1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पूर्व सीएम पृथ्वीराज चव्हाण ने बताया मिलिंद देवड़ा ने क्यों छोड़ी कांग्रेस? कहा- पहले वह बीजेपी में जाने वाले थे लेकिन..

पूर्व सीएम पृथ्वीराज चव्हाण ने बताया मिलिंद देवड़ा ने क्यों छोड़ी कांग्रेस? कहा- पहले वह बीजेपी में जाने वाले थे लेकिन..

 Reported By: Dinesh Mourya Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jan 15, 2024 06:48 pm IST,  Updated : Jan 15, 2024 06:55 pm IST

पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि अगर मिलिंद को पहले से पता था कि पार्टी बदल गई है तो वो इतने वर्षों तक पार्टी में क्या कर रहे थे। इसका मिलिंद जवाब दें। वह पार्टी छोड़ देंगे यह अफवाह कई दिनों से चल रही थी।

पृथ्वीराज चव्हाण, मिलिंद देवड़ा, एकनाथ शिंदे- India TV Hindi
पृथ्वीराज चव्हाण, मिलिंद देवड़ा, एकनाथ शिंदे Image Source : FILE- ANI

मुंबईः कांग्रेस छोड़कर एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा के आरोपों पर पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने पलटवार किया है। सीनियर कांग्रेस नेता चव्हाण ने कहा कि देवड़ा को अगर इतनी घुटन रही थी तो वह पहले पार्टी छोड़कर क्यों नहीं गए। उन्होंने कहा कि मिलिंद देवड़ा जब तक मंत्री थे, सांसद थे और मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष थे तब तक कांग्रेस अच्छी थी लेकिन जब उन्हें हटा दिया गया तब कांग्रेस खराब हो गई। 55 साल से उनका परिवार कांग्रेस में है। कांग्रेस पार्टी का कल्चर क्या है ये मिलिंद देवड़ा को क्या पता नहीं था?

संसद जाना चाहते थे देवड़ा

 पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि आज किस बात का साक्षात्कार मिलिंद देवड़ा को हुआ जो इस तरह की बातें वह कर रहे हैं। अगर मिलिंद देवड़ा को इतनी घुटन रही थी तो वह पहले पार्टी छोड़कर चले जाते। दरअसल, मिलिंद देवड़ा हर हाल में संसद में जाना चाहते थे। मिलिंद देवड़ा दो बार भारी मतों से अरविंद सावंत से हार चुके थे। ठाकरे सेना के साथ हमारा गठबंधन है। जहां पर शिवसेना(UBT) के साथ हमारा गठबंधन है और जिसने दो बार मिलिंद को हराया है। हम कैसे उसे कह सकते हैं कि आप हट जाइए। सीट खाली करिए। ये बहुत मुश्किल था। 

बीजेपी से राज्यसभा जाने वाले थे लेकिन बात नहीं बनी

पूर्व सीएम ने कहा कि इसी बात की बारगेनिंग कर मिलिंद देवड़ा राज्यसभा की सीट मांग रहें थे। पिछली बार मिलिंद देवड़ा को शायद किसी ने भरोसा दिया था कि उन्हें राज्यसभा मिल जाएगी लेकिन ऐसा हुआ नहीं फिर भी वह लगातार कोशिश कर रहे थे। लोकसभा की सीट मांग कर वह राज्यसभा हासिल करना चाहतें थे। मिलिंद देवड़ा की बीजेपी से बातचीत हुई थी। वह यूपी से राज्यसभा का सदस्य बनना चाहते थे लेकिन बीजेपी से बात नहीं बन सकी। इसके बाद भी वह लगातार कोशिश कर रहे थे लेकिन उनकी मांग को किसी दल ने पूरा नहीं किया लेकिन अब लग रहा उनकी बात शिंदे से बन गई है।

संगठन में इस तरह से करना होता है काम

हमने भी पार्टी में कई मुद्दे रखे हैं, कई बार आपकी बात मान ली जाती है लेकिन कई बार आपकी बातें नहीं मानी जाती है। पार्टी इसी तरह से चलती है। इसमें कोई बड़ी बात नहीं है। अगर आप विचारधारा में यकीन रखते हैं तो पार्टी का नेता किस तरह से बर्ताव करता है वह कोई मायने नहीं रखता है। हम विचारधारा की वजह से इस पार्टी से जुड़े हुए हैं। संगठन में कुछ मुद्दों पर टकराव होता है, हर बार सभी की बातें मान नहीं ली जाती है, संगठन में इसी तरह से काम करना पड़ता है।

शिंदे गुट से मिल सकता है टिकट

शिंदे सेना इस बार मिलिंद देवड़ा को लोकसभा चुनाव में दक्षिण मुंबई सीट से उम्मीदवार बन सकती है या फिर अब जो राज्यसभा का चुनाव होना है। शिंदे गुट के पास एक सीट है वह मिलिंद देवड़ा को मिल सकती है। 

पहले थे इस्तीफा की थी अफवाह

पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि अगर मिलिंद को पहले से पता था कि पार्टी बदल गई है तो वो इतने वर्षों तक पार्टी में क्या कर रहे थे। इसका मिलिंद जवाब दें। मिलिंद देवड़ा बहुत नाराज है, आहत है। नाराजगी में कांग्रेस की आलोचना कर रहे हैं। वह पार्टी छोड़ देंगे यह अफवाह कई दिनों से चल रही थी। मुख्यमंत्री भी कह रहें कि यह तो ट्रेलर है पिक्चर बाकी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन सत्ता में आने वाला है। ऐसे में कोई पार्टी छोड़कर नहीं जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।