1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. राहुल गांधी पर शरद पवार की टिप्पणी से भड़की कांग्रेस, कहा- महाराष्ट्र में स्थिर सरकार चाहिए तो चुप रहें

राहुल गांधी पर शरद पवार की टिप्पणी से भड़की कांग्रेस, कहा- महाराष्ट्र में स्थिर सरकार चाहिए तो चुप रहें

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 05, 2020 09:07 pm IST,  Updated : Dec 05, 2020 09:07 pm IST

महाराष्ट्र कांग्रेस की नेता और राज्य सरकार में मंत्री यशोमती ठाकुर ने शनिवार को एक बेहद ही महत्वपूर्ण बयान दिया है।

Sharad Pawar on Rahul Gandhi, Sharad Pawar statement on Rahul Gandhi, Sharad Pawar- India TV Hindi
शरद पवार ने एक मराठी अखबार को दिए इंटरव्यू में कहा था कि राहुल गांधी में निरंतरता की कमी नजर आती है। Image Source : PTI FILE

मुंबई: महाराष्ट्र कांग्रेस की नेता और राज्य सरकार में मंत्री यशोमती ठाकुर ने शनिवार को एक बेहद ही महत्वपूर्ण बयान दिया है। ठाकुर ने कहा है कि शिवसेना नीत महा विकास आघाड़ी (MVA) के घटक दल यदि राज्य में स्थिर सरकार चाहते हैं तो उन्हें कांग्रेस नेतृत्व पर टिप्पणी करना बंद कर देना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य की महिला और बाल विकास मंत्री यशोमती ठाकुर का बयान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कथित तौर पर टिप्पणी किए जाने की खबर के एक दिन बाद आया है।

‘कांग्रेस नेतृत्व पर टिप्पणी करना बंद कीजिए’

ठाकुर ने ट्वीट किया, ‘सभी को गठबंधन के मूलभूत नियमों का पालन करना चाहिए। एमपीसीसी की कार्यकारी अध्यक्ष होने के नाते मैं एमवीए के सहयोगियों से अपील करुंगी कि यदि आप महाराष्ट्र में स्थिर सरकार चाहते हैं तो कांग्रेस नेतृत्व पर टिप्पणी करना बंद कीजिए। हमारा नेतृत्व बहुत मजबूत और स्थिर है। एमवीए का गठन लोकतांत्रिक मूल्यों में हमारे पुरजोर विश्वास का परिणाम है।’ बता दें कि उद्धव ठाकरे नीत एमवीए सरकार में शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस साझेदार हैं। उन्होंने पिछले साल विधानसभा चुनाव के बाद हाथ मिला लिया था।

‘राहुल में निरंतरता की कमी नजर आती है’
कांग्रेस नेता के इस बयान को भले ही MVA के दल एक सामान्य प्रतिक्रिया बता रहे हों, लेकिन विपक्ष का कहना है कि सरकार में सब ठीक नहीं है। वहीं, पवार के बयान पर शिवसेना का कहना है कि राहुल गांधी पर एनसीपी नेता का बयान एक दिशा-निर्देश की तरह है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि यदि शरद पवार जैसे सीनियर नेता किसी पर ऐसी टिप्पणी करते हैं तो उसे मार्गदर्शन के रूप में लेना चाहिए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पवार ने एक मराठी अखबार को दिए इंटरव्यू में कहा था कि राहुल गांधी में निरंतरता की कमी नजर आती है। उन्होंने कहा था, ‘यहां कुछ सवाल हैं। निरंतरता कम नजर आती है।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।