1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. क्‍या आपके पास भी है एक से ज्‍यादा ड्राइविंग लाइसेंस? जानिए मोदी सरकार क्‍या उठाने जा रही है कदम

क्‍या आपके पास भी है एक से ज्‍यादा ड्राइविंग लाइसेंस? जानिए मोदी सरकार क्‍या उठाने जा रही है कदम

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Sep 20, 2018 07:42 pm IST,  Updated : Sep 20, 2018 07:42 pm IST

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को कहा कि सरकार एक ही व्यक्ति को विभिन्न प्राधिकरणों द्वारा कई लाइसेंस जारी करने पर अंकुश लगाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस का डेटाबेस तैयार कर रही है।

nitin gadkari- India TV Hindi
nitin gadkari Image Source : NITIN GADKARI

नई दिल्‍ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को कहा कि सरकार एक ही व्यक्ति को विभिन्न प्राधिकरणों द्वारा कई लाइसेंस जारी करने पर अंकुश लगाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस का डेटाबेस तैयार कर रही है। मंत्री ने यह भी कहा कि भारत में कम-से-कम 22 लाख चालकों की कमी है और इस कमी को पूरा करने के लिए कुशल कार्यबल तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि बिना चालक वाली कारों को अनुमति देने का कोई सवाल नहीं है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा कि एक ही व्यक्ति को कई लाइसेंस जारी करने पर रोक लगाने के लिए सरकार ड्राइविंग लाइसेंस का डेटाबेस तैयार कर रही है। फिलहाल भारत में लाइसेंस प्राप्त करना काफी आसान है और ऐसे मामले हैं जहां लोगों ने विभिन्न राज्यों से कई लाइसेंस ले रखे हैं।  

उन्होंने कहा कि बिना परीक्षण के लाइसेंस जारी करने पर अंकुश लगाने के लिए सरकार चालकों को प्रशिक्षण देने के लिए कई प्रशिक्षण केंद्र स्थापित कर रही है। बिना पर्याप्त परीक्षण के लाइसेंस लेने के कारण बड़े पैमाने पर दुर्घटना हो रही हैं।

मंत्री ने यह भी कहा कि देश में कम-से-कम 22 लाख चालकों की कमी है और ऐसी परिस्थिति में देश में चालकरहित कारों को अनुमति देने का कोई सवाल नहीं है। ऐसा करने से युवाओं में रोजगार के अवसर घटेंगे। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कई पहल की जा रही हैं। इसमें सड़कों की बनावट में सुधार, चालकों को प्रशिक्षण, वाहनों का डिजाइन सुरक्षित बनाना तथा समस्या वाले क्षेत्रों की पहचान शामिल है।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा