिस ने संभाले हालात