Sunetra Pawar Oath Ceremony: सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम बनी हैं। शनिवार शाम पांच बजे उन्होंने मुंबई में लोकभवन में पद और गोपनीयता की शपथ ली। महाराष्ट्र के गवर्नर आचार्य देवव्रत ने सुनेत्रा पवार को शपथ दिलाई। अजित पवार के निधन के तीन दिन बाद उनकी जगह पत्नी सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का डिप्टी सीएम बनाया गया है। शनिवार दोपहर को NCP की विधायक दल की बैठक में सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना गया था। हालांकि, छगन भुजबल ने शुक्रवार शाम ही साफ कर दिया था कि सुनेत्रा ही अगली डिप्टी सीएम होंगी। अजित पवार महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम रहते हुए एक प्लेन क्रैश में मारे गए। 28 जनवरी को बारामती में उनका प्लेन क्रैश हो गया था।
- Hindi News
- महाराष्ट्र
- Sunetra Pawar Oath Ceremony: सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण समारोह में शरद पवार-सुप्रिया सुले नहीं पहुंचे, फडणवीस ही पेश करेंगे बजट
Sunetra Pawar Oath Ceremony: सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण समारोह में शरद पवार-सुप्रिया सुले नहीं पहुंचे, फडणवीस ही पेश करेंगे बजट
Sunetra Pawar News: अजित पवार के दुनिया से विदा होने के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का डिप्टी सीएम बनाया गया है। उन्होंने शनिवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। वह महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम हैं।
Sunetra Pawar Oath Ceremony
-
5:43 PM (IST) Jan 31, 2026
फडणवीस ही पेश करेंगे बजट
महाराष्ट्र सरकार का वित्त मंत्रालय अजित पवार के पास था। इस बार का बजट भी उन्हें ही पेश करना था। हालांकि, बजट पेश होने से कुछ दिन पहले ही प्लेन क्रैश में उनकी मौत हो गई। अब उनकी जगह सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाया गया है, लेकिन बजट मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ही पेश करेंगे।
-
5:27 PM (IST) Jan 31, 2026
सुनेत्रा पवार का शपथ ग्रहण समारोह पूरा
सुनेत्रा पवार का शपथ ग्रहण समारोह पूरा हो चुका है। इस दौरान एनसीपी नेताओं ने अजित पवार अमर रहे के नारे लगाए। कार्यक्रम पूरा होने का बाद सीएम देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, राज्यपाल आचार्य देवव्रत और नई डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार लोकभवन से निकल चुकी हैं।
-
5:17 PM (IST) Jan 31, 2026
बजट सत्र के लिए दिल्ली में हैं सुप्रिया सुले
सुप्रिया सुले दिल्ली में हैं। जब उनसे सवाल किया गया कि वह अपनी भाभी के शपथ ग्रहण समारोह में क्यों शामिल नहीं हुईं तो उन्होंने कहा कि वह लोकसभा के बजट सत्र में शामिल होने के लिए दिल्ली आई हैं। केंद्रीय बजट एक फरवरी को दोपहर 11 बजे पेश होगा। इस दौरान लोकसभा में बारामती से सांसद सुप्रिया सुले भी मौजूद रहेंगी।
-
5:08 PM (IST) Jan 31, 2026
महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम बनीं सुनेत्रा पवार
सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम की शपथ ले ली है। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में शरद पवार और सुप्रिया सुले नहीं पहुंचे। हालांकि, सीएम देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे कार्यक्रम में शामिल हुए। सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम हैं।
-
5:02 PM (IST) Jan 31, 2026
सुप्रिया सुले भी नहीं पहुंची लोकभवन
सुप्रिया सुले भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए लोकभवन नहीं पहुंची हैं। शरद पवार भी इस समारोह का हिस्सा नहीं बने हैं। हालांकि, महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे कार्यक्रम में मौजूद हैं। एनसीपी के नेता भी पहुंचे हैं।
-
4:50 PM (IST) Jan 31, 2026
लोकभवन पहुंचीं सुनेत्रा पवार
डिप्टी सीएम पद की शपथ लेने के लिए सुनेत्रा पवार लोकभवन पहुंच चुकी हैं। वह जल्द ही पद और गोपनीयता की शपथ लेंगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और एनसीपी के बड़े नेता भी मुंबई में लोकभवन पहुंच चुके हैं।
-
3:59 PM (IST) Jan 31, 2026
NCP के बड़े नेताओं ने सीएम फडणवीस को सौंपा पत्र
एनसीपी के बड़े नेता शनिवार को सीएम देवेंद्र फडणवीस के निवास वर्षा बंगलों पहुंचे। इन नेताओं ने विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सुनेत्रा पवार के नाम का पत्र सीएम को दिया। यही पत्र शाम के शपथग्रहण के लिए राज्यपाल के पास भेजा जाएगा।
-
3:41 PM (IST) Jan 31, 2026
सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण में शामिल नहीं होंगे शरद पवार
सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण समारोह में एनसीपी के संस्थापक शरद पवार शामिल नहीं होंगे। हालांकि, एनसीपी के वरिष्ठ नेता इसमें शामिल होंगे। राज्यपाल सुनेत्रा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
-
3:18 PM (IST) Jan 31, 2026
सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा से दिया इस्तीफा
सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है। वहीं, विधायक दल का नेता चुने जॉने के बाद सारे संवैधानिक अधिकार सुनेत्रा को दिए गए हैं। वह आज शाम को महाराष्ट्र के दूसरे डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेंगी।
-
2:54 PM (IST) Jan 31, 2026
फडणवीस ने NCP के फैसले का पहले ही किया समर्थन
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इससे पहले कहा था कि सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति का नेतृत्व करने वाली भारतीय जनता पार्टी दिवंगत अजित पवार के परिवार और उनकी पार्टी द्वारा लिए गए हर फैसले का समर्थन करेगी। फडणवीस ने नागपुर में संवाददाताओं से शुक्रवार को कहा था, ‘NCP उपमुख्यमंत्री पद के लिए जो भी फैसला लेगी, सरकार और भाजपा उस फैसले का समर्थन करेंगे। मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि हम अजित दादा के परिवार और NCP के साथ खड़े हैं।’
-
2:46 PM (IST) Jan 31, 2026
शाम 5 बजे लोक भवन में शपथ लेंगी सुनेत्रा पवार
NCP की राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार शनिवार को शाम 5 बजे लोक भवन में अपने दिवंगत पति और पार्टी प्रमुख अजित पवार के स्थान पर महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी। लोक भवन ने बताया कि राज्यपाल आचार्य देवव्रत शाम 4 बजे मुंबई पहुंचेंगे, जो अभी मसूरी में हैं।
-
2:30 PM (IST) Jan 31, 2026
सुनेत्रा पवार NCP विधायक दल की नेता चुनी गईं
महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को NCP विधायक दल की नेता चुन लिया गया है। NCP नेता दिलीप वलसे पाटिल ने सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता बनाने का प्रस्ताव रखा और मंत्री छगन भुजबल समेत अन्य नेताओं ने प्रस्ताव का समर्थन किया। इसके साथ ही सुनेत्रा का महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम होने का रास्ता साफ हो गया है।
-
2:20 PM (IST) Jan 31, 2026
NCP विधायक दल की बैठक हुई शुरू
महाराष्ट्र के विधानभवन में NCP विधायकों की विधायक दल की बैठक शुरू हो गई है। इस मीटिंग में पार्टी के सभी विधायक मौजूद हैं। विधानभवन में दिवंगत अजित पवार की तस्वीर भी रखी गई है, जिसे सभी ने प्रणाम किया और पुष्पाजंलि दी।
-
2:06 PM (IST) Jan 31, 2026
NCP के सभी विधायक विधानभवन पहुंचे
NCP के सभी विधायक महाराष्ट्र के विधानभवन में पहुंच गए हैं। विधायक दल की बैठक में छगन भुजबल सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव रखेंगे। इसपर विधायक अपना समर्थन देंगे और सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुन लिया जाएगा। इसके बाद शाम को 5 बजे सुनेत्रा पवार का शपथ ग्रहण कार्यक्रम होगा।
-
2:00 PM (IST) Jan 31, 2026
डेढ़ घंटे चली शरद पवार और पार्थ की मुलाकात
लगभग डेढ़ घंटे तक चली मुलाकात के बाद पार्थ पवार, शरद पवार के घर से निकले। सुप्रिया सुले खुद पार्थ को बाहर छोड़ने भी आईं। शपथ विधि और पार्टी में हुई अंतर्गत मीटिंगों के बारे में पार्थ ने सुप्रिया सुले और शरद पवार को सूचित किया। आज सुबह शरद पवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद ही शरद पवार के बयानों को देखते हुए पार्थ पवार पहुंचे थे।
-
1:53 PM (IST) Jan 31, 2026
विधानभवन के लिए निकलीं सुनेत्रा पवार
NCP के विधायक महाराष्ट्र में विधानभवन में पहुंचना शुरू हो गए हैं। थोड़ी देर में यहां विधायक दल की बैठक शुरू होगी, जिसमें सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना जाएगा। सुनेत्रा पवार भी अपने बंगले से विधान भवन के लिए रवाना हो गई हैं।
-
1:33 PM (IST) Jan 31, 2026
अजित दादा की मीटिंग का वीडियो एग्रीकल्चर एग्जीबिशन का है- तटकरे
सुनीत तटकरे ने कहा कि दोपहर 2 बजे लेजिस्लेचर मेंबर्स की मीटिंग होगी। इसमें ग्रुप लीडर का प्रोसेस किया जाएगा। लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सुनेत्रा पवार को चुने जाने की उम्मीद है। आज हमने एक वीडियो देखा जिसमें मीटिंग दिखाई गई है, यह मीटिंग बारामती में एक एग्रीकल्चर एग्जीबिशन के दौरान चाय पर हुई थी। इसके बाद अजित दादा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि लोकल बॉडी इलेक्शन के बारे में चर्चा हुई। अजित दादा ने खुद उस दिन की जानकारी ली थी जिस दिन चर्चा हुई थी और जर्नलिस्ट्स को दी थी। आज मीटिंग के बाद हम आपसे डिटेल में बात करेंगे।
-
1:13 PM (IST) Jan 31, 2026
'सूबे की हर तहसील में जाएगा अजित पवार का अस्थिकलश'
NCP नेता सुनील तटकरे ने कहा है कि उनकी पार्टी के नेता मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के दिवंगत नेता अजित पवार के अस्थिकलश को सूबे की हर तहसील में ले जाया जाएगा। तटकरे ने कहा कि जनभावना को ध्यान में रखकर सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाने का फैसला किया गया है। (रिपोर्ट: दिनेश मौर्य)
-
12:49 PM (IST) Jan 31, 2026
विधानभवन में होगी NCP विधायकों की बैठक
NCP के विधायक सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुनेंगे। इसके लिए विधानभवन में NCP के सारे विधायक थोड़ी देर में पहुंचेंगे और मीटिंग में इस निर्णय पर मुहर लगाएंगे। सुनेत्रा पवार अभी महाराष्ट्र के दोनों सदनों यानी विधानसभा और विधान परिषद की सदस्य नहीं हैं।
-
12:26 PM (IST) Jan 31, 2026
आज शाम 5 बजे सुनेत्रा पवार लेंगी शपथ
सुनेत्रा पवार की मुंबई के देवगिरि बंगले की बैठक खत्म हो गई है। इसमें प्रफुल पटेल, सुनील तटकरे और नरेश अरोड़ा भी मौजूद रहे। आज शाम 5 बजे सुनेत्रा पवार शपथ लेंगी और महाराष्ट्र की डिप्टी CM बनेंगी। इस बैठक में पार्टी प्रेसिडेंट के नाम पर भी चर्चा हुई है।
-
11:56 AM (IST) Jan 31, 2026
शरद पवार से मिलने उनके घर पहुंचे पार्थ
शरद पवार के बयान के बाद, अजित पवार के बड़े बेटे पार्थ पवार, शरद पवार से मिलने उनके बारामती के घर गोविंद बाग में मिलने पहुंचे। शरद पवार ने बयान दिया था कि उन्हें सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण की कोई जानकारी नहीं। अजित पवार की इच्छा थी कि दोनों एनसीपी का विलय हो जाए। वहीं, सुनेत्रा पवार मुंबई के सरकारी आवास देवगिरी बंगले पर हैं। सुनेत्रा से मिलने प्रफुल पटेल और सुनील तटकरे पहुंचे हैं।
-
11:38 AM (IST) Jan 31, 2026
सुनेत्रा पवार का मायका भी है राजनीतिक
अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के पिता भी राजनेता थे। सुनेत्रा पवार का मायका भी पॉलिटिक्स में सक्रिय रहा है। 1985 में अजित पवार से शादी करने से पहले तक वह सुनेत्रा पाटिल थीं, उसके बाद 1985 में उन्होंने अजित पवार से शादी की थी। उनके पिता बाजीराव पाटिल एक प्रभावशाली स्थानीय नेता थे और उनके भाई भी कई राजनीतिक पदों पर रहे। इसके बावजूद शादी के बाद उन्होंने राजनीति से दूरी बनाए रखी और परिवार को संभाला। उनके दो बेटे हैं, पार्थ पवार और जय पवार। कार्यकर्ता मानते हैं कि सुनेत्रा पर्दे के पीछे अजित पवार के अहम सलाहकारों में शामिल रहीं। 2023 में जब अजित पवार ने अपने चाचा शरद पवार से अलग होकर नेशलिस्ट कांग्रेस पार्टी को हासिल किया, तब पवार फैमिली में हालात बदल गए।
-
10:59 AM (IST) Jan 31, 2026
शरद पवार के बयान पर कुछ नहीं बोले NCP स्टेट चीफ
NCP-SCP प्रमुख शरद पवार के स्टेटमेंट पर NCP के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि इस मुद्दे पर मुझे कुछ नहीं कहना है। हमारी मीटिंग है और उसके बाद हम सभी मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। आज दोपहर में हमारी मीटिंग है, जिसके बाद हम सीएम से मिलेंगे और उन्हें अपनी बात रखेंगे। सीएम इस पर निर्णय लेंगे। हम उसके बाद सभी मुद्दों पर बात करेंगे।
-
10:52 AM (IST) Jan 31, 2026
सुनेत्रा को पॉलिटिक्स का व्यापक ज्ञान- सना मलिक
NCP विधायक सना मलिक ने कहा कि आज सभी विधायकों को विधानभवन में बुलाया गया है। हमें वजह नहीं बताई गई है, लेकिन जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक बैठक का मकसद विधानसभा दल के नेता पद के लिए सुनेत्रा पवार का नाम आगे बढ़ाना है। पिछले 2 दिनों से पार्टी वर्कर्स यह मांग कर रहे थे कि उन्हें दादा की जगह लाया जाए और डिप्टी सीएम बनाया जाए। सुनेत्रा पवार को पॉलिटिक्स का व्यापक ज्ञान है। उन्होंने बारामती में सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है।
-
10:27 AM (IST) Jan 31, 2026
पवार परिवार में शपथ ग्रहण को लेकर नाराजगी
पवार परिवार में एक धड़े की ये सोच है कि अजित पवार के 13 दिन के शोक के बाद ये फैसला लेना चाहिए था। सुनेत्रा पवार और उनके बेटे, पवार फैमिली के अन्य सदस्यों के संपर्क में शुक्रवार दोपहर अस्थि विसर्जन तक थे लेकिन शरद पवार को बिना बताए ही बीती रात वे बारामती से मुंबई निकल गए। अजित पवार के अंतिम संस्कार के तुरंत बाद इस कदम से नाराजगी है। कुछ दिन कि इंतजार करने के पक्ष में पवार परिवार था। शरद पवार के बारामती के घर गोविंद बाग में उनके पार्टी नेताओं के साथ बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में शरद पवार, सुप्रिया सुले,रोहित पवार, राजेंद्र पवार, युगेंद्र पवार और रणजीत पवार शामिल है।
-
9:54 AM (IST) Jan 31, 2026
अस्थि विसर्जन तक सुनेत्रा हमारे साथ में थीं- शरद पवार
शरद पवार ने कहा कि अस्थि विसर्जन तक सुनेत्रा हमारे साथ में थीं, लेकिन उपमुख्यमंत्री पद को लेकर कुछ बात नहीं कही। अजित पवार एक सक्षम और प्रतिबद्ध नेता थे, जिन्होंने वास्तव में जनता के लिए काम किया। वे जनसमस्याओं को गहराई से समझते थे और हमेशा यह सुनिश्चित करने का प्रयास करते थे कि लोगों को न्याय मिले।
-
9:39 AM (IST) Jan 31, 2026
सुनेत्रा पवार को ये फैसला लेना ही था- NCP प्रवक्ता
एनसीपी प्रवक्ता रूपाली पाटिल थोम्बारे ने कहा कि अजित पवार का निधन बेहद दुखद था। वे अब हमारे बीच नहीं हैं। सुनेत्रा पवार हम सबसे अधिक दुखी हैं। उन्होंने अचानक अपने पति को खो दिया। हम सभी कार्यकर्ताओं ने ही सुनेत्रा पवार से आग्रह किया है कि वे हमें शांत करें, अपना दुख भुलाएं और अजित दादा के कार्यशैली को अपनाएं। इसके लिए उन्होंने आज निर्णय लिया है जो उन्हें लेना ही था। सियासत में समय बहुत अहम होता है। जो लोग आज उनके पक्ष में बोल रहे हैं, वे उनके जिंदगी रहते उन पर टिप्पणी करते थे। सुनेत्रा पवार आज उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रही हैं।
-
9:12 AM (IST) Jan 31, 2026
दोपहर 2 बजे होगी NCP विधायक दल की बैठक
महाराष्ट्र विधानसभा और विधान परिषद में NCP के सदस्य आज दोपहर 2 बजे विधानसभा भवन में बैठक के लिए इकट्ठा होंगे। इसमें अजित पवार की पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को नेता चुना जाएगा। वह बीती रात अपने मुंबई स्थित आवास पर पहुंच चुकी हैं।
-
9:05 AM (IST) Jan 31, 2026
शपथ के बारे में कोई जानकारी नहीं- शरद पवार
सुनेत्रा पवार के आज महाराष्ट्र के डिप्टी CM के तौर पर शपथ लेने के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उनकी पार्टी ने ही यह तय किया होगा। दोनों एनसीपी के विलय को लेकर जयंत पाटिल और अजित पवार के बीच पिछले 4 महीने से चर्चा हो रही थी। चर्चा सकारात्मक दिशा में चल रही थी। 12 तारीख को सार्वजनिक घोषणा भी होने वाली थी।