1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. E85 Fuel: पेट्रोल से 20 रुपये सस्ता! पर क्या आपकी गाड़ी में डल सकता है यह फ्यूल? टैंक फुल कराने से पहले पढ़ लें ये खबर

E85 Fuel: पेट्रोल से 20 रुपये सस्ता! पर क्या आपकी गाड़ी में डल सकता है यह फ्यूल? टैंक फुल कराने से पहले पढ़ लें ये खबर

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jun 08, 2026 08:17 am IST,  Updated : Jun 08, 2026 08:17 am IST

बढ़ती पेट्रोल कीमतों और प्रदूषण की चिंता के बीच देश में एक नए तरह के ईंधन E85 की एंट्री हो गई है। लेकिन क्या हर गाड़ी में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है? आइए जानते हैं।

E85 फ्यूल vs पेट्रोल- India TV Hindi
E85 फ्यूल vs पेट्रोल Image Source : PTI/CANVA

भारत में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और विदेशी क्रूड ऑयल पर निर्भरता को कम करने की कोशिशों के बीच सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया गया है। हाल ही में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली में E85 फ्यूल लॉन्च किया है। जहां देश में नॉर्मल पेट्रोल की कीमत ₹100 प्रति लीटर (दिल्ली में ₹102/लीटर) के पार बनी हुई है, वहीं इस नए E85 फ्यूल को महज ₹82.12 प्रति लीटर की कीमत पर लॉन्च किया गया है। यह नया ईंधन नॉर्मल पेट्रोल की तुलना में करीब 20 रुपये प्रति लीटर सस्ता है। लेकिन क्या इस फ्यूल को हर कार या बाइक में E85 डाला जा सकता है? अगर नहीं, तो किन वाहनों के लिए यह फ्यूल बनाया गया है? आइए समझते हैं।

क्या है E85 फ्यूल?

E85 एक हाई-एथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल है, जिसमें 80 से 85 फीसदी एथेनॉल और 14 से 19 फीसदी पेट्रोल होता है। यह खास तौर पर फ्लेक्स-फ्यूल गाड़ियों के लिए तैयार किया गया है। ऐसे वाहन E20 से लेकर E100 तक के एथेनॉल मिश्रण पर आसानी से चल सकते हैं।

क्यों खास है यह नया ईंधन?

सरकार का मानना है कि E85 फ्यूल भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में मदद करेगा। चूंकि एथेनॉल का उत्पादन देश में ही होता है, इसलिए कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम हो सकती है। वहीं, सबसे बड़ा फायदा इसकी कीमत है। E85 की कीमत सामान्य पेट्रोल से लगभग 20 रुपये प्रति लीटर कम रखी गई है, जिससे वाहन चालकों का खर्च घट सकता है।

क्या आपकी गाड़ी में डल सकता है E85?

E85 फ्यूल केवल फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए बनाया गया है। यदि आपकी कार या बाइक सामान्य पेट्रोल इंजन वाली है, तो उसमें E85 का उपयोग नहीं किया जा सकता। फ्लेक्स-फ्यूल इंजन को विशेष तकनीक के साथ तैयार किया जाता है, ताकि वह हाई एथेनॉल मिश्रण को सुरक्षित तरीके से जला सके। गलत वाहन में E85 भरवाने से इंजन को नुकसान पहुंच सकता है।

पर्यावरण को भी होगा फायदा

E85 फ्यूल का एक बड़ा लाभ पर्यावरण से जुड़ा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, E85 पर चलने वाले फ्लेक्स-फ्यूल वाहन पारंपरिक पेट्रोल वाहनों की तुलना में लगभग 61 फीसदी कम ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन कर सकते हैं। इससे प्रदूषण कम होगा और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

इंजन की बेहतर परफॉर्मेंस

एथेनॉल का रिसर्च ऑक्टेन नंबर (RON) लगभग 108 होता है, जो सामान्य पेट्रोल से ज्यादा है। इससे इंजन बेहतर नॉक रेजिस्टेंस के साथ काम कर सकता है और परफॉर्मेंस में भी सुधार देखने को मिल सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा