1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्रः वसई पश्चिम के दिवान मान इलाके में क्लोरीन गैस लीकेज से हड़कंप, कई लोग प्रभावित, अस्पताल में भर्ती

महाराष्ट्रः वसई पश्चिम के दिवान मान इलाके में क्लोरीन गैस लीकेज से हड़कंप, कई लोग प्रभावित, अस्पताल में भर्ती

 Reported By: Sachin Chaudhary Edited By: Mangal Yadav
 Published : Nov 25, 2025 07:42 pm IST,  Updated : Nov 25, 2025 07:58 pm IST

पालघर के वसई वेस्ट में मंगलवार शाम को दीवान मान में अचानक क्लोरीन गैस लीक होने की खबर मिली, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। क्लोरीन गैस लीक होने की घटना के बाद कम से कम 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

क्लोरीन गैस का रिसाव होने के बाद मौके पर बचाव चल- India TV Hindi
क्लोरीन गैस का रिसाव होने के बाद मौके पर बचाव चल Image Source : REPORTER

पालघरः वसई पश्चिम के दिवान मान क्षेत्र में मंगलवार को क्लोरीन गैस का रिसाव होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गैस लीकेज के चलते 10 से 12 लोग प्रभावित हुए हैं, जिन्हें तुरंत नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रभावित लोगों को सांस लेने में दिक्कत, उल्टी जैसा महसूस होना और आंखों में तेज़ जलन की शिकायतें हुईं।

इलाके में न जाने की अपील

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने ऑक्सीजन मास्क पहनकर लीक हो रहे क्लोरीन सिलेंडर को सावधानीपूर्वक उठाकर घटनास्थल से दूर नाले के पास ले जाकर निष्क्रिय किया। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और इलाके में गैस का कोई खतरा नहीं है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है और एहतियात के तौर पर कुछ समय तक इलाके में अनावश्यक आवाजाही न करें।

केमिकल लीक के कारण युवक की मौत

इससे पहले मुंबई के अंधेरी स्थित एक औद्योगिक इलाके में शनिवार को केमिकल लीक के कारण 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी और एक किशोर समेत दो अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) क्षेत्र के भंगारवाड़ी में स्थित दो मंजिला इमारत के अंदर शाम 4:55 बजे हुई। केमिकल का रिसाव होने के बाद इसकी चपेट में आए वहां मौजूद तीनों लोगों की हालत गंभीर हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि तीनों को तुरंत पास के होली स्पिरिट अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि अहमद हुसैन को अस्पताल में भर्ती करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि नौशाद अंसारी (28) और सबा शेख (17) को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है और उनकी हालत गंभीर है।  

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।