1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. PM Modi ने Dubai Expo को किया संबोधित, कहा- 'भारत है टैलेंट का पॉवर हाउस, विकास में दुनिया बने साझेदार'

PM Modi ने Dubai Expo को किया संबोधित, कहा- 'भारत है टैलेंट का पॉवर हाउस, विकास में दुनिया बने साझेदार'

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Oct 01, 2021 09:59 pm IST,  Updated : Oct 01, 2021 10:41 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुबई एक्सपो को ऑनलाइन संबोधित किया। इस दौरान उन्होनें कहा कि भारत टैलेंट का पॉवर हाउस है ऐसे में विकास के लिए दुनिया हमारी साझेदार बने।

PM Modi ने Dubai Expo में उपस्थिति लोगों को किया संबोधित, कहा- भारत टैलेंट का पॉवर हाउस, विकास में द- India TV Hindi
PM Modi ने Dubai Expo में उपस्थिति लोगों को किया संबोधित, कहा- भारत टैलेंट का पॉवर हाउस, विकास में दुनिया बने साझेदार Image Source : FILE PHOTO (PTI)

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्सपो 2020 दुबई में इंडिया पवेलियन के उद्घाटन अवसर पर निवेशकों को आमंत्रित करते हुए कहा कि भारत दुनिया के सबसे खुले देशों में से एक है और यह अधिकतम वृद्धि का मौका देता है। एक्सपो 2020 दुबई में मौजूद लोगों से एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि भारत टैलेंट का पॉवर हाउस है, ऐसे में विकास के लिए दुनिया हमारी साझेदार बने। भारत प्रतिभा का एक गढ़ है और प्रौद्योगिकी, अनुसंधान एवं नवाचार की दुनिया में तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा, "हमारी आर्थिक वृद्धि को पुराने उद्योगों और स्टार्ट-अप के मेल से गति मिल रही है।"

पीएम मोदी ने भारत के पवेलियन के विषय- 'खुलापन, अवसर और वृद्धि' का उल्लेख करते हुए कहा कि आज का भारत दुनिया के सबसे खुले देशों में से एक है। हमारा देश सीखने के लिए खुला है, दृष्टिकोण के लिए खुला है, नवाचार के लिए खुला है, निवेश के लिए खुला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निवेशकों को आमंत्रित करते हुए कहा, "भारत में आपको अधिकतम वृद्धि का भी मौका मिलेगा। पैमाने में वृद्धि, महत्वाकांक्षा में वृद्धि, परिणामों में वृद्धि। भारत आएं और हमारी विकास गाथा का हिस्सा बनें।"

उन्होंने कहा कि 'पिछले सात वर्षों में भारत सरकार ने आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए कई सुधार किए हैं। हम इस प्रवृत्ति को जारी रखने के लिए और कोशिशें करते रहेंगे।' पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत अवसरों की भूमि है, चाहे वह कला हो या वाणिज्य, उद्योग या शिक्षा का क्षेत्र हो। उन्होंने कहा, "भारत में खोज का अवसर है, साझेदारी का अवसर है, प्रगति का अवसर है। भारत आएं और इन अवसरों को तलाशें। भारत आपको अधिकतम वृद्धि का भी मौका देता है। पैमाने में वृद्धि, महत्वाकांक्षा में वृद्धि, परिणामों में वृद्धि। भारत आएं और हमारी विकास गाथा का हिस्सा बनें।"

183 दिन चलेगा दुबई एक्सपो 

इससे पहले भारतीय दूतावास ने जानकारी देते हुए कहा था कि भारत एक अक्टूबर से शुरू हो रहे दुबई एक्सपो 2020 में अपनी कला, संस्कृति और व्यंजनों के साथ ही अपनी प्रमुख उपलब्धियों का प्रदर्शन करेगा। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भारत के राजदूत पवन कपूर ने कहा था, ‘‘यह बहुत स्पष्ट है कि हमारी जनसंख्या के अनुपात के आधार पर, यहां हमारे जिस तरह के संपर्क हैं, हम दुबई एक्सपो में सबसे बड़े भागीदार होंगे।’’ यह आयोजन 183 दिन तक चलेगा और 31 मार्च 2022 को खत्म होगा। 

इस दौरान भारतीय पवेलियन में दुनिया को भारत की सांस्कृतिक विविधता, प्राचीन धरोहर, व्यावसायिक उपलब्धियों और अत्याधुनिक तकनीकों से परिचित कराया जाएगा। भारतीय पवेलियन दुबई एक्सपो 2020 में सबसे बड़े पवेलियन्स में से एक है।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया था, ‘‘भारतीय पवेलियन में दुनिया, देश की सांस्कृतिक विविधता, प्राचीन धरोहर, व्यावसायिक उपलब्धियों और अत्याधुनिक तकनीकों के साथ अग्रणी अवसरों का अनुभव करेगी। इसमें एक आधुनिक भारत के साथ ही भारतीय कला, संस्कृति और व्यंजनों को प्रदर्शित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 183 दिन तक चलेगा।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा