1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. लो जी! Hyundai ने भी कर दिया कारों के दाम बढ़ाने का ऐलान, 1 जनवरी से अब गाड़ी खरीदनी पड़ेगी महंगी

लो जी! Hyundai ने भी कर दिया कारों के दाम बढ़ाने का ऐलान, 1 जनवरी से अब गाड़ी खरीदनी पड़ेगी महंगी

 Published : Dec 07, 2023 04:49 pm IST,  Updated : Dec 07, 2023 04:49 pm IST

हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड भारत में ग्रैंड आई10 निओस से लेकर इलेक्ट्रिक एसयूवी आईओएनक्यू5 तक की गाड़ियों की एक सीरीज बेचती है। इनकी कीमत 5.84 लाख रुपये से 45.95 लाख रुपये के बीच है।

जिंस की कीमतों में बढ़ोतरी को भी कंपनी ने बताया कारण।- India TV Hindi
जिंस की कीमतों में बढ़ोतरी को भी कंपनी ने बताया कारण। Image Source : ऑफिशियल वेबसाइट

कोरियाई ऑटोमोबाइल मैनुफैक्चरिंग कंपनी हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड भी आखिरकार 1 जनवरी से दाम बढ़ाने वाली कंपनियों की जमात में शामिल हो गई। कंपनी ने गुरुवार को अगले महीने से कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने का ऐलान कर दिया। भाषा की खबरों के मुताबिक, हालांकि कंपनी कीमतों में कितनी बढ़ोतरी करेगी, इसको लेकर कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट अभी नहीं किया है। लेकिन यह तय है कि दाम बढ़ेंगे।

 ₹5.84 लाख से ₹45.95 लाख तक की गाड़ी बेचती है कंपनी

खबर के मुताबिक, वाहन निर्माता हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड ने इसके पीछे कच्चे माल की बढ़ती लागत, विपरीत विनिमय दर और जिंस की कीमतों में बढ़ोतरी को वजह बताई है। आपको बता दें, कंपनी भारत में ग्रैंड आई10 निओस से लेकर इलेक्ट्रिक एसयूवी आईओएनक्यू5 तक की गाड़ियों की एक सीरीज बेचती है। इनकी कीमत 5.84 लाख रुपये से 45.95 लाख रुपये के बीच है।

जिंस की कीमतों में बढ़ोतरी भी बनी वजह

हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, कीमतों में बढ़ोतरी कच्चे दाम की बढ़ती लागत और कमजोर विनिमय दर और दूसरे कारणों के अलावा जिंस की कीमतों में बढ़ोतरी भी एक वजह है। एचएमआईएल के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) तरुण गर्ग ने कहा कि कंपनी हमेशा लागत बढ़ोतरी को यथासंभव हद तक वहन करने की कोशिश करती है और यह सुनिश्चित करती है कि ग्राहकों पर बोझ न पड़े।

कई कंपनियां पहले ही कर चुकी हैं ऐलान

हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड से पहले मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स,महिंद्रा एंड महिंद्रा, टोयोटा, ऑडी ने भी 1 जनवरी 2024 से गाड़ियों के दाम बढ़ाने की घोषणा कर दी है। करीब-करीब तमाम कंपनियों का एक ही तर्क है कि लागत में बढ़ोतरी के चलते हमें दाम बढ़ाना पड़ रहा है। आमूमन हर साल दिसंबर के महीने में कंपनियां कारों या दूसरी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान करती हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा