1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'धान के नुकसान के मुआवजे के तौर पर मिले 2 रुपये 30 पैसे', पालघर के किसान का दावा

'धान के नुकसान के मुआवजे के तौर पर मिले 2 रुपये 30 पैसे', पालघर के किसान का दावा

 Published : Nov 03, 2025 10:51 pm IST,  Updated : Nov 03, 2025 11:10 pm IST

किसान को मुआवजे को तौर पर मिले 2 रुपये 30 पैसे का मुद्दा महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने उठाया है। पूर्व सीएम ठाकरे ने कहा कि ये सिर्फ एक मजाक है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FREEPIK

महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक किसान ने सोमवार को दावा किया कि बेमौसम बारिश से फसलों के नुकसान के लिए उसे राज्य सरकार से सिर्फ 2.30 रुपये का मुआवजा मिला है। वाडा तालुका के शिलोत्तर गांव के मधुकर बाबूराव पाटिल ने अपने धान के खेतों को हुए भारी नुकसान के लिए मुआवजे की मांग करते हुए एक आवेदन जमा किया। 

बेमौसम बारिश से बर्बाद हुई फसल

पाटिल ने कहा, ‘इस मौसम में लगातार बारिश ने धान की फसल को बुरी तरह प्रभावित किया, जिससे फसल पानी में डूब गई और सड़ गई। यहां तक कि पुआल भी काला पड़ गया, जिससे पशुओं के लिए चारे की कमी पैदा होकर संकट और गहरा गया। इतने बड़े नुकसान के बावजूद, मुझे यह देखकर हैरानी हुई कि मेरे बैंक खाते में सिर्फ 2.30 रुपये ही जमा हुए।’ 

उद्धव ठाकरे ने भी उठाया ये मुद्दा

पाटिल के नाम और उनकी पत्नी व बेटियों के नाम 11 एकड़ जमीन है। शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे की मुंबई में आज हुई प्रेस वार्ता में भी पाटिल का मुद्दा उठा। ठाकरे ने कहा, ‘यह मजाक है कि पालघर के किसानों को फसल बीमा मुआवजे के तौर पर सिर्फ 2 रुपये और कुछ पैसे मिले हैं।’

कर्ज के बोझ में जी रहे किसान

बता दें कि पालघर जिले के कुछ किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। छोटी जोतें, बारानी खेती पर निर्भरता, फसल नुकसान और कर्ज के बोझ ने उनकी स्थिति को बदतर बना दिया है। जिले में आदिवासी बहुल आबादी होने से कुछ संख्या में किसान गरीब हैं। हालिया बेमौसम बारिश से फसलों के बर्बाद होने पर मुआवजे की राशि नाममात्र की मिलने से किसानों में आक्रोश का माहौल है।

(भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।