महाराष्ट्र: मुंबई के विनोबा भावे पुलिस थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां जन्मदिन मनाने के बहाने पांच दोस्तों ने मिलकर 21 वर्षीय एक छात्र पर पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जलाने की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसे छात्र का नाम अब्दुल रहमान बताया गया है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह भयानक वारदात 25 नवंबर की रात उस समय हुई जब छात्र अब्दुल रहमान अपना 21वां जन्मदिन मना रहा था। अब्दुल रहमान के भाई के मुताबिक, 25 नवंबर की रात ठीक 12 बजे पांच दोस्तों ने अब्दुल रहमान को उसका जन्मदिन मनाने के लिए घर से नीचे बुलाया।
पहले अंडे और पत्थर फेंके
पहले उन दोस्तों ने केक काटने के नाम पर अब्दुल रहमान पर अंडे और पत्थर फेंके। इसके बाद, उन्होंने स्कूटी से ज्वलनशील पदार्थ (पेट्रोल) निकाला, उसे अब्दुल रहमान के ऊपर डाला और उसे आग के हवाले कर दिया। यह पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि युवक धू-धू कर जल रहा है।
सभी पांच आरोपी गिरफ्तार
विनोबा भावे पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी पांचों आरोपियों को 29 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब इस जघन्य कृत्य के पीछे की सही वजह और मंशा जानने के लिए मामले की गहन जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें-
लखीमपुर खीरी में भीषण हादसा, नहर में गिरी कार, 5 लोगों की दर्दनाक मौत; CM योगी ने जताया गहरा शोक