1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. मारुति 5 जुलाई को लॉन्च करेगी 7 सीटर दमदार MPV Invicto, इतने लाख रुपये हो सकती है शुरुआती कीमत

मारुति 5 जुलाई को लॉन्च करेगी 7 सीटर दमदार MPV Invicto, इतने लाख रुपये हो सकती है शुरुआती कीमत

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jun 13, 2023 07:01 pm IST,  Updated : Jun 13, 2023 07:03 pm IST

तीन कतार वाली सीट से लैस एसयूवी/ एमपीवी खंड में पिछले वित्त वर्ष में लगभग 2.58 लाख वाहन बिके थे जिनमें से करीब 1.25 लाख वाहनों की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक थी।

एमपीवी ‘इनविक्टो- India TV Hindi
एमपीवी ‘इनविक्टो Image Source : FILE

भारतीय कार बाजार में अपनी हिस्सेदारी और मजबूत करने के लिए मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) एक और प्रीमियम एमपीवी लॉन्च करने जा रही है। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 5 जुलाई को 7 सीटर एमपीवी ‘इनविक्टो’ पेश करने जा रही है। एमएसआई के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (बिक्री एवं विपणन) शशांक श्रीवास्तव ने मंगलवार को कहा कि कंपनी तीन कतारों वाली सीट से लैस एमपीवी/ एसयूवी खंड में अपने कदम मजबूती से बढ़ा रही है। सूत्रों का कहना है कि इस एमपीवी (Multi purpose vehicles) की कीमत 18.5 लाख से लेकर 30 लाख रुपये तक हो सकती है। यह मारुति की सबसे महंगी गाड़ी होगी। श्रीवास्तव ने कहा कि इनविक्टो के लिए 19 जून से बुकिंग शुरू करने की योजना है।

देश में तेजी से बढ़ रही एमपीवी की मांग 

श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘हमें लगता है कि तीन कतार वाली सीट से लैस प्रीमियम एमपीवी / एसयूवी की मांग देश में तेजी से बढ़ रही है। बाजार में ऐसे ग्राहक हैं जो ऐसा प्रीमियम वाहन तलाश कर रहे हैं जो या तो एमपीवी या एसयूवी हो या फिर दोनों की खूबियों से लैस हो।’’ उन्होंने कहा कि तीन कतार वाली सीट से लैस एसयूवी/ एमपीवी खंड में पिछले वित्त वर्ष में लगभग 2.58 लाख वाहन बिके थे जिनमें से करीब 1.25 लाख वाहनों की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक थी। इस पहलू को ध्यान में रखते हुए एमएसआई अपने नए मॉडल इनविक्टो के साथ प्रीमियम खंड में पैर जमाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह खंड तेजी से उभर रहा है और बड़ा होता जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, Maruti Invicto 2.0-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ हाइब्रिड मोटर के साथ उपलब्ध होगी। यह इंजन 172bhp की पावर और 188Nm का टार्क पैदा करेगा। 

टोयोटा के साथ भागीदारी में डेवलप 

कंपनी का नया मॉडल इनविक्टो टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) के साथ भागीदारी में विकसित हाइब्रिड मॉडल टोयोटा हाइक्रॉस पर आधारित होगा। टोयोटा और सुजुकी के बीच वैश्विक साझेदारी के तहत यह मॉडल विकसित किया गया है। टीकेएम देश में पहले से ही इनोवा हाइक्रॉस मॉडल बेच रही है। इसी मॉडल को कुछ डिजाइन एवं अन्य बदलावों के साथ मारुति सुजुकी इनविक्टो के तौर पर बाजार में पेश करेगी। श्रीवास्तव ने कहा कि इनविक्टो के लिए 19 जून से बुकिंग शुरू करने की योजना है। इसे पांच जुलाई को बाजार में उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि एमएसआई 10 लाख रुपये से कम कीमत वाले वाहन खंड में लगभग 60 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ अगुवा है और अब ऊंची कीमत वाले वाहन खंड में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाने की योजना है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा