विरार: मुंबई से सटे विरार स्थित रमाबाई अपार्टमेंट नामक चार मंजिला इमारत की पिछली चौथी मंजिल का एक हिस्सा ढह गया है। इसमें अब तक दो लोगों की मौत होने की पुष्टि वसई विरार मनपा के अतिरिक्त आयुक्त दीपक सावंत ने की है। जबकि सात लोग गंभीर रुप से घायल हैं। वसई विधायक स्नेहा दुबे-पंडित के अनुसार, मलबे में 20 से 25 लोगों के फंसे होने का अनुमान है। एनडीआरएफ की टीम और वसई-विरार नगर निगम की दमकल की टीमें घटनास्थल पर बचाव कार्य में जुटी हैं। अब तक 9 लोगों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है।
घनी आबादी के कारण राहत-बचाव कार्य में परेशानी
दुर्घटनाग्रस्त इमारत के आसपास घनी आबादी है। इसलिए बचाव उपकरण वहां नहीं पहुंच पा रहे हैं। बड़े मलबे को हटाने के लिए जेसीबी नहीं पहुंच पा रही है। इसलिए इमारत का मलबा निकालने में दिकत आ रही है। यह दुर्घटना मंगलवार रात 11.45 बजे हुई। यह इमारत दस साल पहले बनी थी और नगर निगम ने इसके ऑडिट के लिए नोटिस दिया था।
इस इमारत में रहने वाले जोयल परिवार की एक बच्ची का पहला जन्मदिन था। इसलिए उसके दोस्त और परिवार के लोग आए हुए थे। इस दुर्घटना में उत्कर्षां ओंकार जोयल (उम्र 1 साल) और उसकी मां की मौत हो गई जबकि पिता ओमकार जोयल लापता हैं। इसी बिल्डिंग में रहने वाले सचिन निवालकर (उम्र 44), पत्नी सुप्रीला निवालकर (उम्र 40), बेटा अर्नव निवालकर (उम्र 14) लापता हैं।
संजीवनी हॉस्पिटल में भर्ती जख्मी
1.संजय स्वपन सिंग
2.मिताली राजेश परमार
इन्हे मुंबई के खार रोड रुग्णालय में शिफ्ट किया गया है।
प्रकृती हॉस्पिटल बोलिंज, विरार में जख्मी
1.प्रदीप कदम
2.जयश्री कदम
3.विशाखा जोयेल
4.मंथन शिंदे
सिद्धिविनायक हॉस्पिटल नालासोपारा - जख्मी
1-प्रभाकर शिंदे
2-प्रमिला प्रभाकर शिंदे
3-प्रेरणा प्रभाकर शिंदे
घटना का एक वीडियो सामने आया है जिसमें एनडीआरएफ की टीमें कुछ बच्चों का रेस्क्यू कर ले जाते दिख रही हैं। वीडियो देखने से लग रहा है कि हादसे में कई छोटे बच्चे भी हताहत हुए हैं। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक सामने नहीं आई है। एनडीआरएफ की तरफ से कहा गया है कि दो टीमें विरार पूर्व में घटनास्थल पर बचाव अभियान चला रही हैं।
रिपोर्ट- हनीफ, पालघर
संपादक की पसंद