महाराष्ट्र के उल्हासनगर में पीड़िता के घर के पास जमानत का जश्न मनाने वाले आरोपियों को पुलिस ने सबक सिखाया है। पुलिस ने छेड़छाड़ के आरोपियों को जमानत मिलने पर उन्हें दूसरी बार गिरफ्तार किया। इसके बाद पूरे शहर में उनकी परेड निकलवाई और माफी मांगने को कहा। इसके बाद से आरोपियों की अक्ल ठिकाने आ गई है। दोनों आरोपियों की पहचान रोहित बिपिन झा और आशिष झा के रूप में हुई है। ये दोनों हत्या के प्रयास और छेड़छाड़ के आरोप में जेल में बंद थे।
अदालत से जमानत मिलने के बाद जब वे उल्हासनगर लौटे, तो उनके समर्थकों ने ढोल-ताशे के साथ जुलूस निकालते हुए पीड़िता के घर के सामने पटाखे फोड़े और शक्ति प्रदर्शन किया। इस हरकत से इलाके में भय और तनाव का माहौल पैदा हो गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई। दोनों आरोपियों के खिलाफ नई धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें दोबारा गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इन आरोपियों को बाजार क्षेत्र में ‘कानूनी बारात’ के रूप में घुमाया, ताकि आम जनता के मन से डर खत्म हो और कानून का डर आरोपियों में बना रहे। पुलिस की कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
क्या है मामला?
27 अप्रैल की रात उल्हासनगर कैंप नंबर 2 स्थित रमाबाई टेकड़ी में शराब के नशे में हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की लोहे की तलवार और रॉड से पिटाई की गई। इस मामले में पुलिस ने दिवाकर और अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का मामला दर्ज किया था। हालांकि, दिवाकर यादव को जमानत मिलने के बाद, पटाखे फोड़ते हुए जुलूस निकालने का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
शराब पीने के दौरान हुआ विवाद
घटना के अनुसार, 27 अप्रैल की रात हंशु झा पीपल के पेड़ के पास शराब पी रहा था, तभी उसका मिलन साहनी से विवाद हो गया। इसके बाद दिवाकर यादव, सुनील यादव, प्यारेलाल यादव, ज्योति यादव ने एक अवैध समूह इकट्ठा किया और हंशु झा पर लोहे की तलवार और रॉड से हमला कर दिया। उन्होंने रेखा झा, बिपिन झा और रोहित झा आदि पर भी हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। इस मामले में उल्हासनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था।
दिवाकर यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग
इस मामले के आरोपी दिवाकर यादव को हाल ही में जमानत मिलने के बाद, 16 जुलाई को रमाबाई टेकड़ी इलाके में पटाखों और ढोल-नगाड़ों के साथ उसका जुलूस निकाला गया। इस जुलूस का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इससे पहले, 17 जुलाई को उल्हासनगर पुलिस ने छेड़छाड़ के एक मामले में बरी हुए रोहित झा के स्वागत जुलूस के कारण उसके खिलाफ मामला दर्ज किया था। दिवाकर यादव के खिलाफ भी ऐसा ही मामला दर्ज करने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की जा रही है।
(उल्हासनगर से सुनील शर्मा की रिपोर्ट)