ऑटोमोबाइल मार्केट के लिए ये साल काफी शानदार गुजर रहा है। पिछले साल जीएसटी दरों में कटौती के बाद से अभी तक गाड़ियों की बिक्री में जबरदस्त तेजी जा रहा है। इस साल, कई ऑटोमोबाइल कंपनियों ने अपनी बिक्री और मार्केट में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए कई नए मॉडल लॉन्च किए हैं। अगर आप भी अपनी फैमिली के लिए कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं और पेट्रोल-सीएनजी वैरिएंट को लेकर कनफ्यूज हैं तो यहां हम आपकी सारी कन्फ्यूजन दूर कर देंगे। यहां आपको बताएंगे कि आपके लिए पेट्रोल और सीएनजी वैरिएंट में से कौन-सी कार ज्यादा फायदेमंद रहेगी।
किन लोगों के लिए फायदेमंद है सीएनजी कार
सीएनजी कार सिर्फ उन लोगों के लिए फायदेमंद साबित होती है, जिनकी रनिंग ज्यादा होती है। अगर आपकी मंथली रनिंग 1000 किमी या इससे ज्यादा है, तो ऐसी कंडीशन में आपके लिए सीएनजी कार चुनना फायदेमंद हो सकता है। लेकिन, अगर आपकी मंथली रनिंग 1000 किमी से कम है तो सीएनजी कार खरीदने का फैसला महंगा भी पड़ सकता है। दरअसल, पेट्रोल कार की तुलना में सीएनजी कार की कीमत लगभग 1,00,000 रुपये से 1,25,000 रुपये तक ज्यादा होती है। अगर आपकी मंथली रनिंग कम है तो ऐसी स्थिति में इस 1,00,000 रुपये से 1,25,000 रुपये तक के अंतर को बराबर करने में काफी समय लग जाता है और तब तक गाड़ी की कंडीशन भी काफी हद तक खराब हो जाती है।
कीमत के अंतर को बराबर करने में लग जाते हैं कई साल
मान लीजिए, आप टाटा पंच खरीदने का प्लान बना रहे हैं। पेट्रोल इंजन के साथ टाटा पंच के एडवेंचर वैरिएंट की कीमत 7.65 लाख रुपये है, जबकि इसके सीएनजी वैरिएंट की कीमत 8.65 लाख रुपये है। पेट्रोल इंजन वाले टाटा पंच की माइलेज लगभग 19 किमी प्रति लीटर है। जबकि इसका सीएनजी वैरिएंट एक किलो गैस में लगभग 27 किमी प्रति किलो है। अगर आपकी मंथली रनिंग लगभग 700 किमी भी है, तो इस हिसाब से आपको 1 लाख रुपये के अंतर को बराबर करने में लगभग साढ़े पांच साल लग जाएंगे।
कॉस्ट कैलकुलेटर
- पेट्रोल की कीमत: 102 रुपये प्रति लीटर
- सीएनजी की कीमत: 85 रुपये प्रति किलो
- पेट्रोल पर माइलेज: 19 किमी प्रति लीटर
- सीएनजी पर माइलेज: 27 किमी प्रति किलो
- मंथली रनिंग: 700 किमी
- सीएनजी के लिए एक्स्ट्रा पेमेंट: 1,00,000 रुपये
- पेट्रोल पर खर्च: 5.37 रुपये प्रति किमी
- सीएनजी पर खर्च: 3.15 रुपये प्रति किमी
- पेट्रोल का मंथली खर्च: 3758 रुपये
- सीएनजी का मंथली खर्च: 2204 रुपये
- मंथली सेविंग्स: 1554 रुपये
- एनुअल सेविंग्स: 18,650 रुपये
- 1 लाख रुपये बराबर करने में कितना समय लगेगा: 5 साल और 4 महीने
इसी तरह, आपकी मंथली रनिंग 1000 किमी भी है तो आपको 1 लाख रुपये बराबर करने में लगभग 3 साल और 8 महीने लग जाएंगे। अब आपको अंदाजा लग गया होगा कि सीएनजी गाड़ी खरीदना किन लोगों के लिए फायदेमंद है।