1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. देश का विदेशी मुद्रा भंडार घटकर रह गया 400 अरब डॉलर, पिछले हफ्ते आई 3.32 करोड़ डॉलर की गिरावट

देश का विदेशी मुद्रा भंडार घटकर रह गया 400 अरब डॉलर, पिछले हफ्ते आई 3.32 करोड़ डॉलर की गिरावट

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Aug 25, 2018 05:04 pm IST,  Updated : Aug 25, 2018 05:04 pm IST

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 17 अगस्‍त को समाप्त सप्ताह में 3.32 करोड़ डॉलर घटकर 400.84 अरब डॉलर रह गया, जो 28100.7 अरब रुपए के बराबर है।

forex reserve- India TV Hindi
forex reserve Image Source : FOREX RESERVE

नई दिल्‍ली। भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 17 अगस्‍त को समाप्त सप्ताह में 3.32 करोड़ डॉलर घटकर 400.84 अरब डॉलर रह गया, जो 28100.7 अरब रुपए के बराबर है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से जारी साप्ताहिक आंकड़े के अनुसार विदेशी मुद्रा आस्तियों में गिरावट आने की वजह से यह कमी आई है। इससे पहले सप्‍ताह में मुद्रा भंडार 1.822 अरब डॉलर घटकर 400.881 अरब डॉलर रह गया था।

रिजर्व बैंक रुपए में अवमूल्‍यन को रोकने के लिए अमेरिकी डॉलर को बेच रहा है, जिसकी वजह से पिछले कुछ हफ्तों से मुद्रा भंडार में गिरावट दर्ज की जा रही है। केंद्रीय बैंक के मुताबिक, विदेशी मुद्रा भंडार को डॉलर में व्यक्त किया जाता है और इस पर भंडार में मौजूद पाउंड, स्‍टर्लिंग, येन जैसी अंतरराष्‍ट्रीय मुद्राओं के मूल्यों में होने वाले उतार-चढ़ाव का सीधा असर पड़ता है।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से जारी साप्ताहिक आंकड़े के अनुसार, विदेशी पूंजी भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा भंडार आलोच्य सप्ताह में 6.02 करोड़ डॉलर घटकर 376.20 अरब डॉलर रह गया, जो 26,403.7 अरब रुपए के बराबर है।

आलोच्य अवधि में देश का स्वर्ण भंडार 3.61 करोड़ डॉलर बढ़कर 20.72 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो 1,422.1 अरब रुपए के बराबर है। इस दौरान, देश का अंतरराष्‍ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ विशेष निकासी अधिकार (एसडीआर) का मूल्य 34 लाख डॉलर घटकर 1.46 अरब डॉलर हो गया, जो 101.7 अरब रुपए के बराबर है।

अंतरराष्‍ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में देश के मौजूदा भंडार का मूल्य 57 लाख डॉलर घटकर 2.45 अरब डॉलर दर्ज किया गया, जो 172.2 अरब रुपए के बराबर है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा