1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. चालान काटने गए ट्रैफिक पुलिस ने ही तोड़ा नियम, लड़के ने पकड़ी गलती, फिर जो हुआ... वायरल हो रहा VIDEO

चालान काटने गए ट्रैफिक पुलिस ने ही तोड़ा नियम, लड़के ने पकड़ी गलती, फिर जो हुआ... वायरल हो रहा VIDEO

 Published : Oct 28, 2025 07:40 am IST,  Updated : Oct 28, 2025 07:40 am IST

ठाणे में ट्रैफिक पुलिस ने एक युवक को बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर रोका और नियमों का उल्लंघन करने पर चालान काटा। लेकिन इसके बाद युवक ने खुद ट्रैफिक पुलिस की गलती पकड़ ली और उसके बाद जो हुआ वो चर्चा का विषय बन गया।

traffic police- India TV Hindi
ठाणे में ट्रैफिक चालान पर हंगामा। Image Source : REPORTER INPUT

मुंबई से सटे ठाणे पश्चिम के वागले एस्टेट स्थित अंबिकानगर इलाके में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां ट्रैफिक पुलिस और एक युवक के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि ट्रैफिक पुलिस ने उस युवक को बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर रोका और नियमों का उल्लंघन करने पर चालान काटा। लेकिन इसके बाद युवक ने खुद ट्रैफिक पुलिस की गलती पकड़ ली और उन्हीं से जुर्माना भरवा लिया।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, चालान कटने के कुछ देर बाद ही पुलिसकर्मियों ने एक दूसरे बिना नंबर प्लेट वाले एक्टिवा वाहन को जब्त कर ट्रैफिक ऑफिस ले जाने की प्रक्रिया शुरू की। युवक ने देखा कि पुलिस ज़ब्त की हुई बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा पर सवार होकर ट्रैफिक ऑफिस जा रही है। उसने पुलिसकर्मियों का पीछा करते हुए उनका वीडियो रिकॉर्ड किया और यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

युवक ने तुरंत दौड़कर पुलिसकर्मियों को रोका और सवाल किया, ''आपकी बाइक की नंबर प्लेट कहां है? जब हम पर चालान काट रहे हैं, तो खुद नियम क्यों तोड़ रहे हैं?'' इस पर पुलिसकर्मियों ने सफाई दी कि यह गाड़ी कार्रवाई के लिए जा रही है लेकिन जब मामला बढ़ा तो जांच में सामने आया कि बाइक ट्रैफिक पुलिस के एक दोस्त की थी, जिस पर नंबर प्लेट और पुलिस का लोगो भी गलत तरीके से लगा था। ट्रैफिक पुलिस उपनिरीक्षक पंकज शिरसाट ने बिना नंबर प्लेट और पुलिस लोगो वाली बाइक पर कार्रवाई शुरू कर दी.

पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे लोग

घटना का वीडियो कुछ ही घंटों में वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। घटना के बाद कई लोग सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते नजर आए, वहीं कुछ लोगों ने युवक की गलती बताते हुए कहा कि नियमों का पालन न करने पर चालान काटना सही है। फिलहाल इस पूरे मामले में ठाणे ट्रैफिक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। वहीं, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं ट्रैफिक नियमों और पुलिस की छवि दोनों को प्रभावित करती हैं।

(रिपोर्ट- सय्यद नकी हसन)

यह भी पढ़ें-

Jeep पर आतिशबाजी कर बर्थडे मना रहे थे भाईजान, पुलिस ने भेजा 22500 ₹ का तोहफा, चालान देख उड़ गए होश

लड़की को छोड़ दिया मगर लड़कों का काट दिया चालान! देखें Video में क्या दिखा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।