नवरात्र उत्सव के दौरान गरबा पंडालों के लिए विश्व हिंदू परिषद ने एक नई गाइडलाइन जारी कर दी है। नई गाइडलाइन के तहत गरबा मंडप में जाने वाले व्यक्तियों के माथे पर तिलक लगाना होगा, हाथों में रक्षा सूत्र बांधना होगा और देवी की पूजा करनी होगी। इसके साथ ही उनके ऊपर गोमूत्र का छिड़काव भी किया जाएगा। सबसे अहम बात यह है कि पहली बार विश्व हिंदू परिषद ने गरबा मंडपों को हिदायत दी है कि प्रवेश द्वार पर प्रत्येक गरबा मंडप में भगवान विष्णु के वराह अवतार का चित्र लगाया जाए। मंडप में एंट्री करने वालों को वराह देवता का पूजन करना होगा उसके बाद ही उन्हें गरबा खेलने की अनुमति दी जाएगी। ये सारी जानकारी विश्व हिंदू परिषद के विदर्भ के महामंत्री प्रशांत तितरे ने इंडिया टीवी से खास बातचीत करते हुए दी।
गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित किया जाए
प्रशांत तितरे ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद ने अपनी गाइडलाइन जारी करते हुए कहा कि विदर्भ के अधिकांश गरबा मंडपों से उन लोगों की बातचीत हुई और सभी को यह बताया गया है कि इस तरीके का प्रिकॉशन लेना उन्हें जरूरी है। जो लोग हिंदू देवी-देवताओं को नहीं मानते हैं, उन्हें पूरी तरीके से गरबा मंडप में वर्जित किया जाए। कहीं ना कहीं गैर हिंदुओं के प्रवेश को रोकने के लिए एक उपाय के तौर पर विश्व हिंदू परिषद ने ये गाइडलाइन जारी की है। विश्व हिंदू परिषद में गरबा मंडपों से कहा है कि वराह अवतार की तस्वीर प्रवेश द्वार पर लगाएं और सिर्फ वराह अवतार की पूजा करने वालों को ही गरबा में प्रवेश दिया जाए। गरबा मंडप में प्रवेश करने वाले व्यक्ति को पहले वराह अवतार वाली तस्वीर की पूजा करनी होगी, फिर वह अंदर प्रवेश कर पाएगा।
वीएचपी बजरंग दल की होगी नजर
विश्व हिंदू परिषद के प्रशांत तितरे ने कहा कि प्रिकॉशन के तौर पर यह गाइडलाइन जारी की गई है। ऐसा देखा गया है कि पिछले कुछ वर्षों में लव जिहाद की घटनाएं ज्यादा हो रही हैं, इसलिए गैर हिंदू वहां पर न पहुंचे, इसलिए ये गाइडलाइन जारी की गई है। उन्होंने आगे ने बताया कि सभी गरबा मंडपों पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल की नजर रहेगी। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता छोटी-छोटी टोलियों में प्रत्येक गरबा मंडप में अपनी मौजूदगी रखेंगे।
यह भी पढ़ें-
जब PM मोदी ने नन्हे बालक को किया सैल्यूट, खुशी से झूम उठा बच्चा; देखें दिल छू लेने वाला VIDEO