1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सुअर का बच्चा बचाने की कोशिश में पलटी बाइक, 2 युवकों की मौत-एक गंभीर; रोहित और मयंक थे परिवार के इकलौते सहारे

सुअर का बच्चा बचाने की कोशिश में पलटी बाइक, 2 युवकों की मौत-एक गंभीर; रोहित और मयंक थे परिवार के इकलौते सहारे

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Sep 29, 2026 10:47 pm IST,  Updated : Sep 29, 2026 10:47 pm IST

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में सोमवार रात बिनबा गेट-शांतिधाम मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई। रोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वहीं, मयंक के माता-पिता पहले ही गुजर चुके थे और वह अकेले रहकर नौकरी करता था।

मृतकों की फाइल फोटो।- India TV Hindi
मृतकों की फाइल फोटो। Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र के चंद्रपुर शहर के बिनबा गेट-शांतिधाम मार्ग पर सोमवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि चलती बाइक के सामने अचानक सुअर का बच्चा आ जाने से चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी। इस हादसे में तीनों युवकों के सिर पर गंभीर चोटें आईं जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरो ने 2 युवकों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान शहर के विठ्ठल मंदिर प्रभाग के बालाजी वार्ड, मुले हॉस्पिटल परिसर निवासी 27 वर्षीय रोहित मनोज शिंदे और गवली मोहल्ला मिलन चौक परिसर निवासी 30 वर्षीय मयंक अनुप शर्मा के रूप में हुई है। वहीं, विठ्ठल मंदिर प्रभाग के गोपालपुरी निवासी 20 वर्षीय साहिल महादेव बुरडकर गंभीर रूप से घायल हुआ है।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 8 बजे रोहित शिंदे, मयंक शर्मा और साहिल बुरडकर पल्सर बाइक से चोराला मार्ग से चंद्रपुर की ओर आ रहे थे। बाइक रोहित शिंदे चला रहा था, इसी दौरान बिनबा गेट-शांतिधाम मार्ग पर अचानक सुअर का बच्चा बाइक के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।

साहिल अस्पताल में भर्ती

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों ने पुलिस को जानकारी दी। रामनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया हालांकि डॉक्टरों ने रोहित शिंदे और मयंक शर्मा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल साहिल बुरडकर का शहर के प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने इस मामले में मर्ग दर्ज कर दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराया। मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। मामले की जांच रामनगर पुलिस ठाणे की पुलिस निरीक्षक प्रभावित एकुरके के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक कांबले कर रहे हैं।

रोहित-मयंक की मौत से परिवार में कोहराम

हादसे में जान गंवाने वाले रोहित शिंदे अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। वहीं, मयंक शर्मा के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। उसकी बहन दिल्ली में रहती है और मयंक चंद्रपुर में अकेले रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। तीनों युवक काम के सिलसिले में घर से निकले थे और हादसे का शिकार हो गए। रोहित और मयंक की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हादसे की खबर से विठ्ठल मंदिर प्रभाग में शोक की लहर है।

इससे 2 दिन पहले नवी मुंबई में ब्रेक फेल होने से बेकाबू बस ने कई गाड़ियों में टक्कर मार दी। हादसे में 9 लोग घायल हो गए।

(रिपोर्ट- मिलिंद दिन्डेवार)

यह भी पढ़ें-

1 महीने के बच्चे को बेचकर माता-पिता ने खरीदे गहने और स्मार्टफोन, 48 घंटे में चार लोगों के हाथों से गुजरा मासूम

श्राद्ध कर्म के दौरान झांसी के मऊरानीपुर की सुखनई नदी में बड़ा हादसा, एक ही परिवार के 5 लोगों की डूबने से मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।