1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Video: मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेनों से गिरे यात्री, 4 की मौत, हादसे के बाद लोकल सेवाएं प्रभावित

Video: मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेनों से गिरे यात्री, 4 की मौत, हादसे के बाद लोकल सेवाएं प्रभावित

 Reported By: Saket Rai, Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 09, 2025 10:53 am IST,  Updated : Jun 09, 2025 03:49 pm IST

रेलवे से जुड़े अधिकारी ने बताया कि दो ट्रेनें करीब से गुजरीं और दोनों ट्रेनों के गेट पर लटककर यात्रा कर रहे लोग आपस में टकरा गए। इसी वजह से दोनों ट्रेनों से कई लोग गिर गए।

Mumbra train accident- India TV Hindi
मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर हादसा Image Source : INDIA TV

महाराष्ट्र के मुंबई में चलती ट्रेन से गिरकर 4 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य यात्री घायल हो गए। हादसा सुबह 9.20 बजे मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर हुआ। छत्रपति शिवाजी टर्मिनल की तरफ जा रही लोकल ट्रेन और फास्ट ट्रैक में आ रही ट्रेन में सवार यात्री आपस में टकराकर गिर गए। इस घटना में घायल लोगों को उपचार के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल कलवा में भर्ती कराया गया है।

यात्रियों के ट्रेन से गिरने की प्राथमिक जानकारी कसारा की तरफ जाने वाले लोकल गार्ड ने दी थी। सेंट्रल रेलवे की तरफ से कहा गया है कि दुर्घटना की जांच शुरू हो गई है। इस घटना से लोकल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। पुलिस ने इस हादसे में 4 मौतों की पुष्टि की है। वहीं, 13 लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है। हादसे में जीआरपी जवान विक्की मुखियादल की भी मौत हो गई।

 

कैसे हुआ हादसा?

सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल धनराज नीला ने बताया कि आठ लोग ट्रैक पर गिरे थे। अब तक अस्पताल से किसी की मौत की खबर नहीं मिली है। यह हादसा मुंब्रा और दिवा रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। हादसे का शिकार हुए यात्री लोकल ट्रेन के दरवाजे पर लटककर यात्रा कर रहे थे। उनके बैग आपस में टकरा गए, जिससे यह हादसा हुआ। जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि उन्हें 9.30 बजे इस हादसे की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि एक लोकल ट्रेन कसारा की तरफ जा रही थी और दूसरी ट्रेन सी एस टी एम की तरफ आ रही थी। दोनों लोकल ट्रेन के यात्री दरवाजे पर लटक कर खड़े थे। इनमें से किसी एक यात्री का बैग टकराने से दरवाजे पर खड़े यात्री ट्रैक पर गिर गए। जो लोग लोकल ट्रेन के फुट बोर्ड पर खड़े होकर यात्रा कर रहे थे, वही लोग गिरे हैं।

cikki mukhiyadil
Image Source : INDIA TVट्रेन हादसे में जीआरपी जवान विक्की मुखियादल की मौत

सभी कोच में ऑटोमैटिक गेट लगाने का फैसला

मुंबई में हुए हादसे के बाद रेलवे ने सभी रेकों में बदलाव करने का फैसला किया है। फिलहाल जितने भी रेक बनाए जा रहे हैं, उनमें एक ऑटोमैटिक गेट बंद करने और खुलने की सुविधा होगी। जो रेक अभी सेवा में मौजूद हैं, उन्हें दोबारा डिजाइन किया जाएगा और सभी रेक में ऑटोमैटिक दरवाजा खुलने और बंद होने की सुविधा दी जाएगी।

देवेंद्र फडणवीस ने क्या कहा?

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर लिखा "दिवा-मुंब्रा स्टेशन के बीच लोकल ट्रेन से कुल 8 यात्रियों के गिरने से हुई दुर्घटना में कुछ लोगों की मृत्यु हो गई है, यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके परिवारजनों के दुःख में सहभागी हैं। घायलों को तुरंत शिवाजी अस्पताल और ठाणे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय प्रशासन समन्वय स्थापित कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि घायलों को जल्द से जल्द राहत मिले। यह घटना वास्तव में कैसे हुई, इसकी जांच रेलवे विभाग ने शुरू कर दी है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।