1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. परभणी महानगर पालिका में उद्धव ठाकरे ने मुस्लिम को बनाया मेयर, कांग्रेस के गणेश देशमुख डिप्टी मेयर चुने गए

परभणी महानगर पालिका में उद्धव ठाकरे ने मुस्लिम को बनाया मेयर, कांग्रेस के गणेश देशमुख डिप्टी मेयर चुने गए

 Reported By: Sachin Chaudhary Edited By: Mangal Yadav
 Published : Feb 12, 2026 02:48 pm IST,  Updated : Feb 12, 2026 03:02 pm IST

परभणी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए आज हुए चुनावों में महाविकास अघाड़ी को बड़ी सफलता मिली है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना के सैयद इकबाल सैयद खाजा ने मेयर पद पर जीत हासिल की है। जबकि कांग्रेस के गणेश देशमुख डिप्टी मेयर चुने गए हैं।

सय्यद इकबाल (नीले शर्ट में) और गणेश देशमुख (सफेद शर्ट में)- India TV Hindi
सय्यद इकबाल (नीले शर्ट में) और गणेश देशमुख (सफेद शर्ट में) Image Source : REPORTER

परभणी महानगर पालिका की सत्ता में कांग्रेस और शिवसेना (UBT) ने कब्जा कर लिया है। 65 सीटों वाली परभणी महानगरपालिका के महापौर पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस और उबाठा (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गठबंधन ने जीत दर्ज की है। उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना के उम्मीदवार सैय्यद इकबाल सैय्यद ख्वाजा को 39 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा की उम्मीदवार तिरुमला खिल्लारे को 26 मत मिले। इसके साथ ही सैय्यद इकबाल परभणी के नए मेयर निर्वाचित हो गए हैं। जबकि कांग्रेस के गणेश देशमुख उपमहापौर (डिप्टी मेयर) बने हैं।

बीजेपी और एनसीपी को मिली हार

वहीं, उपमहापौर पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस के गणेश देशमुख ने 38 मत हासिल कर जीत दर्ज की। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार नाजीमा बेगम शेख अब्दुल रहीम को 27 मत मिले और उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा। इस तरह परभणी महापालिका में महापौर पद पर उद्धव ठाकरे की शिवसेना और उपमहापौर पद पर कांग्रेस के उम्मीदवारों की जीत हुई है, जबकि भाजपा और एनसीपी के उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा है।

जानकारी के अनुसार, अक्षय देशमुख और निर्दलीय पार्षद रजिया बेगम ने भी सैय्यद इकबाल के पक्ष में मतदान किया। जीत के बाद उबाठा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। बता दें कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना के 25, कांग्रेस के 12 ,बीजेपी के 12 ,एनसीपी अजित के 11 और पांच पार्षद  निर्दलीय चुनकर आए हैं। 

मेयर शिवसेना (UBT) के पास रहेगा

मेयर चुनाव से पहले ही दोनों पार्टियों के बीच सत्ता का बंटवारा हो गया था। जानकारी के अनुसार, मेयर का पद शिवसेना (UBT) और डिप्टी मेयर का पद कांग्रेस के पास रहेगा। इसके अनुसार, उद्धव ठाकरे ने सैयद इकबाल के नाम को मंजूरी दी, जबकि कांग्रेस ने डिप्टी मेयर पद के लिए गणेश देशमुख के नाम को अधिकृत किया। शिवसेना ने मेयर चुनाव के लिए अपने नगरसेवकों को व्हिप भी जारी किया था।

मुस्लिम मेयर बनाने पर भाजपा ने तंज कसा

भाजपा धार्मिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष आचार्य तुषार भोंसले ने परभणी में मुस्लिम मेयर बनाने पर उद्धव ठाकरे की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना को अब ‘जनाबसेना’ कहना चाहिए। वहीं, शिंदे शिवसेना ने कहा कि उद्धव जो मुंबई में नहीं कर पाये वह परभणी में ख़ान यानी मुस्लिम मेयर बनाकर दिखाया।  

हर्षवर्धन सपकाल ने कही ये बातें

कांग्रेस महाराष्ट्र अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि परभणी में हमने भारतीय जनता पार्टी को दूर रखने के लिए महा विकास अघाड़ी के साथ खड़े रहे। हमारे सभी नगर सेवकों ने उद्धव ठाकरे की पार्टी को वोट किया। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।