पुणे के भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन क्षेत्र से एक बेहद डरावनी घटना सामने आई है। 2 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे एक युवक का पीछा कर उस पर दरांती (कोयता) से बेरहमी से हमला किया गया। पीड़ित की पहचान आदित्य सुनील कांबले के रूप में हुई है। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हुआ है और फिलहाल ICU में इलाज चल रहा है।
युवक के सिर पर लगे 30 से ज्यादा टांके
मिली जानकारी के अनुसार, आदित्य के सिर पर 30 से अधिक टांके लगे हैं। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि हमलावर युवक पर बार-बार वार कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल पर मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी रही और किसी ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस मामले में भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। हालांकि, पीड़ित के परिवार का आरोप है कि घटना की गंभीरता के बावजूद पुलिस ने हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) की धाराओं में मामला दर्ज नहीं किया है, बल्कि केवल खतरनाक हथियार से गंभीर चोट पहुंचाने (Grievous Hurt with Dangerous Weapon) की धारा लगाई गई है। यह घटना पुणे में कानून-व्यवस्था और बढ़ती हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।