1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. सिक्किम
  4. 50 साल का हुआ सिक्किम, स्थापना दिवस पर SKM ने निकाली तिरंगा यात्रा; PM ने दी शुभकामनाएं

50 साल का हुआ सिक्किम, स्थापना दिवस पर SKM ने निकाली तिरंगा यात्रा; PM ने दी शुभकामनाएं

 Edited By: Amar Deep
 Published : May 16, 2025 11:51 am IST,  Updated : May 16, 2025 11:51 am IST

सिक्किम का आज 50वां स्थापना दिवस है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने सिक्किम के लोगों को शुभकामनाएं दी। वहीं एसकेएम ने राज्य में तिरंगा यात्रा निकाली।

सिक्किम का 50वां स्थापना दिवस।- India TV Hindi
सिक्किम का 50वां स्थापना दिवस। Image Source : INDIA TV

गंगटोक: सिक्किम के लोग आज राज्य का 50वां स्थापना दिवस मना रहे हैं। आज से 50 साल पहले 16 मई 1975 के दिन ही सिक्किम भारत का 22 राज्य बना। इससे पहले यहां पर राजा का शासन हुआ करता था। सिक्किम में लोकतंत्र की शुरुआत भी आज ही के दिन से हुई। इस मौके पर सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (SKM) ने एमजी मार्ग से गंगटोक के पलजोर स्टेडियम तक तिरंगा रैली निकाली गई। इस रैली में ऑपरेशन सिंदूर के लिए भारतीय सशस्त्र बलों को समर्थन भी दिया गया। वहीं पीएम मोदी ने भी सिक्किम के लोगों को राज्य के स्थापना दिवस की बधाई दी। 

PM मोदी ने दी शुभकामनाएं

पीएम मोदी ने सिक्किम के स्थापना दिवस पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट की है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "सिक्किम के लोगों को उनके राज्य दिवस पर हार्दिक बधाई! इस वर्ष, यह अवसर और भी खास है क्योंकि हम सिक्किम के राज्य बनने की 50वीं वर्षगांठ मना रहे हैं! सिक्किम शांत सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और मेहनती लोगों के लिए जाना जाता है। इसने विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है। इस खूबसूरत राज्य के लोग हमेशा समृद्ध रहें।"

सीएम तमांग ने किया पोस्ट

सिक्किम के सीएम प्रेम सिंह तमांग ने एक पोस्ट में लिखा, इस ऐतिहासिक दिन पर, जब हम सिक्किम के राज्य बनने की 50वीं वर्षगांठ मना रहे हैं, मैं हर सिक्किमवासी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। 16 मई, 1975 हमारे इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ था। यह वह दिन था जब सिक्किम औपचारिक रूप से भारतीय संघ में शामिल हुआ और एक ऐसे भविष्य को अपनाया जो वादे, एकता और लोकतांत्रिक आकांक्षाओं से भरा था। हम एक साथ मिलकर एक ऐसे सिक्किम का निर्माण करने के लिए काम करते हैं जो दूरदर्शी, समावेशी, पर्यावरण के प्रति जागरूक और अपनी पहचान और मूल्यों में गहराई से निहित हो।

SKM ने निकाली तिरंगा यात्रा

वहीं सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (SKM) के कार्यकारी अध्यक्ष कुंगा नीमा लेप्चा ने कहा, "आज 50वां राज्य दिवस भी है। मैं राज्य के 50 वर्ष पूरे होने के इस ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थित होने के लिए सभी लोगों के प्रति आभार और शुभकामनाएं व्यक्त करना चाहता हूं। सीएम ने हमें आतंकवादियों पर भारत की जीत के सम्मान के रूप में इस तिरंगा यात्रा का आयोजन करने का निर्देश दिया था, इसलिए यह पूरे देश के साथ हमारी एकजुटता व्यक्त करने के लिए आयोजित किया गया है। इसके अलावा ऑपरेशन सिंदूर के लिए पीएम नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए भी यह आयोजित किया गया है, जिसने एक तरह से उन आतंकवादियों की गतिविधियों को शांत कर दिया जो इतने अमानवीय और क्रूर रहे हैं। आज हम पूरे देश के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त करने के लिए यहां आए हैं।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Sikkim से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें नॉर्थ ईस्ट