नई दिल्ली। नए साल पर नई गाड़ी खरीदना महंगा होने वाला है। मंगलवार को दो प्रमुख ऑटो कंपनियों हुंडई और निसान ने अपने-अपने वाहनों की कीमतों में वृद्धि किए जाने की घोषणा की है। बढ़ी हुई कीमतें एक जनवरी 2017 से लागू होंगी।
यह मूल्यवद्धि ऊंची लागत, विनिमय दर में उतार-चढ़ाव व विपणन खर्च के साथ ही साथ वाहनों में लगने वाले कल-पुर्जों के दाम में वृद्धि के कारण की जा रही है।
हुंडई मोटर इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (बिक्री, विपणन) राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि,
प्रस्तावित कीमत वृद्धि 1,00,000 रुपए तक होगी और यह इयोन से लेकर सेंटा फे तक सभी मॉडलों पर जनवरी 2017 से लागू होगी।
- उल्लेखनीय है कि कंपनी भारत में 3.27 लाख रुपए शुरुआती कीमत वाली इयोन से लेकर 31.98 लाख रुपए तक की एसयूवी सेंटा-फे बेचती है।
- जापान की कार कंपनी निसान अपने वाहनों के दाम अगले महीने से 30,000 रुपए तक बढ़ाएगी।
निसान मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक अरुण मल्होत्रा ने कहा,
कल-पुर्जों की लागत बढ़ने के कारण कीमत बढ़ाई जा रही है। कीमत में वृद्धि से लागत में वृद्धि के प्रभाव से निपटने में मदद मिलेगी और उद्योग में हमारी प्रतिस्पर्धा बनी रहेगी।
- कंपनी निसान और डैटसन ब्रांड के तहत वाहन बेचती है। उसकी छोटी कार डैटसन गो है, जिसकी कीमत 3.28 लाख रुपए (दिल्ली एक्सशोरूम) है।
- वहीं एसयूवी निसान टेरानो का मूल्य 13.75 लाख रुपए (दिल्ली एक्सशोरूम) है।
- इसके अलावा रेनो इंडिया ने भी इसी कारण अगले महीने से दाम में तीन प्रतिशत तक की वृद्धि की घोषणा की थी।
- टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने भी इसी प्रकार का ऐलान किया है।
- टाटा मोटर्स ने भी एक जनवरी से अपने वाहनों के दाम 25,000 रुपए तक बढ़ाने की घोषणा की है।