यामाहा मोटर इंडिया ने 3 लाख से अधिक स्कूटर मॉडल्स को रिकॉल (वापस बुलाया) किया है। कंपनी ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि कंपनी ने स्कूटर के ब्रेक पार्ट की खराबी सुधारने के लिए यह बड़ा कदम उठाया है। यामाहा मोटर इंडिया ने घोषणा की कि वह अपने RayZR 125 Fi Hybrid और Fascino 125 Fi Hybrid स्कूटर मॉडल के 3,06,635 यूनिट्स को रिकॉल कर रही है। कंपनी ने यह भी कहा कि रिकॉल के तहत प्रभावित सभी वाहनों में खराब ब्रेक पार्ट को नि:शुल्क बदला जाएगा, ताकि ग्राहक अपनी स्कूटर का सुरक्षित रूप से उपयोग कर सकें।
इन अवधि में बने स्कूटर में है खराबी
कंपनी के बयान के अनुसार, यह स्वैच्छिक रिकॉल अभियान उन 125cc स्कूटर मॉडल्स के लिए शुरू किया गया है, जो 2 मई 2024 से 3 सितंबर 2025 के बीच निर्मित हुए थे। यामाहा ने बताया कि इस स्वैच्छिक रिकॉल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कुछ ऑपरेटिंग कंडीशंस में सामने वाले ब्रेक कैलिपर का फंक्शन सीमित हो सकता है। यह समस्या RayZR 125 Fi Hybrid और Fascino 125 Fi Hybrid के कुछ यूनिट्स में पाई गई है।
RayZR 125 Fi Hybrid
यामाहा के स्कूटर RayZR 125 Fi Hybrid की दिल्ली में शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 74,300 रुपये है। यह दो वैरिएंट-रेज़र ड्रम और रेज़र डिस्क में उपलब्ध है। इसमें 125 cc एयर कूल्ड, 4-स्ट्रोक, SOHC, 2-वाल्व इंजन लगा है। इंजन 6.0kW(8.2PS)/6500r/min का मैक्सिमम पावर देता है और 10.3 N.m(1.1kgf.m)/5000 r/min का मैक्सिमम टॉर्क जेनरेट करता है। RayZR का इंजन SMG के साथ मिलकर ऑनबोर्ड बैटरी को चार्ज करता है। आप अपने फ़ोन पर Y-Connect ऐप का इस्तेमाल करके Yamaha Ray ZR 125 Fi Hybrid डिस्क वैरिएंट से कनेक्ट कर सकते हैं और ट्रिप डिस्टेंस, बैटरी वोल्टेज, एवरेज स्पीड, लास्ट पार्क की गई जगह और मालफंक्शन नोटिफिकेशन जैसे अतिरिक्त राइड की जानकारी पा सकते हैं।
Fascino 125 Fi Hybrid
यामाहा के इस स्कूटर की दिल्ली में शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 74, 910 रुपये है। यह भी दो वैरिएंट- फैसिनो ड्रम और फैसिनो डिस्क में उपलब्ध है। इसमें 125 cc एयर कूल्ड, 4-स्ट्रोक, SOHC, 2-वाल्व इंजन लगा है। इंजन 6.0kW(8.2PS)/6500r/min का मैक्सिमम पावर देता है और 10.3 N.m(1.1kgf.m)/5000 r/min का मैक्सिमम टॉर्क जेनरेट करता है। यामाहा फैसिनो 125 Fi हाइब्रिड स्टाइलिश और एक्साइटिंग कलर वेरिएंट में आती है, जैसे मेटैलिक ब्लैक, कूल ब्लू मेटैलिक और डार्क मैट ब्लू रंगों में खरीद सकते हैं।






































