1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. भारी बारिश के चलते कई ट्रेनें कैंसिल, कई का बदला समय; ये रूट डायवर्ट

भारी बारिश के चलते कई ट्रेनें कैंसिल, कई का बदला समय; ये रूट डायवर्ट

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 08, 2024 07:06 am IST,  Updated : Jul 08, 2024 08:19 am IST

बीते कई दिनों से हो रही बारिश की वजह से कई रेलवे ट्रैक्स पर जलभराव हो गया है। इस वजह से कई ट्रेनों का समय बदला गया है। वहीं कई ट्रेनों के रूट बदल दिए गए हैं।

बारिश के चलते कई ट्रेनों का बदला समय।- India TV Hindi
बारिश के चलते कई ट्रेनों का बदला समय। Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र में कल्याण और कसारा स्टेशन के बीच भारी बारिश के चलते जलभराव हो गया। इस वजह से लंबी दूरी की कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। इसके अलावा कुछ ट्रेन के समय में बदलाव और कुछ ट्रेन के यात्रा मार्ग को छोटा कर दिया गया है। मध्य रेलवे (CR) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि कल्याण और कसारा स्टेशन के बीच व्यवधान के बाद यातायात सीमित गति के साथ बहाल कर दिया गया। 

रेलवे ट्रैक को हुआ नुकसान

मध्य रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि वासिंद-खरदी खंड पर सुबह तीन बजे से सुबह छह बजे के बीच भारी बारिश और बाढ़ के कारण रेल पटरी के तटबंध क्षतिग्रस्त हो गए। इसमें एक ‘ओवरहेड उपकरण’ (ओएचई) का खंभा झुक गया और एक पेड़ उखड़ गया, जिससे मध्य रेलवे की सेवाएं बाधित हो गईं। उन्होंने कहा कि कल्याण-कसारा के बीच यातायात सीमित गति के साथ बहाल कर दिया गया है। 

इन ट्रेनों को किया गया कैंसिल

सेंट्रल रेलवे ने भारी बारिश की वजह से कई ट्रेनों को कैंसिल भी कर दिया है। सेंट्रल रेलवे ने एक्स पर कैंसिल की गई ट्रेनों की जानकारी दी है। इसमें 12110 (एमएमआर-सीएसएमटी), 11010 (पुणे-सीएसएमटी), 12124 (पुणे सीएसएमटी डेक्कन क्वीन), 11007 (सीएसएमटी - पुणे डेक्कन), 12127 (सीएसएमटी-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस) शामिल हैं।  

इन ट्रेनों का बदला समय

अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है, उनमें 16345 एलटीटी-तिरुवनंतपुरम एक्सप्रेस, 12289 सीएसएमटी-नागपुर दुरंतो एक्सप्रेस और 12145 एलटीटी-पुरी एसएफ एक्सप्रेस शामिल हैं। ट्रेन संख्या 20705 जालना-सीएसएमटी वंदे भारत एक्सप्रेस और मनमाड-सीएसएमटी सुपर फास्ट एक्सप्रेस की यात्रा को गंतव्य से पहले इगतपुरी में ही समाप्त कर दिया गया। 

ट्रेनों का बदला रूट

मध्य रेलवे के मुताबिक, कई ट्रेन का मार्ग परिवर्तन करके कल्याण-लोनावाला-पुणे-मिराज-लोंडा-मडगांव के रास्ते रवाना किया गया। इस खंड पर फंसी कई ट्रेन के यात्रियों के लिए पीने का पानी, बिस्किट और चाय की व्यवस्था की गयी। अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा यात्रियों की जानकारी के लिए स्टेशनों पर लगातार घोषणाएं की जा रही हैं। अधिकारी ने कहा कि रेल पटरी को साफ करने और खंड पर यातायात बहाल करने के लिए ‘टॉवर वैगन’ और अन्य मशीनों को काम पर लगाया गया। उन्होंने कहा कि 12.30 बजे रेल पटरी को सुरक्षित घोषित किया गया और 13.00 बजे खंड पर सीमित गति के साथ सामान्य यातायात फिर से शुरू हो गया। 

कई जगह अरुद्ध हुआ ट्रैक

अधिकारियों ने पहले कहा था कि सुबह लगभग 6.30 बजे, अटगांव और थानसिट स्टेशनों के बीच पटरियों पर मिट्टी आ गई और वासिंद स्टेशन के पास एक पेड़ गिरने से ट्रैक अवरुद्ध हो गया, जिससे व्यस्त मार्ग पर रेल यातायात बाधित हो गया। सीआर के एक प्रवक्ता ने सुबह कहा था, ‘‘कसारा और टिटवाला के बीच ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं।’’ इस बीच, कलंबोली-पनवेल क्षेत्र में लगभग 110 मिमी बारिश के कारण कलंबोली स्टेशन पर जलभराव हो गया। अधिकारी ने बताया कि अप और डाउन सेवाएं सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12.05 बजे तक निलंबित रहीं। उपनगरीय ट्रेन सेवाओं को मुंबई के अलावा ठाणे, पालघर और रायगढ़ सहित अन्य पड़ोसी क्षेत्रों की जीवन रेखा माना जाता है। मध्य रेलवे के उपनगरीय नेटवर्क के जरिये प्रतिदिन 30 लाख से अधिक लोग यात्रा करते हैं। (इनपुट- भाषा)

यह भी पढ़ें- 

चुनाव हारने के बाद एक्शन में नवीन पटनायक, इसे चुना अपना राजनीतिक सचिव, और भी कई फैसले

उत्तराखंड के चमोली में भूकंप से हिली धरती, रिक्टर स्केल पर इतनी रही तीव्रता

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।