1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: फडणवीस सरकार में इन तीन महिला अधिकारियों का होगा दबदबा, निभाएंगी अहम रोल

महाराष्ट्र: फडणवीस सरकार में इन तीन महिला अधिकारियों का होगा दबदबा, निभाएंगी अहम रोल

 Published : Dec 16, 2024 10:26 pm IST,  Updated : Dec 16, 2024 11:06 pm IST

महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में नई सरकार का गठन हो चुका है। नई सरकार में तीन महिला अधिकारियों का दबदबा होने वाला है। आइए जानते हैं इनके बारे में।

महाराष्ट्र में महिला अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी।- India TV Hindi
महाराष्ट्र में महिला अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी। Image Source : X (@SUNAINAHOLEY)

महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महायुति सरकार का गठन हो गया है। रविवार को नागपुर में 39 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही महायुति सरकार के मंत्रिपरिषद में सदस्यों की संख्या 42 हो गई है। मंत्रियों के शपथ के बाद देवेंद्र फडणवीस की सरकार पूरी तरह तैयार है। खास बात ये भी है कि इस सरकार में तीन महिला अधिकारी अहम रोल में हैं। आपको बता दें कि महाराष्ट्र में डीजीपी, मुख्य सचिव और सीएम के प्रधान सचिव, तीनों ही महत्वपूर्ण पदों की कमान महिला अधिकारियों को सौंपी गई है। आइए जानते हैं इन अधिकारियों के बारे में।

सुजाता सौनिक को मुख्य सचिव की जिम्मेदारी

महाराष्ट्र सरकार ने बीते 30 जून, 2024 को सुजाता सौनिक को राज्य की मुख्य सचिव के रूप में पदभार सौंपा था। इसके साथ ही सुजाता सौनिक महाराष्ट्र की पहली महिला मुख्य सचिव बन गई थीं। सुजाता जून, 2025 तक राज्य की मुख्य सचिव रहेंगी। आपको बता दें कि सुजाता सौनिक 1987 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। वह मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली हैं। सुजाता ने पूर्व आईएएस और बिहार के निवासी मनोज सौनिक से शादी की थी।

अश्विनी भिडे को प्रधान सचिव का पद

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नई सरकार में अश्विनी भिडे को प्रधान सचिव का कार्यभार सौंपा है। आपको बता दें कि अश्विनी भिडे 1995 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। वह मूल रूप से महाराष्ट्र की रहने वाली हैं। अश्विनी इससे पहले मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का पद संभाल रही थीं। अश्विनी भिडे को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पसंदीदा अफसरों में से एक माना जाता है। मुंबई में मेट्रो के नेटवर्क को बनाने में अश्विनी भिडे का अहम योगदान रहा है। इस कारण उन्हें 'मेट्रो वुमेन' के नाम से भी जाना जाता है।

रश्मि शुक्ला महाराष्ट्र की डीजीपी

साल 1988 बैच की आईपीएस अधिकारी रश्मि शुक्ला को महाराष्ट्र की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का पद सौंपा गया है। रश्मि शुक्ला महाराष्ट्र की पहली महिला हैं जो कि महाराष्ट्र की डीजीपी बनी हैं। उन्हें भी सीएम देवेंद्र फडणवीस का खास माना जाता है। रश्मि शुक्ला को हाल ही में एक्सटेंशन मिला है जिसके बाद वह साल 2026 तक महाराष्ट्र में डीजीपी के पद पर रहेंगी।

ये भी पढ़ें- पुलिस कांस्टेबल के साथ साइबर फ्रॉड, लोकल बेकरी पर स्कैन किया क्यूआर कोड और गंवा दिए लाखों

नाराज विधायकों को लेकर मंत्री गिरीश महाजन का बयान, बोले- हमारी संख्या बहुत बड़ी है

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।