1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र BJP के नेतृत्व में नहीं होगा बदलाव, जेपी नड्डा और अमित शाह की बैठक में फैसला

महाराष्ट्र BJP के नेतृत्व में नहीं होगा बदलाव, जेपी नड्डा और अमित शाह की बैठक में फैसला

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jun 18, 2024 10:55 pm IST,  Updated : Jun 18, 2024 11:02 pm IST

मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बड़ी बैठक की गई है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई बैठक में महाराष्ट्र नेतृत्व में किसी बदलाव से इनकार कर दिया गया है।

महाराष्ट्र भाजपा में कोई बदलाव नहीं।- India TV Hindi
महाराष्ट्र भाजपा में कोई बदलाव नहीं। Image Source : PTI

हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद माना जा रहा था कि पार्टी प्रदेश के संगठन में बड़ा बदलाव कर सकती है। हालांकि, मंगलवार को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठक के बाद ये साफ कर दिया गया कि महाराष्ट्र में भाजपा के राजनीतिक नेतृत्व में किसी भी तरह का बदलाव नहीं होगा। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ महाराष्ट्र भाजपा के शीर्ष नेताओं की बैठक के बाद ये फैसला किया गया है। 

बैठक में कौन-कौन शामिल हुआ?

जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक के लिए महाराष्ट्र भाजपा के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले, वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंटीवार, चंद्रकांत पाटिल, पंकजा मुंडे और विनोद तावड़े समेत अन्य लोग शामिल हुए थे। राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी बैठक में पहुंचे थे। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि महाराष्ट्र में नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होगा।

विधानसभा चुनाव में जीत पर फोकस

केंद्रीय नेतृत्व के साथ महाराष्ट्र बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाने को लेकर मंथन हुआ है। देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि आज महाराष्ट्र की कोर टीम ने केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठक की और परिणाम पर विस्तार से चर्चा की। कहां वोट मिले कहां नहीं मिले, क्या सुधार होना चाहिए, इस पर चर्चा हुई। फडणवीस ने बताया कि जल्द ही NDA सहयोगी के साथ चर्चा करेंगे कि विधानसभा चुनाव कैसे जीता जाए।

कैसा रहा है भाजपा का प्रदर्शन?

हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को महाराष्ट्र में केवल 9 सीटों पर जीत मिली है। जबकि पार्टी को 2019 लोकसभा चुनाव में अकेले 23 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। राज्य के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने चुनाव परिणाम की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की थी। (रिपोर्ट: अविनाश तिवारी)

ये भी पढ़ें- मुंबई के 50 से ज्यादा अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

नाना पटोले ने पार्टी कार्यकर्ता से धुलवाए पैर, भाजपा ने VIDEO शेयर कर कसा तंज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।