1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. EXCLUSIVE: MPSC पेपर लीक मामले में मुंबई पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार, दोबारा होगी परीक्षा

EXCLUSIVE: MPSC पेपर लीक मामले में मुंबई पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार, दोबारा होगी परीक्षा

 Reported By: Saket Rai Written By: Mangal Yadav
 Published : Aug 26, 2026 02:41 pm IST,  Updated : Aug 26, 2026 03:45 pm IST

MPSC पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। क्राइम ब्रांच ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

मुंबईः महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC)  पेपर लीक मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को मुंबई के किला कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया है। सभी आरोपियों से क्राइम ब्रांच पूछताछ कर रही है।  वहीं, महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर (ग्रुप-B) पदों के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर दिया है। यह फैसला 22 मार्च 2026 को आयोजित स्क्रीनिंग परीक्षा में अनियमितताओं और प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले कुछ अभ्यर्थियों तक पहुंचने की शिकायतों के बाद लिया गया है।

अंडर सेक्रेटरी अभिजीत लेंडवे भी अरेस्ट

औषध निरीक्षक पेपर लीक मामले में क्राइम ब्रांच ने MPSC के अंडर सेक्रेटरी अभिजीत लेंडवे को गिरफ्तार किया है। इस मामले में MPSC के दो सहायक कक्ष अधिकारी गोपाळ मराठे और विश्वेश्वर नकाते को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पेपर लीक का आरोप लगाने वाले गौरव पाटील की भूमिका भी जांच के घेरे में है और उसे संदिग्ध माना जा रहा है। इसके अलावा परीक्षा में शामिल ऋतुजा पाटील के पिता अमृत पाटील और पेपर लीक के कथित मास्टरमाइंड प्रवीण पाटील को भी गिरफ्तार किया गया है।

आयोग को मिली थी शिकायतें

आयोग को 22 से 26 जुलाई के बीच कुछ अभ्यर्थियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से शिकायतें मिली थीं। आरोप था कि परीक्षा से करीब दो दिन पहले कुछ उम्मीदवारों को प्रश्नपत्र या उसके प्रश्न मिल गए थे और इन्हें सोशल मीडिया या अन्य डिजिटल माध्यमों से साझा किया गया था। शिकायतों के बाद MPSC ने 27 जुलाई को मुंबई पुलिस से मामले की जांच का अनुरोध किया। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने प्रारंभिक जांच कर आयोग को रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि एक अभ्यर्थी को परीक्षा से पहले प्रश्नों का सेट मिला था और उसे इसका लाभ हुआ। हालांकि, आयोग ने यह नहीं कहा कि पूरा प्रश्नपत्र लीक हुआ था या कई अभ्यर्थियों को इसका फायदा मिला था।

अब दोबारा होगी परीक्षा 

ड्रग इंस्पेक्टर पदों के लिए अब नई स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहले आवेदन कर चुके उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी और उनसे कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। नई परीक्षा की तारीख आयोग अलग से घोषित करेगा। इस भर्ती का विज्ञापन 29 जुलाई 2025 को जारी किया गया था। 22 मार्च 2026 को राज्य के छह संभागीय मुख्यालयों में स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित हुई थी।

इसका परिणाम 12 जून को घोषित किया गया, जिसके बाद 506 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए चुना गया। इनमें से 488 उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल हुए, जो 1 से 22 जुलाई के बीच आयोजित किए गए थे। इसके बाद जारी अस्थायी मेरिट सूची में 485 उम्मीदवारों को ड्रग इंस्पेक्टर पद के लिए योग्य और तीन को अयोग्य बताया गया था। अब पूरी प्रक्रिया फिर से परीक्षा के चरण से शुरू होगी। बता दें सबसे पहले महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (MPSC) की ड्रग इंस्पेक्टर (Drug Inspector) भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में मुख्य रूप से गौरव पाटिल, लोकेश पाटिल और ऋषिकेश गांगुर्डे नाम के छात्रों ने ईमेल के जरिए शिकायत दर्ज कराई थी।

महाराष्ट्र MPSC ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती का पूरा टाइमलाइन 

29 जुलाई 2025 : MPSC ने फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर ग्रुप-B पदों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया।

22 मार्च 2026 : ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती की स्क्रीनिंग परीक्षा महाराष्ट्र के छह विभागीय मुख्यालयों में ऑफलाइन आयोजित की गई।

12 जून 2026 : स्क्रीनिंग परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। इसके बाद 506 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए योग्य घोषित किया गया।

1 से 22 जुलाई 2026 : योग्य उम्मीदवारों के इंटरव्यू आयोजित किए गए। इनमें 488 उम्मीदवार शामिल हुए।

21 जुलाई 2026 : MPSC को परीक्षा में कथित अनियमितता और पेपर लीक से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई।

22 से 26 जुलाई 2026 : आयोग को कुछ उम्मीदवारों और जनप्रतिनिधियों की ओर से शिकायतें मिलीं। आरोप था कि परीक्षा से दो दिन पहले, 20 मार्च को कुछ उम्मीदवारों को प्रश्नपत्र या उसके प्रश्न मिल गए थे और इन्हें सोशल मीडिया या अन्य डिजिटल माध्यमों से साझा किया गया।

22 जुलाई 2026 : इंटरव्यू प्रक्रिया के बाद 488 उम्मीदवारों की अस्थायी सामान्य मेरिट सूची जारी की गई। इसमें 485 उम्मीदवार ड्रग इंस्पेक्टर पद के लिए योग्य और तीन उम्मीदवार अयोग्य पाए गए।

27 जुलाई 2026 : शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए MPSC ने मुंबई पुलिस से मामले की जांच कराने का अनुरोध किया। इसी दौरान पेपर लीक के आरोपों को लेकर राजनीतिक विवाद भी तेज हुआ।

जुलाई के अंत में : मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मामले की प्राथमिक जांच की और अपनी रिपोर्ट MPSC को सौंपी। जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि एक उम्मीदवार को परीक्षा से पहले प्रश्नों का सेट मिला था और उसे इसका लाभ हुआ।

25 अगस्त 2026 : MPSC ने ड्रग इंस्पेक्टर ग्रुप-B की पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द करने की घोषणा की। आयोग ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने तथा उम्मीदवारों का भरोसा कायम रखने के लिए यह फैसला लिया गया है।

अब आगे क्या: MPSC ड्रग इंस्पेक्टर पदों के लिए दोबारा स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित करेगा। पहले आवेदन कर चुके उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी और उनसे कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। नई परीक्षा की तारीख बाद में घोषित की जाएगी।

ये भी पढ़ेंः नागपुर में कांग्रेस पार्षद के घर पर फायरिंग, शीशा टूटा, परिवार बाल-बाल बचा; CCTV फुटेज में दिखा डरावना मंजर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।