1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पुणे रेप केस पर सीएम देवेंद्र फडणवीस बोले- आरोपी हुआ गिरफ्तार, सच सबके सामने आएगा

पुणे रेप केस पर सीएम देवेंद्र फडणवीस बोले- आरोपी हुआ गिरफ्तार, सच सबके सामने आएगा

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Feb 28, 2025 04:17 pm IST,  Updated : Feb 28, 2025 04:17 pm IST

महाराष्ट्र के पुणे में हुए रेप मामले में आज महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस घटना के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और सच सबके सामने आएगा।

Pune rape case Maharashtra CM Devendra Fadnavis says accused has been arrested and he will be invest- India TV Hindi
पुणे रेप केस पर सीएम देवेंद्र फडणवीस का बयान Image Source : ANI

महाराष्ट्र के पुणे में हुए रेप मामले में आज राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बयान दिया है। उन्होंने कहा, "आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी जांच की जाएगी। सच सबके सामने आएगा। पुलिस कमिश्नर ने कुछ तथ्य पेश किए हैं, बाकी तथ्य जल्द ही सामने आएंगे। फोरेंसिक जांच के नतीजे हमारे सामने हैं और जल्द ही विस्तृत जानकारी सामने आएगी।" अमेरिका में भारतीय छात्रा नीलम शिंदे के साथ हुई दुर्घटना पर उन्होंने कहा, "ऐसी स्थिति में हमारी जिम्मेदारी है कि हम आगे आएं और मदद करें। मैं अमेरिकी वाणिज्य दूतावास और महावाणिज्यदूत को स्थिति को समझने और नीलम के परिवार को वीजा जारी करने के लिए धन्यवाद देता हूं, ताकि वे नीलम की देखभाल के लिए वहां जा सकें।"

आरोपी निकला हिस्ट्रीशीटर

बता दें कि बीते दिनों पुणे के स्वारगेट बस अड्डे में बस के अंदर 26 वर्षीय महिला से बलात्कार करने का मामला सामने आया था। इस मामले के आरोपी को शुक्रवार को शिरूर तहसील से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान दत्तात्रेय गाडे के रूप में हुई है, जोकि हिस्ट्रीशीटर है। दत्तात्रेय रामदास गाडे (37 वर्ष) पर मंगलवार तड़के पुणे के स्वारगेट बस अड्डे पर महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की एक बस के अंदर महिला से दुष्कर्म करने का आरोप है। गाडे के खिलाफ पुणे और पास के अहिल्यानगर जिले में चोरी, डकैती और चेन झपटमारी के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं और वह इनमें से एक अपराध में 2019 से जमानत पर बाहर था लेकिन अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपी पर घोषित किया गया था इनाम

दत्तात्रेय रामदास को पकड़ने के लिए राज्य भर के विभिन्न स्थानों पर 13 पुलिस दल तैनात किया गए थे। पुलिस ने बृहस्पतिवार को पुणे जिले की शिरूर तहसील में स्थित गन्ने के खेतों वाले इलाकों में तलाशी अभियान के दौरान श्वान दस्तों और ड्रोन की भी मदद ली थी। आरोपी के बारे में जानकारी देने पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। अधिकारियों ने बताया कि पुणे शहर और पुणे ग्रामीण पुलिस ने ड्रोन और डॉग स्क्वॉड के साथ गनत गांव में गन्ने के खेतों सहित तलाशी अभियान भी चलाया। 100 से अधिक पुलिसकर्मी गांव के चारों ओर तैनात किए गए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।