ठाणे: उल्हासनगर के हीरा घाट परिसर में स्थित जर्जर ‘लेक व्यू’ नामक चार मंजिला इमारत कुछ ही पलों में ताश के पत्तों की तरह ढह गई। अचानक हुए इस हादसे से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।
मलबे में तब्दील हो गई इमारत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत गिरने से पहले जोरदार आवाज सुनाई दी और देखते ही देखते पूरी इमारत सड़क पर मलबे में तब्दील हो गई। हादसे के समय इलाके में लोगों की आवाजाही थी, लेकिन समय रहते लोग दूर हट गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पूरे इलाके में फैला धूल का गुबार
स्थानीय लोगों का कहना है कि इमारत पहले से ही बेहद जर्जर और खतरनाक घोषित की गई थी। इसके बावजूद आसपास लोगों की आवाजाही जारी थी। इमारत गिरने के बाद पूरे क्षेत्र में धूल का गुबार फैल गया और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जो कि सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
देखें वीडियो-
आसपास की अन्य इमारतों का हो रहा निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और मनपा प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रशासन ने इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। फिलहाल प्रशासन यह जांच कर रहा है कि इमारत को पहले खाली कराया गया था या नहीं, साथ ही आसपास की अन्य जर्जर इमारतों का भी निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
(रिपोर्ट- सुनील शर्मा)
यह भी पढ़ें-
'अब्बू मुझे अमरावती ले जाओ', 19 वर्षीय नवविवाहिता की दर्दनाक पुकार अनसुनी; अगले दिन मिला शव
नाले में पोछे का पानी फेंकने पर भिड़ गए पड़ोसी, पति-पत्नी को जमकर पीटा; घटना CCTV में कैद