1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 19 महीने के निचले स्‍तर पर आई बुनियादी क्षेत्र की वृद्धि दर, जनवरी में रही 1.8 प्रतिशत

19 महीने के निचले स्‍तर पर आई बुनियादी क्षेत्र की वृद्धि दर, जनवरी में रही 1.8 प्रतिशत

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Feb 28, 2019 07:34 pm IST,  Updated : Feb 28, 2019 07:34 pm IST

कच्चा तेल, रिफाइनरी उत्पादों और बिजली उत्पादन में जनवरी में क्रमशः 4.3 प्रतिशत, 2.6 प्रतिशत और 0.4 प्रतिशत की कमी देखी गई।

core sector growth- India TV Hindi
core sector growth Image Source : CORE SECTOR GROWTH

नई दिल्ली। कच्चे तेल, रिफाइनरी उत्पादों और बिजली के उत्पादन में नरमी से आठ बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर इस साल जनवरी में धीमी पड़कर 1.8 प्रतिशत रह गई, जो पिछले 19 महीने का सबसे निचला स्‍तर है।  कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पाद, उर्वरक, इस्पात, सीमेंट और बिजली के क्षेत्र में जनवरी, 2018 में 6.2 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई थी। 

कच्चा तेल, रिफाइनरी उत्पादों और बिजली उत्पादन में जनवरी में क्रमशः 4.3 प्रतिशत, 2.6 प्रतिशत और 0.4 प्रतिशत की कमी देखी गई। कोयला और सीमेंट उद्योग में भी वृद्धि दर कम होकर 1.7 प्रतिशत और 11 प्रतिशत पर रही। पिछले साल जनवरी में यह आंकड़ा क्रमशः 3.8 प्रतिशत और 19.6 प्रतिशत रहा था। 

हालांकि, आलोच्य महीने में प्राकृतिक गैस, उर्वरक और इस्पात उत्पादन में क्रमशः 6.2 प्रतिशत, 10.5 प्रतिशत और 8.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। बुनियादी क्षेत्र में धीमी वृद्धि का प्रभाव औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) पर भी पड़ेगा, क्योंकि कारखाने से कुल उत्पादन में इन क्षेत्रों की हिस्सेदारी 41 प्रतिशत होती है। 

वाणिज्य एव उद्योग मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल, 2018-जनवरी, 2019 के दौरान इन आठ क्षेत्रों में साढ़े चार प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष में यह आंकड़ा 4.1 प्रतिशत पर था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा