नवी मुंबई: नवी मुंबई में लगातार हो रही बारिश के बीच नेरुल में बड़ा हादसा हो गया। अंडरग्राउंड तार से करंट सड़क पर उतर गया। इसकी वजह से रोड पर पैर रखते ही दो युवतियों को करंट लग गया। इससे वह पानी में गिर गईं। जानकारी के अनुसार, एल.पी. ब्रिज के नीचे बीकानेर स्वीट्स के सामने अंडरग्राउंड बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट होने से करंट फैल गया। सड़क से पैदल जा रही दो कॉलेज छात्राएं करंट लगने से पानी में गिर पड़ीं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों छात्राओं को रिक्शा की मदद से डी.वाई. पाटिल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही नेरुल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोनों छात्राएं 24 घंटे चिकित्सकीय निगरानी में
करंट की चपेट में आईं दोनों कॉलेज छात्राओं का अस्पताल में उपचार जारी है। चिकित्सकों ने एहतियात के तौर पर दोनों छात्राओं को 24 घंटे तक निगरानी में रखने का फैसला किया है। स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी। जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर मौजूद एक राहगीर ने तत्परता दिखाते हुए दोनों छात्राओं को वहां से सुरक्षित निकाला और तत्काल डी.वाई. पाटिल अस्पताल पहुंचाया, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सका।
इस बीच नवी मुंबई महानगर पालिका की महापौर ने भी अस्पताल पहुंचकर छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने पूरे मामले की जांच के आदेश देते हुए संबंधित अधिकारियों को घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
यहां देखें वीडियो
नाले के तेज बहाव में कार समेत पांच वाहन बहे, दो लोगों की जान बची
वहीं, मूसलाधार बारिश के कारण वसई के वाघराळ पाड़ा इलाके में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। नाले में अचानक आई बाढ़ के चलते पार्किंग में खड़ी तीन दोपहिया वाहन, एक वैगनआर कार और मारुति कंपनी की एक ईको कार तेज पानी के बहाव में बह गईं। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के दौरान ईको कार में मौजूद चंद्रकांत किणी ने अद्भुत सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। तेज बहाव के बावजूद उन्होंने दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। उनके इस साहसिक कार्य की स्थानीय नागरिकों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। देखते ही देखते तेज पानी का बहाव पार्किंग में खड़े वाहनों को बहाकर ले गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में भय का माहौल है।
रिपोर्ट- पुरुषोत्तम कन्नौजिया
ये भी पढ़ेंः मुंबई में बारिश से 2 की मौत, हाई टाइड की चेतावनी; पवई झील हुई ओवरफ्लो