1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. गोंदिया के मशहूर पर्यटन स्थल बोदलकसा जलाशय में नाव डूबने से बड़ा हादसा, दो युवकों की मौत

गोंदिया के मशहूर पर्यटन स्थल बोदलकसा जलाशय में नाव डूबने से बड़ा हादसा, दो युवकों की मौत

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jun 11, 2026 01:34 pm IST,  Updated : Jun 11, 2026 01:36 pm IST

गोंदिया ज़िले में बोदलकासा जलाशय के पानी में दो युवक लापता हो गए। यह घटना तब हुई जब नौ दोस्तों का एक ग्रुप बांध के दूसरी तरफ़ स्थित वाघदेव मंदिर में पूजा करने के बाद एक छोटी नाव से किनारे लौट रहा था। दोनों का शव आज मिला।

पर्यटन स्थल बोदलकसा जलाशय में नाव - India TV Hindi
पर्यटन स्थल बोदलकसा जलाशय में सर्च अभियान Image Source : REPORTER

गोंदिया। गोंदिया जिले के तिरोड़ा स्थित सुप्रसिद्ध पर्यटन स्थल बोदलकसा जलाशय से एक बेहद दिल दहला देने वाली  घटना सामने आई है। यहां दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने और घूमने गए 9 युवकों के ग्रुप में से दो युवकों की जलाशय में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोहित वसंत रहांगडाले और कुणाल सालिकराम भोंडे के रूप में हुई है, दोनों मृतक तिरोड़ा तहसील के ही ग्राम बरबसपुरा के निवासी थे। इस हादसे के बाद पूरे इलाके और विशेषकर बरबसपुरा गांव में मातम पसरा हुआ है।

पिकनिक मनाने आए थे दोस्त

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरबसपुरा गांव के 9 उत्साही युवकों का एक ग्रुप बोदलकसा जलाशय में बुधवार 10 जून को घूमने के लिए आया था। जलाशय के मनोरम दृश्य के बीच सभी दोस्त पानी की लहरों का आनंद लेने के लिए एक स्थानीय 'डोंगी' (छोटी नांव) में सवार होकर नौका-विहार (बोटिंग) करने निकल पड़े। लेकिन गहरे पानी में अचानक नांव का संतुलन बिगड़ गया और हादसा घटित हो गया।

नांव( बोट ) में सवार 9 दोस्तों में से मोहित वसंत रहांगडाले और कुणाल सालिकराम भोंडे गहरे पानी की चपेट में आ गए और तालाब में डूब गए, जबकि बाकी 7 दोस्तों अक्षय नरेंद्र बिसेन, राकेश राधेशाम लाडे, निखिल इंदल पटले, लक्की संजय रहांगडाले, प्रलय राधेशाम पारधी, मनीष रमेश कोकूडे और अविनाश श्रावण टेकाम को सुरक्षित बचा लिया गया है।

सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पहुंचे विधायक

जैसे ही इस भीषण हादसे की खबर क्षेत्र में फैली, हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए तिरोड़ा-गोरेगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजयभाऊ रहांगडाले ने बिना वक्त गंवाए तत्काल घटनास्थल पर दौड़ लगाई। विधायक ने खुद मौके पर मौजूद रहकर स्थानीय प्रशासन, जिला आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस और गोताखोरों का शाम का अंधेरा गहराने तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला लेकिन सफलता नहीं मिली।

आज सुबह मिले शव

इस खबर को लेकर आज गुरुवार 11 जून की सुबह से ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया  इस युद्धस्तर के खोज अभियान के बाद बोदलकसा जलाशय में डूबे दोनों युवकों के शवों को ढूंढ निकाला गया। बहरहाल, पुलिस ने शवों का स्पॉट पंचनामा करने के बाद लाशों को पोस्टमार्टम करने हेतु तिरोड़ा उप-जिला अस्पताल भेज दिया है। इस हादसे ने एक बार फिर जलाशयों और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के इंतजामों और लापरवाही को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस प्रशासन मौके पर मुस्तैद है और मामले की जांच कर रहा है।

रिपोर्ट- रवि आर्य  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।