हैदराबाद। केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न किसान योजनाओं को लागू करने में गति लाने की जिम्मेदारी राज्यों की है। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार ने खेती की लागत को कम करने और उत्पादकता में सुधार लाने के लिए विभिन्न योजनाओं को शुरू किया है। इस संदर्भ में राज्य सरकारों को पर्याप्त धन दिए गए हैं और उन्हें उसे तेजी से उपयोग में लाना होगा।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सिंह ने कहा, कृषि राज्य का विषय है और कृषि योजनाओं को लागू करने की जिम्मेदारी राज्य सरकारों की है। मुझे उम्मीद है कि तेलंगाना सरकार केंद्रीय योजनाओं को तेजी से लागू करेगी। सिंह ने कहा, धन की कोई कमी नहीं है। राज्यों को उन्हें तेजी से उसे खर्च करना होगा। जिस गति से राज्य उसे खर्च करेंगे, हम वैसे राज्यों को उसी प्रकार से समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय को बढ़ाने के लिए फसल उत्पादकता बढ़ाने पर जोर दे रही है तथा सभी खेतों तक पानी की आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत राज्यों को धन दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- कृषि मंत्रालय ने बैंकों से कहा किसानों को समय पर दे कर्ज, मंजूरी प्रक्रिया को बनाया आसान
कृषि मंत्री ने कहा, हमारा लक्ष्य हर खेत को पानी की आपूर्ति करना है ताकि कृषि उत्पादन बढ़ सके। अधिक उपज देने वाले बीज और पौध उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में विभिन्न लागतों के मद में कमी करने के लिए केंद्र ने उर्वरकों की कीमतों को कम किया है और यूरिया को नीम लेपित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, किसानों को उनके उत्पाद के लिए बेहतर मूल्य प्राप्त हो, इस बात को सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय मंडियों की स्थापना की गई है। मंत्री ने कहा कि मौसम विभाग द्वारा सामान्य मानसून की भविष्यवाणी किए जाने के साथ सरकार को रिकॉर्ड खाद्यान्नों का उत्पादन होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- किसानों की कमाई बढ़ाने के लिए खेती के मशीनीकरण पर जोर, घटेगी लागत और बढ़ेगा उत्पादन