तोक्यो। एशिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था जापान के निवेशकों को भारत में निवेश के लिए आकर्षित करने के उद्देश्य से वित्त मंत्री अरुण जेटली ने इस देश की छह दिन की यात्रा के शुरू में दूरसंचार क्षेत्र की दिग्गज कंपनी साफ्टबैंक समूह के मुख्य कार्यकारी मासायोशी सन के साथ मुलाकात की। सॉफ्टबैंक समूह भारत के सौर उर्जा क्षेत्र में सबसे बड़ा निवेश करने की तैयारी में है।
वित्त मंत्री ने कहा कि सॉफ्टबैंक सहित कई निवेशक भारत के विकास की कहानी का हिस्सा बनने के लिए बुनियादी ढांचा क्षेत्र में निवेश करने के इच्छुक हैं। सन के साथ बैठक के बाद जेटली ने कहा, कई लोग हैं जो भारत के बुनियादी ढांचा क्षेत्र के विकास की कहानी का हिस्सा बनना चाहते हैं। इसका उदाहरण साफ्टबैंक है जिनके साथ मेरी बैठक हुई है। वे पहले ही सौर उर्जा क्षेत्र में सबसे बड़ा निवेश करने की तैयारी में हैं।
पिछले साल जून में सॉफ्टबैंक ने भारती एंटरप्राइजेज तथा ताइवान की फॉक्सकॉन टेक्नोलाजी ग्रुप के साथ संयुक्त उद्यम के गठन की घोषणा की थी जिसके जरिए उसका इरादा भारत के अक्षय उर्जा क्षेत्र में 20 अरब डॉलर का निवेश करने का है। सॉफ्टबैंक का इरादा भविष्य में निवेश की रफ्तार बढ़ाने का है। सन ने कहा, भारत का भविष्य काफी उज्ज्वल है। हम इंटरनेट कंपनियों के लिए तथा सौर उर्जा में निवेश के इच्छुक हैं। हम मजबूती से प्रतिबद्धता जताने का इरादा रखते हैं।
यह भी पढ़ें- भारत की पहली बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट गवाने के बाद होश में आया चीन, हाई-स्पीड रेल नेटवर्क के लिए तेज की कोशिशें
यह भी पढ़ें- देश में कुछ बैंक वैश्विक आकार के होना जरूरी, वित्त मंत्री ने किया बैंकों के विलय का समर्थन
सॉफ्टबैंक ने पिछले दो साल में भारत के प्रौद्योगिकी क्षेत्र में एक के बाद एक निवेश किया है। समूह ने ऑनलाइन-रिटेलिंग मार्केट प्लेस स्नैपडील में 62.7 करोड़ डॉलर का निवेश किया है। इसके अलावा वह टैक्सी सेवा एप ओला कैब्स में 21 करोड़ डॉलर का निवेश कर चुकी है। समूह ने 2011 भारतीय मोबाइल विज्ञापन नेटवर्क इनमोबी में 35 फीसदी हिस्सेदारी हासिल करने के लिए 20 करोड़ डॉलर का भुगतान किया है।
सॉफ्टबैंक का भारती समूह के साथ संयुक्त उद्यम भारती सॉफ्टबैंक भी है। इसने मोबाइल एप हाइक मैसेंजर में निवेश किया हुआ है। उसका अन्य निवेश रीयल एस्टेट हाउसिंग.कॉम, होटल बुकिंग एप ओयो रूम्स और ग्रोफर्स में है। सन ने इससे पहले भविष्यवाणी की थी कि अगले दस साल में भारत का ई-कामर्स उद्योग 500 अरब डॉलर का हो जाएगा। अपनी इस यात्रा के दौरान जेटली जापान के प्रधानमंत्री शिन्जो अबे से भी मुलाकात करेंगे।
जेटली 31 मई को सुजुकी मोटर के चेयरमैन ओसामू सुजुकी से भी मुलाकात करेंगे। सुजुकी मोटर भारत में वाहन क्षेत्र में सबसे बड़ा जापानी निवेशक है। सरकार 40,000 करोड़ रुपए के एनआईआईएफ के लिए निवेशकों को आकर्षित करना चाहती है। सरकार की एनआईआईएफ में 49 फीसदी हिस्सेदारी होगी जबकि बाकी हिस्सेदारी निजी निवेशकों के पास रहेगी।
यह भी पढ़ें- India–Japan Relations: जेटली पहुंचे जापान, आबे और इंडस्ट्रियल लीडर्स से करेंगे मुलाकात
यह भी पढ़ें- जापान में पहले रोबोट मोबाइल की बिक्री हुई शुरू, वॉकिंग एंड डांसिंग रोबोट की कीमत 1.21 लाख रुपए