मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों धड़ों के संभावित विलय को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। सूत्रों के मुताबिक NCP के अजित पवार गुट के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। हालांकि, इस मुलाकात के एजेंडे को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
सुप्रिया सुले ने भी अमित शाह से मुलाकात की
सुनील तटकरे की मुलाकात के कुछ समय बाद NCP के शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले और बीड से सांसद बजरंग सोनवणे ने भी अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने बताया कि वे सुप्रिया सुले की बेटी रेवती के विवाह समारोह के रिसेप्शन का निमंत्रण देने पहुंचे थे। इस दौरान अपने संसदीय क्षेत्रों से जुड़े कुछ मुद्दों पर भी गृह मंत्री से चर्चा की गई।
विलय के बाद एनडीए का हिस्सा बनेंगे दोनों गुट-सूत्र
हालांकि सूत्रों का दावा है कि बीजेपी चाहती है कि एनसीपी के दोनों गुट पहले एकजुट हों और इसके बाद NDA का हिस्सा बनें। सूत्रों के मुताबिक इसी दिशा में बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व और एनसीपी के दोनों गुटों के बीच बातचीत जारी है। हालांकि, अब तक किसी भी पक्ष ने विलय या इन बैठकों के राजनीतिक एजेंडे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पीएम मोदी से मिले थे शरद पवार
इससे पहले शरद पवार की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात और दिल्ली में प्रफुल्ल पटेल के साथ बैठक के बाद भी संभावित विलय को लेकर अटकलें तेज हुई थीं। हालांकि पीएम मोदी से मुलाकात के बाद पवार ने कहा कि उन्होंने और सुले ने प्रधानमंत्री के साथ नीट प्रश्नपत्र ''लीक'' से संबंधित छात्रों की मांगों, किसानों की समस्याओं, जल प्रबंधन और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की
ऐसी अटकलें हैं कि एनसीपी के दोनों गुट एक इकाई के रूप में फिर से एकजुट हो सकते हैं और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की अगुवाई वाली एनडीए का हिस्सा बन सकते हैं। एनसीपी के एक गुट का नेतृत्व शरद पवार कर रहे हैं और दूसरे का नेतृत्व दिवंगत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार कर रही हैं। सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी राजग का हिस्सा है। महाराष्ट्र की एनडीए सरकार में सुनेत्रा पवार डिप्टी सीएम भी हैं। हाल ही में अजित पवार की जयंती के मौके पर सुप्रिया सुले ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें कि शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी वर्तमान में विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन का हिस्सा है।
ये भी पढ़ें:
क्या टूट की तरफ बढ़ रही है शरद पवार की NCP? दिग्गज नेता ने कहा, 'अभी इस पर बात करने का समय नहीं'