1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सरकारी पेंशनर्स अब SMS या ऑनलाइन ले सकेंगे पेंशन संबंधी जानकारी, सरकार ने शुरू किया पोर्टल

सरकारी पेंशनर्स अब SMS या ऑनलाइन ले सकेंगे पेंशन संबंधी जानकारी, सरकार ने शुरू किया पोर्टल

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Sep 14, 2016 04:40 pm IST,  Updated : Sep 14, 2016 04:40 pm IST

करीब 11.61 लाख सरकारी पेंशनर्स अब अपनी पेंशन तथा शिकायतों की स्थिति के बारे में एसएमएस के जरिये जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

सरकारी पेंशनर्स अब SMS या ऑनलाइन ले सकेंगे पेंशन संबंधी जानकारी, सरकार ने शुरू किया पोर्टल- India TV Hindi
सरकारी पेंशनर्स अब SMS या ऑनलाइन ले सकेंगे पेंशन संबंधी जानकारी, सरकार ने शुरू किया पोर्टल

नई दिल्ली। करीब 11.61 लाख सरकारी पेंशनर्स अब अपनी पेंशन तथा शिकायतों की स्थिति के बारे में एसएमएस के जरिये जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा वे इसके बारे में ऑनलाइन भी जानकारी ले सकते हैं। इस कदम से वरिष्ठ नागरिकों की परेशानियों को कम किया जा सकेगा।

वित्त मंत्री अरुण जेटली ने एक वेब पोर्टल www.cpao.nic.in का उद्घाटन किया। इसके जरिये केंद्रीय सिविल पेंशनभोगी, पारिवारिक पेंशनभोगी तथा स्वतंत्रता सेनानी पेंशनभोगी अपने पूरे पेंशन ब्योरे की जानकारी ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा उन्‍हें पेंशन प्रक्रिया और अपनी शिकायतों के पंजीकरण तथा निपटान की जानकारी एसएमएस से भी मिल सकेगी।

यह वेबसाइट पेंशन संबंधी सभी तरह की जानकारी, शिकायतों के निपटारे के लिए एक प्रमुख जरिया होगी। इस वेबसाइट पर मोबाइल फोन के जरिये भी पहुंचा जा सकता है। इस पोर्टल की शुरुआत करते हुए जेटली ने कहा कि यह एक बेहद महत्वपूर्ण पहल है यह परेशानी कम करेगा।

जेटली ने कहा, किसी को भी परेशान नहीं किया जाना चाहिए, विशेषरूप से पेंशनभोगियों को, क्‍योंकि वे हमारे सबसे वरिष्ठ नागरिक हैं। उन्‍हें संसाधनों की जरूरत है और उनका जीवन इस संसाधन पर निर्भर करता है। ऐसे में किसी प्रकार की देरी या लालफीताशाही से उनके लिए काफी परेशानी की स्थिति पैदा हो सकती है। इस मौके पर लेखा महानियंत्रक एम जे जोसफ ने कहा कि पोर्टल से पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सकेगी। इससे पेंशनभोगियों की शिकायतों का निपटान अधिक बेहतर तरीके से हो सकेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा