नई दिल्ली। इक्विटी म्यूचुअल फंड में फरवरी के दौरान 6,500 करोड़ रुपए का नया निवेश हुआ। कुल मिलाकर चालू वित्त वर्ष के पहले 11 महीने (अप्रैल से फरवरी) में निवेशकों ने इसमें 62,000 करोड़ रुपए की पूंजी निवेश की है।
यह लगातार 11वां महीना है, जब इक्विटी योजनाओं में धन का प्रवाह बढ़ा है। इससे पहले, मार्च 2016 में 1,370 करोड़ रुपए की पूंजी निकाली गई थी।
बजाज कैपिटल के राष्ट्रीय प्रमुख (म्यूचुअल फंड) ए गौतम ने कहा कि,
बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद म्यूचुअल फंड के इक्विटी फंड में एसआईपी (सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) के जरिये अच्छा निवेश किया गया है। परंपरागत रूप से हर साल टैक्स बचत अवधि (जनवरी से मार्च) के दौरान ईएलएसएस संग्रह बढ़ता है। इसके अलावा निवेशकों में इक्विटी निवेश के जरिये दीर्घकालीन बचत को लेकर भरोसा है।
- एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड इन इंडिया के आंकड़ों के अनुसार इक्विटी कोष में फरवरी में शुद्ध प्रवाह 6,462 करोड़ रुपए रहा, जो इससे पिछले महीने में 4,880 करोड़ रुपए था।
- इसके साथ इक्विटी योजनाओं में कुल निवेश चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-फरवरी के दौरान 62,151 करोड़ रुपए रहा।
- अच्छे पूंजी प्रवाह से प्रबंधन अधीन परिसंपत्ति (एयूएम) बढ़कर फरवरी में 4.96 लाख करोड़ रुपए पहुंच गई, जो मार्च के अंत में 3.86 लाख करोड़ रुपए थी।
- चालू वित्त वर्ष में अब तक इक्विटी म्यूचुअल फंड में करीब 41 लाख निवेशक खाते या फोलियो जुड़े।