1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. ठाणे: उल्हासनगर में बिल्डिंग का एक हिस्सा गिरा, 7 लोगों की मौत

ठाणे: उल्हासनगर में बिल्डिंग का एक हिस्सा गिरा, 7 लोगों की मौत

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 29, 2021 07:33 am IST,  Updated : May 29, 2021 02:45 pm IST

मुंबई से सटे ठाणे जिले के उल्हासनगर इलाके में एक 5 मंजिला इमारत का एक हिस्सा अचानक गिर जाने से उसमें दबे 7 लोगों की मौत हो गई है।

ठाणे: उल्हासनगर में...- India TV Hindi
ठाणे: उल्हासनगर में बिल्डिंग का एक हिस्सा गिरा, 7 लोगों की मौत Image Source : INDIA TV

मुंबई: मुंबई से सटे ठाणे जिले के उल्हासनगर इलाके में एक 5 मंजिला इमारत का एक हिस्सा अचानक गिर जाने से उसमें दबे 7 लोगों की मौत हो गई है। शुक्रवार देर रात करीब 9 बजे के करीब उल्हासनगर स्थित सिद्धि साईं इमारत का एक हिस्सा अचानक गिर गया। इमारत का भरभऱाकर गिरते ही पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई। घटनास्थ्ल पर चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और ठाणे महानगरपालिका की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबे में दबे हुए 7 शवों को बाहर निकाल लिया गया है। बताया जाता है कि यह इमारत लगभग 26 साल पुरानी थी। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपए मुआवाजा देने का ऐलान किया गया है।

ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख संतोष कदम ने बताया,‘‘मलबे से एक और शव बरामद होने से घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। इस दुर्घटना में तीन महिलाएं, तीन पुरुष और एक किशोर की मौत हो गई।’’ उन्होंने बताया मारे गए लोग दो परिवार से थे। यह इमारत 26वर्ष पुरानी है और इसमें 29 फ्लैट हैं। कदम ने बताया,‘‘ रात नौ बजे पांच फ्लैटों के लिविंग रूम वाला हिस्सा भरभरा कर गिर गया। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय आपदा मोचन बल और ठाणे आपदा मोचल बल के कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया।’’ अधिकारी ने बताया कि सातवां शव बरामद होने के बाद शुक्रवार रात 12.46 बजे तलाश अभियान बंद कर दिया गया। 

मृतकों की शिनाख्त पुनीत बाजोमल पंजवानी (17), दिनेश बाजोमल पंजवानी (40), दीपक बाजोमल पंजवानी (42), मोहिनी बाजोमल पंजवानी (65), कृष्ण इंदुचंद बजाज (24),अमृता इंदुचंद बजाज (54) और लवली बजाज (20) के तौर पर हुई है। शिंदे स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा,‘‘ राज्य सरकारे मारे गए लोगों के परिजनों को पांच लाख रुपए अनुग्रह राशि के तौर पर देगी।’’ 

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों ने इस क्षेत्र में यह दूसरी ऐसी घटना है। मंत्री ने कहा,‘‘ 1994-95 में स्थानीय निकाय ने कुछ अनधिकृत इमारतों के हिस्से, पिलर और रॉड गिरा कर इमारतों को गिरा दिया था। लेकिन ऐसा पाया गया है कि कुछ निर्माणकर्ताओं ने लोहे की छड़ों को ठीक करके और कुछ मरम्मत कार्य करके इमारत को नया रंग रूप दे दिया था और वे इमारते अब गिर रही हैं और मासूम लोगों की जान ले रही हैं।’’ उन्होंने उल्हासनगर नगर निगम के आयुक्त राजा दयानिधि को ऐसी इमारतों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और बिल्डरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 

इनपुट-भाषा

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।