1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नवी मुंबई एयरपोर्ट से पुणे, बोरीवली, दादर का सफर होगा आसान! शुरू होगी ई-बस सेवा; महिलाओं-बच्चों को भी मिलेगा फायदा

नवी मुंबई एयरपोर्ट से पुणे, बोरीवली, दादर का सफर होगा आसान! शुरू होगी ई-बस सेवा; महिलाओं-बच्चों को भी मिलेगा फायदा

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Oct 06, 2026 06:56 am IST,  Updated : Oct 06, 2026 06:56 am IST

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अब पब्लिक ट्रांसपोर्ट के जरिए पुणे, बोरीवली और दादर पहुंचना आसान होने जा रहा है। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) 7 अक्टूबर से एयरपोर्ट से ई-शिवाई इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करेगा।

नवी मुंबई एयरपोर्ट से...- India TV Hindi
नवी मुंबई एयरपोर्ट से पब्लिक ट्रांसपोर्ट Image Source : PTI

मुंबई और नवी मुंबई के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) से अब शहर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचना पहले के मुकाबले आसान और किफायती होने जा रहा है। एयरपोर्ट से MSRTC की ई-शिवाई इलेक्ट्रिक बसें शुरू होने वाली हैं। इसके अलावा यात्रियों को मुफ्त शटल और निजी बसों की सुविधा भी मिलेगी। इससे खासकर उन लोगों को राहत मिलेगी, जो एयरपोर्ट से मुंबई के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों तक जाना चाहते हैं।

7 अक्टूबर से शुरू होगी ई-शिवाई बस सेवा

नवी मुंबई एयरपोर्ट से महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की ई-शिवाई इलेक्ट्रिक बस सेवा 7 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इन बसों के जरिए यात्रियों को दादर ईस्ट, बोरीवली और पुणे तक जाने की सुविधा मिलेगी। एयरपोर्ट से दादर ईस्ट का किराया ₹170, बोरीवली का ₹210 और पुणे का ₹450 रखा गया है। दादर जाने वाली बस सायन और अटल सेतु के रास्ते चलेगी, जबकि बोरीवली रूट एयरपोर्ट को मुंबई एयरपोर्ट टर्मिनल-1, बांद्रा और अटल सेतु से जोड़ेगा।

महिलाओं और बच्चों को आधा किराया

नई बस सेवा में कुछ यात्रियों को किराए में राहत भी मिलेगी। 12 साल से कम उम्र के बच्चों और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के साथ यात्रा करने वाली महिलाओं को आधा किराया देना होगा। इससे परिवारों और महिला यात्रियों के लिए एयरपोर्ट तक पहुंचना और आसान हो सकता है। इसके अलावा, ठाणे और नासिक के लिए भी बस सेवा शुरू करने की योजना है। इन सेवाओं को नवंबर के मध्य तक शुरू किए जाने की उम्मीद है।

मुंबई एयरपोर्ट के लिए मुफ्त शटल

NMIA से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए यात्रियों को एक और सुविधा मिलेगी। दोनों एयरपोर्ट के बीच हर घंटे मुफ्त शटल सेवा चलाई जाएगी। इसके अलावा BEST की 'चलो बस' पहल के तहत NMIA से अंधेरी ईस्ट के मरोल, बांद्रा, दादर और कोलाबा के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर तक रोजाना बसें चल रही हैं। NMMT भी एयरपोर्ट से खारकोपर, तारघर, बेलापुर, नेरुल, पनवेल और खांदेश्वर समेत कई जगहों के लिए बस सेवा दे रहा है।

मुंबई की कुछ इंटरनेशनल फ्लाइट्स भी आ सकती हैं नवी मुंबई

इसी बीच मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के पुनर्विकास को देखते हुए कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट से संचालित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हो रही है। इसके लिए नागर विमानन मंत्रालय ने एयरलाइन कंपनियों और अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है। टर्मिनल-1 का रीडेवलपमेंट जनवरी 2027 से शुरू होने की योजना है। ऐसे में NMIA पर उड़ानों का दबाव बढ़ सकता है। एयरपोर्ट तक आने-जाने के लिए ई-बस, शटल और अन्य सार्वजनिक परिवहन विकल्पों का विस्तार यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।

यह भी पढ़ें- 6 अक्टूबर से महंगी होंगी फ्लाइट टिकट, एक यात्री से 10,000 रुपये तक का फ्यूल सरचार्ज वसूलेगा इंडिगो

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।