1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. GoAir ने आज से शुरू की 100 नई घरेलू उड़ान, दिल्‍ली सहित इन शहरों से उड़ेंगे विमान

GoAir ने आज से शुरू की 100 नई घरेलू उड़ान, दिल्‍ली सहित इन शहरों से उड़ेंगे विमान

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Sep 05, 2020 11:40 am IST,  Updated : Sep 05, 2020 11:40 am IST

गोएयर को उम्मीद है कि 21 सितंबर तक उसकी परिचालन क्षमता कोविड-19 से पूर्व के 45 प्रतिशत पर पहुंच जाएगी।

GoAir to add over 100 flights in domestic network - India TV Hindi
GoAir to add over 100 flights in domestic network Image Source : THE ECONOMIC TIMES

नई दिल्‍ली। किफायती सेवाएं देने वाली एयरलाइन GoAir ने शनिवार से शुरू हुए अपने घरेलू नेटवर्क में 100 से अधिक नई उड़ानों को जोड़ा है। इन उड़ानों में मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, कोलकाता, पुणे, लखनऊ, नागपुर, वाराणसी, जयपुर, पटना, रांची, गुवाहाटी, चंडीगढ़, श्रीनगर, लेह और जम्मू से नए कनेक्शन शामिल किए गए हैं।

गोएयर को उम्मीद है कि 21 सितंबर तक उसकी परिचालन क्षमता कोविड-19 से पूर्व के 45 प्रतिशत पर पहुंच जाएगी। वहीं 15 अक्टूबर तक परिचालन क्षमता बढ़कर 60 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी।

गोएयर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कौशिक खोना ने एक बयान में कहा कि घरेलू विमानन उद्योग की स्थिति धीरे-धीरे सुधर रही है। कई राज्यों द्वारा यात्रा पर अंकुश हटाए जाने के बाद इसमें और सुधार की उम्मीद है। ये नई उड़ानें हमारे घरेलू नेटवर्क को और मजबूत करेंगी, जिससे हमारे ग्राहकों को अपनी यात्रा की योजना बनाने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि गोएयर 5 सितंबर से शुरू होने वाली किसी भी उड़ान को रद्द नहीं करेगा, जिससे ग्राहको को असुविधा का सामना करना पड़े, अगर भविष्य में ऐसा होता भी है, तो हम यह भी सुनिश्चित करेगें कि ग्राहक को उनका पैसा रिफंड किया जाए।

बयान के अनुसार, गोएयर मुंबई से दिल्ली के लिए दो दैनिक उड़ानें, और मुंबई से अहमदाबाद, चेन्नई, नागपुर, पटना, रांची, वाराणसी और जयपुर के लिए एक दैनिक सेवा संचालित करेगा। इसी तरह, एयरलाइन मुंबई से लखनऊ के लिए सप्ताह में चार उड़ानें संचालित करेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा