मुंबई। रत्न एवं आभूषणों का निर्यात जनवरी महीने में 8.45 प्रतिशत घटकर 21,146.59 करोड़ रुपए रह गया। रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्द्धन परिषद (जीजेईपीसी) ने यह जानकारी दी। वहीं अप्रैल, 2019 से जनवरी, 2020 के दौरान रत्न एवं आभूषण निर्यात 4.78 प्रतिशत घटकर 2,16,076.06 करोड़ रुपए रह गया। इससे पिछले वित्त वर्ष के पहले दस माह में यह 2,26,933.91 करोड़ रुपए रहा था।
Related Stories
इसी तरह जनवरी में तराशे और पॉलिश हीरों (सीपीडी) का निर्यात 4.92 प्रतिशत घटकर 11,757.08 करोड़ रुपए पर आ गया। इससे पिछले साल इसी महीने में यह 12,365.89 करोड़ रुपए रहा था। चालू वित्त वर्ष के पहले दस माह में तराशे और पॉलिश हीरों का निर्यात 16.04 प्रतिशत घटकर 1,14,982.97 करोड़ रुपए रहा, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 1,36,941.69 करोड़ रुपए पर रहा था।
वहीं जनवरी में सोने के आभूषणों का निर्यात 2.21 प्रतिशत घटकर 6,337.12 करोड़ रुपए रह गया, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष के इसी महीने में 6,480.26 करोड़ रुपए का निर्यात हुआ था। हालांकि, चालू वित्त वर्ष के पहले दस माह में सोने के आभूषणों का निर्यात 5.33 प्रतिशत बढ़कर 71,981.43 करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 68,340.74 करोड़ रुपए रहा था।